सिरमौर में बादल फटने से 5 लाेग लापता, मंदिरों में दर्शनों के लिए शुल्क लगाने पर BJP ने घेरी सरकार, पढ़ें HP की 10 बड़ी खबरें
punjabkesari.in Thursday, Aug 10, 2023 - 06:04 AM (IST)

शिमला (ब्यूरो): इस बार होने वाले स्वतंत्रता दिवस समारोह में इंद्रदेव बाधक बन सकते हैं। सिरमौर जिला के उपमंडल पांवटा साहिब के सिरमौरीताल में बादल फटने से एक घर ढह गया, साथ ही 5 लोग लापता बताए जा रहे हैं। चंडीगढ़-शिमला राष्ट्रीय उच्चमार्ग पर चक्की मोड़ से हल्के वाहनों के बाद अब बसों की आवाजाही भी शुरू हो गई है। देवभूमि हिमाचल में मंदिरों में दर्शन करने के लिए 1100 रुपए देने का भाजपा ने विरोध जताया है। भाजपा प्रवक्ता महेंद्र धर्माणी ने कहा कि कांग्रेस पार्टी की अंतर्कलह चरम सीमा पर पहुंच रही है। मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह ने बुधवार को शिमला जिले के रोहड़ू विधानसभा क्षेत्र के लैला गांव में हाल ही में बादल फटने से हुए नुक्सान का जायजा लिया। भाजपा पूर्व प्रदेश सचिव एवं वरिष्ठ अधिवक्ता जय सिंह ने कृषि मंत्री एवं पूर्व सांसद चौधरी चंद्र कुमार के खिलाफ चम्बा सदर थाना में शिकायत दर्ज करवाई है। हमीरपुर जिला के अंतर्गत आती जोल सप्पड़ पंचायत के कोहला पलासड़ी गांव के सौरभ कुमार ने चांद पर जमीन खरीद कर अपना सपना साकार किया है। एनएच-5 पर मशोबरा बाइफ्रिकेशन के पास हुए सड़क हादसे में 2 लोगों की मौत हो गई जबकि अन्य 2 लोग घायल हो गए। चंडीगढ़-मनाली नैशनल हाईवे पर 6 मील के पास छोटे वाहनों के लिए दोतरफा यातायात बहाल कर दिया गया है।
पढ़ें हिमाचल की बड़ी खबरें सिर्फ यहां
हिमाचल में 13 अगस्त तक भारी बारिश का यैलो अलर्ट
इस बार होने वाले स्वतंत्रता दिवस समारोह में इंद्रदेव बाधक बन सकते हैं। मौसम विभाग के अनुसार 15 अगस्त तक मौसम खराब रहेगा जबकि 13 अगस्त तक भारी बारिश का यैलो अलर्ट रहेगा। ऐसे में 15 अगस्त के होने वाले कार्यक्रमों में बारिश बाधक बन सकती है। बुधवार को शाहपुर में 20, जोल ऊना में 5 और डल्हौजी में 4 मिलीमीटर वर्षा हुई है, जबकि सायंकाल में राजधानी शिमला में बारिश आरंभ हुई।
पांवटा साहिब के सिरमौरीताल में बादल फटा, एक ही परिवार के 5 लोग लापता
सिरमौर जिला के उपमंडल पांवटा साहिब के सिरमौरीताल में बादल फटने से एक घर ढह गया, साथ ही 5 लोग लापता बताए जा रहे हैं। घटना के बाद प्रशासन मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गया है। जानकारी के अनुसार बुधवार शाम को हुई मूसलाधार बारिश के कारण मालगी के जंगल में बादल फटने से सिरमौरीताल गांव में तबाही मच गई।
चंडीगढ़-शिमला NH पर बसों की आवाजाही शुरू, लोगों ने ली राहत की सांस
चंडीगढ़-शिमला राष्ट्रीय उच्चमार्ग पर चक्की मोड़ से हल्के वाहनों के बाद अब बसों की आवाजाही भी शुरू हो गई है। इससे लोगों ने राहत की सांस ली है। अभी तक दोनों ओर से बसें चक्की मोड़ तक ही आ रही थीं। बुधवार को चक्की मोड़ पर न तो बारिश हुई और न पहाड़ से भूस्खलन हुआ। इसे देखते हुए ही जिला प्रशासन ने दोपहर बाद बसों की आवाजाही को शुरू करने का निर्णय लिया।
प्रदेश के मंदिरों में दर्शनों के लिए 1100 रुपए शुल्क लगाना सरकार का दुर्भाग्यपूर्ण फैसला
