सुंदरनगर में सड़क धंसने से खाई में गिरी बस, डिप्टी CM ने फोरलेन के निर्माण पर उठाए सवाल, पढ़ें HP की 10 बड़ी खबरें

punjabkesari.in Sunday, Aug 13, 2023 - 05:47 AM (IST)

शिमला (ब्यूरो): प्रदेश में लगातार वर्षा से कई जगह जमीनें धंस गईं जिससे कई मकानों को खतरा पैदा हो गया है। सुंदरनगर उपमंडल के अंतर्गत सुंदरनगर शिमला वाया डैहर रूट पर चलने वाली परिवहन निगम की बस सरोस नामक स्थान पर सड़क मार्ग धंसने से करीब 50 फुट नीचे गिर गई। हिमाचल प्रदेश के 36 स्वास्थ्य संस्थानों में 157 विशेषज्ञ चिकित्सक तैनात किए गए हैं। उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने परवाणू से कैथलीघाट तक बने फोरलेन के निर्माण पर गंभीर आरोप लगाए हैं। मंडी जिले में बीती रात से हो रही भारी बारिश के कारण 4 मील के पास चंडीगढ़-मनाली नैशनल हाईवे भूस्खलन के कारण बंद हो गया। जिला ऊना के रामनगर-नकड़ोह गांव के प्रतीक पराशर भारतीय सेना में ब्रिगेडियर के पद पर पदोन्नत हुए हैं। पांवटा साहिब उपमंडल के सिरमौरी ताल में बादल फटने के कारण मची तबाही के बीच शुक्रवार शाम मलबे से बरामद विनोद कुमार के परिवार के 3 सदस्यों के शवों का शनिवार को अंतिम संस्कार किया गया। मंडी-पंडोह निर्माणाधीन फोरलेन पर 6 मील में हुए हादसे में एक मासूम की मौत पर पंडोह के स्थानीय लोगों व जनप्रतिनिधियों ने रोष जाहिर किया है। चम्बा में फर्जी दस्तावेज लगाकर सेवाएं दे रहे 3 डाकपाल को डाक विभाग ने बर्खास्त कर दिया गया है। हिमाचल के चम्बा जिला के तीसा में शुक्रवार को हुए टाटा सूमो हादसे में मारे गए 6 पुलिस जवानों में से 5 की शनिवार को राजकीय सम्मान के साथ अंत्येष्टि कर दी गई।

पढ़ें हिमाचल की बड़ी खबरें सिर्फ यहां

हिमाचल में मूसलाधार बारिश से कई जगह धंसीं जमीनें, आज भी ऑरैंज अलर्ट जारी
लगातार वर्षा से प्रदेश में कई जगह जमीनें धंस गईं जिससे कई मकानों को खतरा पैदा हो गया है। मौसम विभाग की मानें तो रविवार को भी भारी बारिश का ऑरैंज अलर्ट रहेगा। सोमवार से 3 दिन यैलो अलर्ट रहेगा, जबकि प्रदेश में मौसम 18 अगस्त तक खराब रहेगा। भारी वर्षा की संभावना को लेकर पुलिस विभाग ने लोगों को भारी बारिश के दौरान अति आवश्यक होने पर ही घर से निकलने तथा अनावश्यक यात्रा से बचने की सलाह दी है। 

सुंदरनगर में सड़क धंसने से मलबे के साथ 50 फुट नीचे गिरी बस, 12 लोग घायल
सुंदरनगर उपमंडल के अंतर्गत सुंदरनगर शिमला वाया डैहर रूट पर चलने वाली परिवहन निगम की बस सरोस नामक स्थान पर सड़क मार्ग धंसने से करीब 50 फुट नीचे गिर गई। इस हादसे में चालक-परिचालक सहित 12 लोग घायल हो गए। इनमें से 8 घायलों को मेडिकल काॅलेज नेरचौक रैफर किया गया है जबकि शेष का उपचार सिविल अस्पताल सुंदरनगर में जारी है। 

हिमाचल के 36 ग्रामीण स्वास्थ्य संस्थानों में 157 विशेषज्ञ डाॅक्टर तैनात
हिमाचल प्रदेश के 36 स्वास्थ्य संस्थानों में 157 विशेषज्ञ चिकित्सक तैनात किए गए हैं। 22 स्वास्थ्य संस्थानों को 6 या इससे अधिक विशेषज्ञ के साथ सुदृढ़ किया गया है, जबकि 7 स्वास्थ्य संस्थानों में 5 विशेषज्ञ और 6 संस्थानों में 4 विशेषज्ञ चिकित्सकों की सेवाएं प्रदान की जा रही हैं। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह ने यह बात जारी प्रैस बयान में कही। 

