कुल्लू के आनी में ताश के पत्तों की तरह ढहे 8 भवन, प्रदेश में आएगा 1483 करोड़ का निवेश, पढ़ें HP की 10 बड़ी खबरें
punjabkesari.in Friday, Aug 25, 2023 - 05:55 AM (IST)

शिमला (ब्यूरो): राज्य में 2 दिन यैलो अलर्ट के बाद मानसून शिथिल पड़ जाएगा, जिससे लोग राहत की सांस लेंगे। कुल्लू जिला के आनी में वीरवार को 8 बहुमंजिला इमारतें ताश के पत्तों की तरह ढह गईं। राज्य सरकार निवेश के 29 प्रस्तावों के माध्यम से 1483 करोड़ रुपए का निवेश प्राप्त करने में सफल रही है। कृषि मंत्री चंद्र कुमार ने केंद्र सरकार से हिमाचल को मिली राहत राशि हिमाचल को ऊंट के मुंह में जीरे के समान बताया है। कांगड़ा के दौलतपुर जलाड़ी में जल शक्ति विभाग का कनिष्ठ अभियंता बनेर खड्ड में बह गया। मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह ने आश्वस्त किया है कि प्रदेश सरकार हिमाचल में फंसे हुए सभी लोगों की तब तक देखभाल सुनिश्चित करेगी। प्रदेश सरकार ने वन विभाग में 180 डिप्टी रेंजर्ज को रेंज फोरैस्ट ऑफिसर के पद पर पदोन्नत किया है। मंडी जिला प्रशासन ने बालीचौकी उपमंडल के दुर्गम इलाके खोलानाला से फंसे 50 लोगों को सुरक्षित निकाल कर नगवाईं राहत शिविर में पहुंचा दिया है। समर हिल स्थित शिव बावड़ी मंदिर हादसे में मारे गए सभी 20 लोगों के शव बरादम कर लिए गए हैं। कांगड़ा जिला के तहत शाहनहर बैराज के 52 गेट के नीचे ब्यास दरिया में मगरमच्छ देखा गया है।
पढ़ें हिमाचल की बड़ी खबरें सिर्फ यहां
हिमाचल में 2 दिन रहेगा यैलो अलर्ट
राज्य में 2 दिन यैलो अलर्ट के बाद मानसून शिथिल पड़ जाएगा, जिससे लोग राहत की सांस लेंगे। मौसम विभाग के अनुसार शुक्रवार व शनिवार को यैलो अलर्ट रहेगा और उसके बाद किसी भी प्रकार का कोई अलर्ट नहीं रहेगा। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के निदेशक सुरिंद्र पाल के अनुसार 24 सितम्बर तक मानसून राज्य से विदा लेता है और अभी आगामी 5-6 दिनों तक मानसून शांत हो जाएगा।
कुल्लू से सामने आया तबाही का VIDEO, ताश के पत्तों की तरह ढह गईं 8 बहुमंजिला इमारतें
हिमाचल प्रदेश में मंगलवार रात हुई भारी बारिश के बाद भूस्खलन की घटनाओं में 12 लोगों की मौत हो गई और कुछ मकानों के क्षतिग्रस्त होने के अलावा 400 से अधिक सड़कें अवरूद्ध हो गईं। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों के दौरान राज्य के 12 में से छह जिलों में " भारी से भीषण बारिश और कुछ स्थानों पर अत्यधिक भीषणतम बारिश" होने का अनुमान जताते हुए बुधवार को ‘रेड अलर्ट' जारी किया।
हिमाचल में आएगा 1483 करोड़ का निवेश, 3961 को मिलेगा रोजगार
राज्य में आई प्राकृतिक आपदा के बीच राज्य सरकार निवेश के 29 प्रस्तावों के माध्यम से 1483 करोड़ रुपए का निवेश प्राप्त करने में सफल रही है। इससे प्रदेश में करीब 3961 लोगों को रोजगार के अवसर उपलब्ध होंगे। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह की अध्यक्षता में यहां राज्य एकल खिड़की स्वीकृति एवं अनुश्रवण प्राधिकरण (सिंगल विंडो) की 27वीं बैठक के दौरान निवेश के इन प्रस्तावों को मंजूरी प्रदान की गई।
हिमाचल को मिली राहत राशि ऊंट के मुंह में जीरे के समान