देवभूमि हिमाचल में मंदिरों में दर्शन करने के लिए अब 1100 रुपए चुकाने होंगे जो देव आस्था के साथ भक्तों के साथ किया जाने वाला दुर्भाग्यपूर्ण निर्णय है। सरकार के इस निर्णय का भाजपा पूरी तरह से विरोध करती है। पूर्व मंत्री बिक्रम ठाकुर ने सरकार के इस निर्णय की कड़े शब्दों में निंदा करते हुए सरकार से तुरंत इस फैसले को वापस लेने की मांग की है।
राजेंद्र राणा की पोस्ट से कांग्रेस में अंतर्कलह स्पष्ट, पार्टी में घुटन महसूस कर रहे नेता
कांग्रेस पार्टी की अंतर्कलह चरम सीमा पर पहुंच रही है, जिस प्रकार से एक के बाद एक कांग्रेस के नेता अपना दर्द जनता के समक्ष ला रहे हैं उससे पूर्ण रूप से दिखाई देता है कि कांग्रेस एक विभाजित राजनीतिक दल है। कांग्रेस नेता पार्टी में घुटन महसूस कर रहे हैं और आज इसका एक और प्रत्यक्ष उद्धरण हमारे सामने आया है। यह बात भाजपा प्रवक्ता महेंद्र धर्माणी ने पत्रकार वार्ता में कही।
CM ने आपदा प्रभावित लैला गांव में लिया नुक्सान का जायजा
मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह ने बुधवार को शिमला जिले के रोहड़ू विधानसभा क्षेत्र के लैला गांव में हाल ही में बादल फटने से हुए नुक्सान का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने प्रभावित परिवारों से मुलाकात की। उन्होंने आपदा में एक ही परिवार के 3 सदस्यों की मृत्यु पर गहरा दुख व्यक्त किया और परिजनों के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं।
कृषि मंत्री के खिलाफ चम्बा थाना में शिकायत दर्ज, जानिए क्या है मामला
भाजपा पूर्व प्रदेश सचिव एवं वरिष्ठ अधिवक्ता जय सिंह ने कृषि मंत्री एवं पूर्व सांसद चौधरी चंद्र कुमार के खिलाफ चम्बा सदर थाना में शिकायत दर्ज करवाई है। उन्होंने थाना प्रभारी संजीव चौधरी को सौंपे शिकायत पत्र में आरोप लगाया है कि सांसद रहते हुए उन्होंने अपने पद का दुरुपयोग कर चम्बा से लाडा का पैसा अपने विधानसभा ज्वाली ट्रांसफर किया था।
जोल सप्पड़ के इस शख्स ने चांद पर खरीदी जमीन, पेशे से है मैकेनिकल इंजीनियर
हमीरपुर जिला के अंतर्गत आती जोल सप्पड़ पंचायत के कोहला पलासड़ी गांव के सौरभ कुमार ने चांद पर जमीन खरीद कर अपना सपना साकार किया है। सौरभ ने कुछ अलग करने की चाहत में चांद पर 8 कनाल जमीन खरीदने के लिए ऑनलाइन अप्लाई किया था। खरीदी गई जमीन के दस्तावेज लॉस एंजल्स की इंटरनैशनल लूनर लैंड अथॉरिटी की तरफ से सौरभ कुमार को भेज दिए गए हैं।
NH-5 पर मशोबरा के पास सेब से लदा ट्रक पलटा, 2 की मौत
बीते दिन ठियोग-छैला सड़क मार्ग पर ट्रक हादसे में हुई दंपति की मौत के बाद बुधवार को फिर एनएच-5 पर मशोबरा बाइफ्रिकेशन के पास एक सेब से लदा ट्रक दुर्घटनाग्रस्त हो गया। इस हादसे में 2 लोगों की मौत हो गई जबकि अन्य 2 लोग घायल हो गए। यह हादसा सुबह 8 बजे के करीब पेश आया। ट्रक की चपेट में आने से 4 गाड़ियों को नुक्सान हुआ है।
चंडीगढ़-मनाली NH पर 6 मील के पास दोतरफा यातायात बहाल, खतरा अभी भी बरकरार
चंडीगढ़-मनाली नैशनल हाईवे पर 6 मील के पास लैंडस्लाइड के 30 मीटर में से 25 मीटर एरिया में आज छोटे वाहनों के लिए दोतरफा यातायात बहाल कर दिया गया लेकिन ध्यान रहे कि यहां सिर्फ दोतरफा यातायात ही बहाल हुआ है जबकि खतरा अभी भी लगातार बना हुआ है। जिला प्रशासन और एनएचएआई ने सुबह 11 से दोपहर बाद 3 बजे तक हाईवे को बंद रखने का निर्णय लिया था।