डिप्टी सीएम ने परवाणू से कैथलीघाट तक बने फोरलेन के निर्माण पर उठाए सवाल
उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने परवाणू से कैथलीघाट तक बने फोरलेन के निर्माण पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि पत्थरों के लालच में पहाड़ों की अवैज्ञानिक कटिंग की गई है, जिस वजह से परवाणू से कैथलीघाट के बीच में भारी भूस्खलन हो रहा है। लोगों को अपनी जान हथेली पर रखकर सफर करना पड़ रहा है। 

4 मील के पास दरकी पहाड़ी, भूस्खलन से चंडीगढ़-मनाली NH बंद
मंडी जिले में बीती रात से हो रही भारी बारिश के कारण चंडीगढ़-मनाली नैशनल हाईवे भूस्खलन के कारण बंद हो गया। इस बार हाईवे 6 मील के अलावा 4 मील के पास भी बंद हुआ है। 4 मील के पास पहाड़ी का बहुत बडा हिस्सा दरक कर हाईवे पर आ गिरा है। वैसे भी हाईवे दिनभर यातायात के लिए बहाल नहीं हो पाया। 

नकड़ोह के प्रतीक पराशर बने ब्रिगेडियर, अब कारगिल में संभालेंगे ब्रिगेड की कमान
जिला ऊना के रामनगर-नकड़ोह गांव के प्रतीक पराशर भारतीय सेना में ब्रिगेडियर के पद पर पदोन्नत हुए हैं। प्रतीक पराशर की पदोन्नति पर क्षेत्र में खुशी की लहर है। नकड़ोह पहुंचने पर गांववासियों ने ब्रिगेडियर प्रतीक पराशर व परिजनों को बधाई दी। नकड़ोह गांव में पिपिंग सैरेमनी आयोजित की गई। 

यमुना घाट पर एक साथ जलीं सास-बहू की चिताएं, बहन के समीप भाई दफनाया
पांवटा साहिब उपमंडल के सिरमौरी ताल में बादल फटने के कारण मची तबाही के बीच शुक्रवार शाम मलबे से बरामद विनोद कुमार के परिवार के 3 सदस्यों के शवों का शनिवार को अंतिम संस्कार किया गया। विनोद की माता 57 वर्षीय जीतो देवी, 31 वर्षीय पत्नी रजनी व 10 वर्षीय बेटे नितेश को हजारों लोगों ने नम आंखों के साथ अंतिम विदाई दी। सास और बहू का एक साथ अंतिम संस्कार किया गया।

6 मील में हादसे के बाद पंडोह में फोरलेन कंपनी के खिलाफ नारेबाजी
शुक्रवार देर शाम मंडी-पंडोह निर्माणाधीन फोरलेन पर 6 मील में हुए हादसे में एक मासूम की मौत पर पंडोह के स्थानीय लोगों व जनप्रतिनिधियों ने रोष जाहिर किया है। इसी के चलते पंडोह में लोगों ने धरना-प्रदर्शन किया और फोरलेन का कार्य करवा रहे एनएचएआई, केएमसी कंपनी व जिला प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी भी की। 

10वीं के फर्जी प्रमाण पत्र से नौकरी हासिल करने वाले 3 डाकपाल बर्खास्त
चम्बा में फर्जी दस्तावेज लगाकर सेवाएं दे रहे 3 डाकपाल को डाक विभाग ने बर्खास्त कर दिया गया है। तीनों ने दसवीं का जाली प्रमाण पत्र लगाकर नौकरी हासिल की थी। इसके बारे में जानकारी मिलते ही डाक विभाग ने जांच शुरू की थी तथा अब तीनों को बर्खास्त कर दिया गया है। कुछ समय पूर्व आरंभिक जानकारी के बाद इन्हें सस्पैंड किया गया था लेकिन अब इन्हें सेवाओं से बाहर कर दिया गया है। 

चम्बा सड़क हादसे में मारे गए 5 पुलिस जवान राजकीय सम्मान के साथ पंचतत्व में विलीन
हिमाचल के चम्बा जिला के तीसा में शुक्रवार को हुए टाटा सूमो हादसे में मारे गए 6 पुलिस जवानों में से 5 की शनिवार को राजकीय सम्मान के साथ अंत्येष्टि कर दी गई। इस हादसे में देहरा उपमंडल के तहत ढलियारा पंचायत निवासी कांस्टेबल सचिन राणा पुत्र मोहिंद्र सिंह लम्बर की भी जान चली गई थी। सचिन के पिता असम राइफल में कार्यरत हैं। पिता के शनिवार को घर न पहुंच पाने के चलते कांस्टेबल सचिन की अंत्येष्टि नहीं हो पाई। 

ट्रक को ओवरटेक करते बस से टकराई बाइक, बुजुर्ग की मौत
डिडवीं टिक्कर के साथ लगते कस्बे में कैडहरू के पास शनिवार सुबह बाबा बालक नाथ दियोटसिद्ध से माथा टेककर श्रद्धालुओं का जत्था ज्वालाजी की तरफ जा रहा था कि एक बाइक सवार बस से टकरा गया। इससे बाइक पर पीछे बैठे 60 वर्षीय व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Related News