कुल्लू में अंतर्राष्ट्रीय दशहरा उत्सव का आगाज, क्रिप्टो करंसी स्कैम में 7 आरोपी गिरफ्तार, पढ़ें HP की 10 बड़ी खबरें

punjabkesari.in Wednesday, Oct 25, 2023 - 12:05 AM (IST)

शिमला (ब्यूरो): मंगलवार को भगवान रघुनाथ जी की रथयात्रा के साथ अंतर्राष्ट्रीय कुल्लू दशहरा उत्सव का आगाज हो गया। राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ल ने रथ मैदान में सप्ताह भर चलने वाले अंतर्राष्ट्रीय कुल्लू दशहरे का शुभारंभ किया। क्रिप्टो करंसी स्कैम में बड़ी कार्रवाई करते हुए एसआईटी ने 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने आने वाले लोकसभा चुनाव लड़ने को लेकर उठ रही अटकलों को विराम लगा दिया है। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने आरोप लगाया कि पूर्व भाजपा सरकार ने विद्युत परियोजनाओं में हिमाचल के हितों को बेचा। अंतर्राष्ट्रीय कुल्लू दशहरा उत्सव में इस बार 15 देशों की भागीदारी सुनिश्चित होगी। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने शिमला ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र के सुन्नी में 174 करोड़ रुपए की 18 विकास परियोजनाओं के लोकार्पण और शिलान्यास किए। आईसीसी वनडे वर्ल्ड कप मैच खेलने के लिए धर्मशाला आई न्यूजीलैंड की टीम मंगलवार को धर्मगुरु दलाईलामा से मिली। उधर, भारतीय क्रिकेट टीम के कोच राहुल द्रविड़, विक्रम राठौड़ व खिलाड़ी कुलदीप यादव व शुभमन गिल ने मंगलवार को त्रियुंड ट्रैक का रुख किया। राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान हमीरपुर में पुलिस ने 112.34 ग्राम चरस बरामद की है। वहीं नशे की ओवरडोज से एमटैक छात्र की मौत के मामले में गिरफ्तार 4 युवकों काे कोर्ट से 4 दिन का पुलिस रिमांड मिला है। कांगड़ा जिला के ठाकुरद्वारा के एक जिम में कसरत करते समय हृदय गति रुकने से एक युवक की मौत हो गई।

पढ़ें हिमाचल की बड़ी खबरें सिर्फ यहां

भगवान रघुनाथ जी की रथयात्रा के साथ अंतर्राष्ट्रीय कुल्लू दशहरा उत्सव का आगाज
मंगलवार को भगवान रघुनाथ जी की रथयात्रा के साथ अंतर्राष्ट्रीय कुल्लू दशहरा उत्सव का आगाज हो गया। ढालपुर रथ मैदान के ठीक सामने पहाड़ी पर स्थित भेखली गांव में देवी जगन्नाथी भुवनेश्वरी अपने लाव-लश्कर के साथ निकलीं और ठीक शाम सवा 5 बजे पहाड़ी पर कारकूनों ने ध्वर फहराया। 

राज्यपाल ने किया अंतर्राष्ट्रीय कुल्लू दशहरे का शुभारंभ
राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ल ने रथ मैदान में सप्ताह भर चलने वाले अंतर्राष्ट्रीय कुल्लू दशहरे का शुभारंभ किया। राज्यपाल ने भगवान श्री रघुनाथ जी की रथयात्रा में भी भाग लिया। इस अवसर पर लेडी गवर्नर जानकी शुक्ल भी उपस्थित थीं। राज्यपाल ने इस अवसर पर प्रदेशवासियों को दशहरे की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह पर्व सत्य की असत्य पर जीत का परिचायक है।

क्रिप्टो करंसी स्कैम में एसआईटी की बड़ी कार्रवाई, 7 आरोपियों को किया गिरफ्तार
क्रिप्टो करंसी स्कैम में बड़ी कार्रवाई करते हुए एसआईटी ने 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। करोड़ों रुपए की धोखाधड़ी से जुड़े इस मामले में गिरफ्तार किए गए आरोपियों की अलग-अलग भूमिकाएं सामने आई हैं। सभी आरोपियों को अदालत से 10 दिनों की पुलिस हिरासत में भेजा गया है। 

भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष JP Nadda ने नहीं लड़ेंगे आगामी लोकसभा चुनाव
भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने आने वाले लोकसभा चुनाव लड़ने को लेकर उठ रही अटकलों को विराम लगा दिया है। मंगलवार को बिलासपुर परिधि गृह में पत्रकार वार्ता करते हुए नड्डा ने कहा कि वह आने वाला लोकसभा चुनाव नहीं लड़ेंगे। 

