विधानसभा में आऊटसोर्स के मुद्दे पर विपक्ष का वाॅकआऊट, राधाष्टमी के शाही स्नान पर डल झील में आस्था की डुबकी, पढ़ें HP की 10 बड़ी खबरें

punjabkesari.in Saturday, Sep 23, 2023 - 12:36 AM (IST)

शिमला (ब्यूरो): हिमाचल प्रदेश विधानसभा में मानसून सत्र के 5वें दिन आऊटसोर्स के मुद्दे पर सदन में शोर-शराबा हुआ तथा विपक्ष ने सदन से वाॅकआऊट किया। उत्तरी भारत की पवित्र मणिमहेश यात्रा के शाही स्नान को हजारों शिव भक्तों ने डल झील में डुबकी लगाई। सीएम सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि हिमाचल आगामी 4 साल में आत्मनिर्भर हो जाएगा और 10 वर्ष में प्रदेश देश के सबसे अमीर राज्यों में होगा। आईएएस अधिकारी के खिलाफ जारी पत्र बम का मामला शुक्रवार को विधानसभा में गूंजा। लोकसभा चुनाव से पूर्व प्रदेश सरकार के सामने 4 नगर निगमों में अक्तूबर में होने वाले मेयर व डिप्टी मेयर के चुनाव की बड़ी चुनौती खड़ी हो गई है। मुख्यमंत्री ने कहा कि हिमाचल प्रदेश वर्ष 2026 तक थर्मल पावर उपयोग को बंद करने वाला पहला राज्य बनेगा। सीएम ने कहा कि मुख्य संसदीय सचिव (सीपीएस) का पद संवैधानिक नहीं है लेकिन ये नियुक्तियां कानूत के तहत की गईं हैं। नेता प्रतिपक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा है कि झूठ बोलकर सरकार जमीनी हकीकत को नहीं बदल सकती। मानसून सत्र के 5वें दिन विधानसभा के बाहर अपनी मांगों को लेकर विभिन्न संगठनों ने अपनी आवाज बुलंद की। कांगड़ा जिला के उपमंडल इंदौरा के तहत नशा तस्करी के विरुद्ध चलाए गए अभियान में पुलिस ने एक भाई-बहन को चिट्टे की खेप के साथ गिरफ्तार किया है। 

पढ़ें हिमाचल की बड़ी खबरें सिर्फ यहां

विधानसभा में आऊटसोर्स के मुद्दे पर गर्माया सदन, विपक्ष ने किया वाॅकआऊट
हिमाचल प्रदेश विधानसभा में मानसून सत्र के 5वें दिन आऊटसोर्स के मुद्दे पर सदन में शोर-शराबा हुआ तथा विपक्ष ने सदन से वाॅकआऊट किया। शुक्रवार को सदन की कार्यवाही शुरू होते ही विपक्ष ने नियम 67 के तहत आऊटसोर्स कर्मियों को वेतन का भुगतान न होने तथा इनकी छंटनी के मुद्दे पर स्थगन प्रस्ताव लाया तथा इस पर चर्चा की मांग की।

राधाष्टमी के शाही स्नान पर डल झील में हजारों शिव भक्तों ने लगाई आस्था की डुबकी
उत्तरी भारत की पवित्र मणिमहेश यात्रा के शाही स्नान को हजारों शिव भक्तों ने डल झील में डुबकी लगाई। राधाष्टमी के उपलक्ष्य पर शाही स्नान को डल झील पर शिवभक्तों की भीड़ उमड़ पड़ी। इससे पहले संचुई गांव के त्रिलोचन महादेव के वंशज व मणिमहेश यात्रा के प्रमुख भागीदार शिव गुरों ने शुक्रवार दोपहर बाद डल झील को पार करने की परंपरा का निर्वहन किया। 

हिमाचल 4 साल में बनेगा आत्मनिर्भर, 10 साल में होगा देश का सबसे अमीर राज्य 
प्रदेश को विकास की दृष्टि से आगे ले जाने के लिए जो कार्य सरकार द्वारा किए जा रहे है, वे 2 वर्ष के भीतर धरातल पर दिखना शुरू हो जाएंगे। इसके साथ ही हिमाचल आगामी 4 साल में आत्मनिर्भर हो जाएगा और 10 वर्ष में प्रदेश देश के सबसे अमीर राज्यों में होगा। मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने शुक्रवार को नियम-130 के तहत विधायक जीत राम कटवाल की तरफ से लाए गए प्रस्ताव के जवाब में यह बात सदन में कही।

विधानसभा में गूंजा आईएएस अधिकारी के खिलाफ पत्र बम का मामला
आईएएस अधिकारी के खिलाफ जारी पत्र बम का मामला शुक्रवार को विधानसभा में गूंजा। भरमौर से विधायक डाॅ. जनक राज ने इस मामले को व्यक्तिगत स्पष्टीकरण देते हुए उठाया। इस पर मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि पत्र की जांच जारी है और जो भी व्यक्ति इसमें शामिल होंगे, सरकार उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई करेगी। 

