चिंतपूर्णी में दीवारों पर लिखे मिले खालिस्तानी नारे, MC चुनाव में विधायकों को वोटिंग राइट पर सरकार से जवाब तलब, पढ़ें HP की 10 बड़ी खबरें

punjabkesari.in Thursday, Nov 30, 2023 - 12:15 AM (IST)

शिमला (ब्यूरो): हिमाचल प्रदेश के ऊना जिले में माता चिंतपूर्णी मंदिर के निकट दीवारों पर खालिस्तानी नारे लिखे मिले हैं। प्रदेश हाईकोर्ट ने नगर निगम में मेयर व डिप्टी मेयर के चुनाव में विधायकों के वोटिंग राइट को चुनौती देने वाली याचिका पर प्रदेश सरकार से जवाब तलब किया है। धर्मशाला के तपोवन में 19 से 23 दिसम्बर तक चलने वाले शीतकालीन सत्र के इस बार हंगामापूर्ण होने के पूरे आसार हैं। झारखंड के पूर्व मुख्य सचिव एवं चम्बा सदर से 2 बार विधायक रहे बीके चौहान (76) का बुधवार तड़के दिल्ली में निधन हो गया। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू बुधवार को दिल्ली के लिए रवाना हुए। हिमाचल में एवियन इन्फ्लूएंजा एच9एन2 वायरस के खतरे को देखते हुए अलर्ट जारी कर दिया गया है। चीन में फैले निमोनिया पर मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि हिमाचल में स्थिति नियंत्रण में है। प्रदेश हाईकोर्ट ने शिक्षा विभाग में बीआरसीसी भर्ती प्रक्रिया पर रोक लगा दी है। शक्तिपीठ श्री चिंतपूर्णी में खालिस्तानी नारे लिखे जाने के बाद बिलासपुर जिला पुलिस भी अलर्ट मोड पर आ गई है। मंडी में 20 से 26 दिसम्बर तक होने वाली अग्निवीर भर्ती रैली के जरूरी प्रबंधों को सुनिश्चित बनाने के लिए बुधवार को डीसी अरिंदम चौधरी की अध्यक्षता में प्रशासनिक स्तर पर बैठक आयोजित की गई। दिल्ली से आए श्रद्धालु ने 35 किलोग्राम चांदी का छत्र मां चिंतपूर्णी के दरबार में अर्पित किया। 

पढ़ें हिमाचल की बड़ी खबरें सिर्फ यहां

माता चिंतपूर्णी मंदिर के पास अनहोनी घटना, मंदिर की दीवारों पर लिखे मिले खालिस्तानी नारे
हिमाचल प्रदेश के ऊना जिले में माता चिंतपूर्णी मंदिर के निकट दीवारों पर खालिस्तानी नारे लिखे मिले हैं। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। इसके अलावा प्रतिबंधित संगठन ‘सिख फॉर जस्टिस' के प्रमुख गुरपतवंत सिंह पन्नू का एक वीडियो भी सार्वजनिक हुआ है जिसमें वह दीवारों पर उकेरी गई बातें दिखाते हुए कह रहा है कि....

मेयर-डिप्टी मेयर चुनाव में विधायकों को वोटिंग राइट पर प्रदेश सरकार से जवाब तलब
प्रदेश हाईकोर्ट ने नगर निगम में मेयर व डिप्टी मेयर के चुनाव में विधायकों के वोटिंग राइट को चुनौती देने वाली याचिका पर प्रदेश सरकार से जवाब तलब किया है। प्रार्थी ने नगर निगम में विधायक को मिले वोट के अधिकार के खिलाफ याचिका दायर की है।

धर्मशाला के तपोवन में 19 से 23 दिसम्बर तक चलेगा विधानसभा का शीतकालीन सत्र
धर्मशाला के तपोवन में 19 से 23 दिसम्बर तक चलने वाले शीतकालीन सत्र के इस बार हंगामापूर्ण होने के पूरे आसार हैं। सत्र के दौरान कुल 5 बैठकें होंगी तथा 1 दिन (21 दिसम्बर) गैर-सरकारी सदस्य कार्य दिवस के लिए निर्धारित किया गया है। राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ल की तरफ से सत्र के आयोजन को लेकर अधिसूचना जारी कर दी गई है। 

चम्बा सदर से 2 बार विधायक रहे बीके चौहान का निधन
झारखंड के पूर्व मुख्य सचिव एवं चम्बा सदर से 2 बार विधायक रहे बीके चौहान (76) का बुधवार तड़के दिल्ली में निधन हो गया। वह वर्ष 2007 से 2012 और वर्ष 2012 से 2017 तक 2 बार विधायक रहे। 