पूर्व सरकार ने विद्युत परियोजनाओं में हिमाचल के हित बेचे, हमने थमाए नोटिस : सुक्खू
मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने आरोप लगाया कि पूर्व भाजपा सरकार ने विद्युत परियोजनाओं में हिमाचल के हितों को बेचा। उन्होंने आरोप लगाया कि पूर्व सरकार ने कार्यान्वयन समझौता हस्ताक्षरित किए बिना 210 मैगावाट की लूहरी चरण-1, 382 मैगावाट की सुन्नी परियोजना तथा 66 मैगावाट की धौलासिद्ध जल विद्युत परियोजनाओं पर निर्माण शुरू करवाया।

अंतर्राष्ट्रीय कुल्लू दशहरा उत्सव में होगी 15 देशों की भागीदारी 
मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि अंतर्राष्ट्रीय कुल्लू दशहरा उत्सव में इस बार 15 देशों की भागीदारी सुनिश्चित होगी। उन्होंने कहा कि पहली बार कुल्लू दशहरा में इतने देशों की भागीदारी सुनिश्चित हुई है। मुख्यमंत्री यहां पत्रकारों से अनौपचारिक बातचीत कर रहे थे।

मुख्यमंत्री ने सुन्नी में किए 174 करोड़ रुपए की विकास परियोजनाओं के लोकार्पण व शिलान्यास
मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने मंगलवार को शिमला ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र के सुन्नी में 174 करोड़ रुपए की 18 विकास परियोजनाओं के लोकार्पण और शिलान्यास किए। मुख्यमंत्री ने भविष्य में सुन्नी में एसडीएम कार्यालय खोलने तथा मिनी सचिवालय के निर्माण के लिए पर्याप्त धनराशि उपलब्ध करवाने का भी आश्वासन दिया। 

मैक्लोडगंज में बौद्ध धर्मगुरु दलाईलामा से मिले न्यूजीलैंड के खिलाड़ी
आईसीसी वनडे वर्ल्ड कप मैच खेलने के लिए धर्मशाला आई न्यूजीलैंड की टीम मंगलवार को धर्मगुरु दलाईलामा से मिलने मैक्लोडगंज पहुंची। भारत के हाथों शिकस्त के बाद न्यूजीलैंड खिलाड़ियों ने दलाईलामा से मुलाकात कर उनका आशीर्वाद लिया। 

भारतीय टीम के कोच राहुल व विक्रम राठौड़ के साथ त्रियुंड ट्रैक पर निकले ये खिलाड़ी
भारतीय क्रिकेट टीम के कोच राहुल द्रविड़, विक्रम राठौड़ व खिलाड़ी कुलदीप यादव व शुभमन गिल ने मंगलवार को त्रियुंड ट्रैक का रुख किया। सुबह 8 बजे ये सभी होटल से निकल गए थे। गलू चैक पोस्ट तक ये लोग गाड़ी में गए और इसके बाद ट्रैक पर निकले। कोच व खिलाड़ी त्रियुंड में कुछ समय रुके और दोपहर बाद वापस आ गए। 

NIT हमीरपुर से पुलिस ने बरामद की 112.34 ग्राम चरस, एक छात्र गिरफ्तार
राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान हमीरपुर में पुलिस ने 112.34 ग्राम चरस बरामद की है। इस मामले में बीटैक अंतिम वर्ष के एक छात्र को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने एनआईटी के हिमगिरी होस्टल के बीटैक अंतिम वर्ष के छात्र सुशील मिश्रा निवासी तेंदुयामाखी डाकघर लाहौरी तहसील महू जिला चित्रकूट (उत्तर प्रदेश) से छानबीन के दौरान 69.38 ग्राम चरस बरामद की।

NIT हमीरपुर के छात्र की मौत मामले में गिरफ्तार 4 युवक 4 दिन के पुलिस रिमांड पर भेजे
राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान हमीरपुर में नशे की ओवरडोज से एमटैक छात्र की मौत के मामले में गिरफ्तार 4 युवकों पर धारा 304 के तहत गैर-इरादतन हत्या का मामला दर्ज करने के बाद पुलिस इस मामले में अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है। 

जिम में कसरत करते समय हृदय गति रुकने से युवक की मौत
मंगलवार को ठाकुरद्वारा के एक जिम में कसरत करते समय हृदय गति रुकने से एक युवक की मौत हो गई। मृतक युवक की पहचान रिशु चौधरी (31) पत्र स्वर्गीय रवि कुमार निवासी अरला के रूप में की गई है। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Related News