हिमाचल के 4 नगर निगमों में अक्तूबर में होंगे मेयर व डिप्टी मेयर के चुनाव
लोकसभा चुनाव से पूर्व प्रदेश सरकार के सामने 4 नगर निगमों में अक्तूबर में होने वाले मेयर व डिप्टी मेयर के चुनाव की बड़ी चुनौती खड़ी हो गई है। शिमला को छोड़कर धर्मशाला, मंडी, सोलन व पालमपुर की नगर निगम में मेयर व डिप्टी मेयर का अढ़ाई वर्ष का कार्यकाल अक्तूबर में पूरा हो रहा है।

2026 तक थर्मल पावर उपयोग को बंद करने वाला पहला राज्य बनेगा हिमाचल
मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि हिमाचल प्रदेश वर्ष 2026 तक थर्मल पावर उपयोग को बंद करने वाला पहला राज्य बनेगा। उन्होंने यह बात विधायक चैतन्य शर्मा की तरफ से नियम-62 के तहत जैव ईंधन को लेकर नीति बनाए जाने को लेकर उठाए गए मामले का उत्तर देते हुए कही। उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य प्रदेश को वर्ष 2026 तक ग्रीन एनर्जी स्टेट बनाना है। 

CPS का पद संवैधानिक नहीं, कानून के तहत हुईं नियुक्तियां
मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि मुख्य संसदीय सचिव (सीपीएस) का पद संवैधानिक नहीं है लेकिन ये नियुक्तियां कानूत के तहत की गईं हैं। इसके लिए विधानसभा से कानून पारित किया गया, जिसको आधार बनाकर सरकार ने 6 सीपीएस के पद भरे हैं और 2 अभी भी खाली हैं। हालांकि सीपीएस अपने वाहन में तिरंगा नहीं लगा सकते।

जयराम ने साधा निशाना, बोले-झूठ बोलकर जमीनी हकीकत को बदल नहीं सकती सरकार
नेता प्रतिपक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा है कि झूठ बोलकर सरकार जमीनी हकीकत को नहीं बदल सकती। आज स्थिति यह है कि 10 माह के भीतर ही लोग सरकार के खिलाफ सड़कों पर उतर आए हैं। इससे स्पष्ट है कि सरकार पूरी तरह से फेल है। जयराम ठाकुर यहां पत्रकारों से अनौपचारिक बातचीत कर रहे थे। 

हिमाचलियों को 80 फीसदी रोजगार नहीं देने पर रुकेंगे उद्योगों के इन्सैंटिव
उद्योग मंत्री हर्षवर्धन चौहान ने ऐलान किया कि जो उद्योग 80 फीसदी हिमाचलियों को रोजगार नहीं देंगे, उनके इन्सैंटिव को रोका जाएगा। उन्होंने कहा कि सरकार प्रयास करेगी कि उद्योगों में हिमाचल के अधिक से अधिक लोगों को रोजगार मिले, साथ ही यह भी प्रयास किया जाएगा कि उद्योग अधिक से अधिक नियमित आधार पर कर्मचारियों की भर्ती करें। 

भाजपा कार्यालय में प्रदेश पदाधिकारी से धक्का-मुक्की, नियुक्तियों में मनमानी करने के लगे आरोप
भाजपा के जिला कार्यालय में उस समय माहौल गर्मा गया जब 2 पक्षों में तनाव पैदा हो गया। दोनों में बहस होने लगी और देखते ही देखते प्रदेश कार्यकारिणी के पदाधिकारी के साथ धक्का-मुक्की कर दी गई। काफी देर बाद दोनों पक्षों को शांत करवाया गया और माहौल को ठंडा करने का प्रयास किया गया। 

मानसून सत्र के 5वें दिन विधानसभा के बाहर विभिन्न संगठनों ने बुलंद की आवाज
मानसून सत्र के 5वें दिन विधानसभा के बाहर अपनी मांगों को लेकर विभिन्न संगठनों ने अपनी आवाज बुलंद की। विधानसभा के समीप चौड़ा मैदान में जहां कोविड वाॅरियर्ज अपनी मांगों को लेकर बैठे हुए हैं, वहीं शुक्रवार को सीटू के बैनर तले मिड-डे मील कर्मचारियों ने अपनी मांगों को लेकर प्रदर्शन किया। 

40 यात्रियों से भरी बस की ब्रेक फेल, चालक की होशियारी से बड़ा हादसा टला
सुप्पा-भरमौर रूट पर जा रही एचआरटीसी की एक बस के ब्रेक फेल हो गई। चालक की होशियारी से एक बड़ा हादसा टल गया। शुक्रवार सुबह लगभग साढ़े 9 बजे एचआरटीसी की बस (एचपी 73-4267) सुप्पा से भरमौर की तरफ जा रही थी। जैसे ही बस घरेड के चौबिया चौक के समीप पहुंची तो ब्रेक ने काम करना बंद कर दिया।

इंदौरा के छन्नी गांव में घर से 50.46 ग्राम चिट्टा बरामद, भाई-बहन गिरफ्तार
कांगड़ा जिला के उपमंडल इंदौरा के तहत नशा तस्करी के विरुद्ध चलाए गए अभियान में पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने चिट्टे की खेप सहित 2 मुख्य तस्करों को गिरफ्तार किया है। उक्त दोनों पेशेवर नशा तस्कर हैं, जिन पर पहले भी नशा तस्करी के कई मामले दर्ज हैं।
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Related News