हिमाचल मंत्रिमंडल विस्तार की अटकलें फिर तेज, दिल्ली पहुंचे सीएम सुक्खू
मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू बुधवार को दिल्ली के लिए रवाना हुए। उनके दिल्ली रवाना होते ही मंत्रिमंडल विस्तार को लेकर अटकलें फिर तेज हो गई है। मंत्रिमंडल में इस समय 3 मंत्रियों के पद खाली पड़े हैं, जिसके लिए लंबे समय से कई दावेदारों के नाम प्रमुखता से उभरकर सामने आए हैं। 

हिमाचल में एवियन इन्फ्लूएंजा H9N2 को लेकर स्वास्थ्य विभाग ने जारी किया अलर्ट
हिमाचल में एवियन इन्फ्लूएंजा एच9एन2 वायरस के खतरे को देखते हुए अलर्ट जारी कर दिया है और राज्य के अस्पतालों को इस संबंध में सतर्क रहने और आवश्यक सावधानियां अपनाने के निर्देश दिए गए हैं। हालांकि अभी तक इस वायरस से राज्य में कोई संक्रमण नहीं हुआ है लेकिन इसके प्रसार को रोकने के लिए विशेष उपाय किए जा रहे हैं।

चीन में फैले निमोनिया पर बोले सीएम सुक्खू, कहा-हिमाचल में स्थिति नियंत्रण में
चीन में फैले निमोनिया पर मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि हिमाचल में स्थिति नियंत्रण में है। प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री चीन में हैं और फैलते निमोनिया को ध्यान में रखते हुए आवश्यक सावधानी बरत रहे हैं। उन्होंने कहा कि हमें सावधानी बरतने की जरूरत है। 

हाईकोर्ट ने शिक्षा विभाग में बीआरसीसी भर्ती प्रक्रिया पर लगाई रोक
प्रदेश हाईकोर्ट ने शिक्षा विभाग में बीआरसीसी भर्ती प्रक्रिया पर रोक लगा दी है। मुख्य न्यायाधीश की अध्यक्षता वाली खंडपीठ ने मायाराम शर्मा व अन्यों द्वारा दायर याचिका की प्रारंभिक सुनवाई के पश्चात यह आदेश पारित किया। याचिका में दिए तथ्यों के अनुसार प्रार्थीगण 21 वर्ष से अधिक समय से जेबीटी के पद पर कार्य कर रहे हैं।

चिंतपूर्णी में खालिस्तानी नारे लिखने के बाद पुलिस अलर्ट, पंजाब से लगती सीमाएं सील
खालिस्तानी समथर्क व सिख फॉर जस्टिस के नेता गुरपतवंत सिंह पुन्नू द्वारा शक्तिपीठ श्री चिंतपूर्णी में खालिस्तानी नारे लिखे जाने के बाद बिलासपुर जिला पुलिस भी अलर्ट मोड पर आ गई है। बिलासपुर पुलिस ने विश्व विख्यात शक्ति पीठ में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी है व जिले के साथ लगते पंजाब बॉर्डर पर भी विशेष पुलिस टीमें तैनात कर दी हैं। 

मंडी में अग्निवीर भर्ती रैली 20 से 26 दिसम्बर तक
मंडी में 20 से 26 दिसम्बर तक होने वाली अग्निवीर भर्ती रैली के जरूरी प्रबंधों को सुनिश्चित बनाने के लिए बुधवार को डीसी अरिंदम चौधरी की अध्यक्षता में प्रशासनिक स्तर पर बैठक आयोजित की गई। बैठक में एडीसी निवेदिता नेगी, एडीएम डाॅ. मदन कुमार व एसडीएम ओम कांत ठाकुर सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और सैन्य अधिकारी उपस्थित रहे। 

दिल्ली के श्रद्धालु ने मां चिंतपूर्णी के दरबार में चढ़ाया 35 किलो चांदी का छत्र
हिमाचल प्रदेश के ऊना जिला में स्थित विश्वविख्यात शक्तिपीठ मां चिंतपूर्णी के दरबार में रोजाना हजारों श्रद्धालु नतमस्तक होते हैं। इस दौरान श्रद्धालु मां के दरबार में नकदी, सोना, चांदी और बहुमूल्य वस्तुएं दान करते हैं। बुधवार को देश की राजधानी दिल्ली से आए श्रद्धालु देवेन्द्र भल्ला ने 35 किलोग्राम चांदी का छत्र मां चिंतपूर्णी के दरबार में अर्पित किया। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Related News