केंद्र सरकार ने जो राहत राशि हिमाचल को दी है, वह ऊंट के मुंह में जीरे के समान है। केंद्र ने 200 करोड़ रुपए की अग्रिम राहत राशि प्रदान की है लेकिन पता नहीं इसे हिमाचल को अगले साल मिलने वाली राहत राशि में से काटा जाएगा। बेहतर होता केंद्र सरकार हिमाचल को अलग से राहत पैकेज जारी करती। यह बात कृषि मंत्री चंद्र कुमार ने वीरवार को शिमला में मीडिया से अनौपचारिक बातचीत में कही।
बनेर खड्ड में बहा जलशक्ति विभाग का कनिष्ठ अभियंता, तलाश जारी
कांगड़ा के दौलतपुर जलाड़ी में वीरवार को उस समय हड़कंप मच गया जब दौलतपुर सैक्शन के कनिष्ठ अभियंता राजेश चौधरी निवासी सहौड़ा के बनेर खड्ड में बह जाने की बात सामने आई। बताया जा रहा है कि वह उठाऊ पेयजल योजना को सुचारू रूप से चलाने के लिए मौके पर अन्य कर्मियों के साथ एक टैंक पर खड़े थे।
घर सुरक्षित पहुंचाने तक सभी फंसे लोगों की देखभाल सुनिश्चित करेगी सरकार
मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह ने आश्वस्त किया है कि प्रदेश सरकार हिमाचल में फंसे हुए सभी लोगों की तब तक देखभाल सुनिश्चित करेगी, जब तक उन्हें सुरक्षित घर नहीं पहुंचा दिया जाता। उन्होंने कहा कि सभी राहत शिविरों में उचित व्यवस्थाएं की गई हैं और लोगों को नि:शुल्क भोजन, पानी और आवश्यक सुविधाएं प्रदान की जा रही हैं।
वन विभाग में 180 डिप्टी रेंजर बने रेंज फोरैस्ट ऑफिसर
प्रदेश सरकार ने वन विभाग में 180 डिप्टी रेंजर्ज को रेंज फोरैस्ट ऑफिसर के पद पर पदोन्नत किया है। पदोन्नत किए गए डिप्टी रेंजर्ज में से 65 को वर्ष 2021 से, 59 को वर्ष 2022 से तथा 56 को इस वर्ष से पदोन्नति दी गई है। जिन डिप्टी रेंजर्ज को 3 अगस्त को हुई डीपीसी की बैठक में पदोन्नति दी गई है, उनमें मोहन सिंह, विरेंद्र कुमार, बेली राम, हेम राज...
मंडी : खोलानाला में फंसे 50 लोग रैस्क्यू, नगवाईं राहत शिविर में किया शिफ्ट
मंडी जिला प्रशासन ने बालीचौकी उपमंडल के दुर्गम इलाके खोलानाला से फंसे 50 लोगों को सुरक्षित निकाल कर नगवाईं राहत शिविर में पहुंचा दिया है। जानकारी के अनुसार 22-23 अगस्त को हुई भारी बारिश और बाढ़ से खोलानाला में रास्ते ध्वस्त हो गए थे, जिससे इस इलाके का दुनिया से संपर्क कट गया था।
शिव बावड़ी मंदिर हादसे में मारे गए सभी 20 लोगों के शव बरामद, सर्च अभियान बंद
समर हिल स्थित शिव बावड़ी मंदिर हादसे में लापता चल रहे 3 लोगों के शव वीरवार को मलबे से बरामद कर लिए गए। प्रशासन द्वारा हादसे में मारे गए सभी 20 लोगों के शव बरामद होने के बाद सर्च अभियान बंद कर दिया गया है। सर्च अभियान में सेना, एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, होमगार्ड्स और फायर और जिला पुलिस ने संयुक्त रूप से कार्य किया।
शाहनहर बैराज के 52 गेट के नीचे ब्यास दरिया में दिखा मगरमच्छ
पौंग बांध से ब्यास नदी में पानी छोड़ने के लिए शाहनहर बैराज के नीचे 52 गेट बनाए गए हैं। इन गेटों के माध्यम से ब्यास नदी में पौंग डैम का पानी छोड़ा जाता है। अब पानी को कुछ हद तक ब्यास नदी में छोड़ना बंद कर दिया गया है। पानी कम होने से पौंग डैम से ब्यास नदी में बह कर आई बड़ी-बड़ी मछलियां दिखाई देने लगी हैं तो वहीं इन मछलियों को पकड़ना भी अब खतरे से खाली नहीं रहा है।