सीएम ने केंद्र से मांगी 2 हजार करोड़ की सहायता, मंडी में नशे के गिरोह का पर्दाफाश, पढ़ें HP की 10 बड़ी खबरें
punjabkesari.in Friday, Aug 04, 2023 - 05:50 AM (IST)

शिमला (ब्यूरो): राज्य में 9 अगस्त तक मौसम खराब रहेगा, जबकि 7 अगस्त तक भारी बारिश का यैलो अलर्ट रहेगा। मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह ने नई दिल्ली में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से भेंट कर राहत एवं पुनर्वास कार्यों के लिए 2 हजार करोड़ रुपए की राशि प्रदान करने का आग्रह किया है। मंडी जिला पुलिस की एसआईयू टीम ने नशे के गिरोह का पर्दाफाश किया है। कांगड़ा जिला में फतेहपुर हलके के तहत पंचायत रियाली के गांव बेला लुधियाडच में वीरवार को मां की ममता को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है। लगभग 22 घंटों के बाद चंडीगढ़-मनाली नैशनल हाईवे 6 मील के पास यातायात के लिए बहाल हो गया है। चक्की मोड़ में चंडीगढ़-शिमला राष्ट्रीय उच्च मार्ग-5 पर वीरवार सुबह फिर से पहाड़ दरक गया। विपक्षी दल भाजपा ने कांग्रेस के नेतृत्व वाली सरकार पर आपदा राहत राशि देने में भाई भतीजावाद का आरोप लगाया है। प्रदेश उच्च न्यायालय के निर्देशों के बावजूद राहत कार्य में लापरवाही बरतने पर लोक निर्माण विभाग मंडल धर्मपुर के अधिशासी अभियंता विवेक शर्मा को निलंबित कर दिया गया है। जोगिंद्रनगर पुलिस ने कांगड़ा जिले के शाहपुर क्षेत्र के एक कार चालक को लगभग 2 किलोग्राम चरस सहित दबोचा।
पढ़ें हिमाचल की बड़ी खबरें सिर्फ यहां
हिमाचल में 7 अगस्त तक भारी बारिश का यैलो अलर्ट
प्रदेश में लोगों को अभी राहत मिलने वाली नहीं है क्योंकि 9 अगस्त तक मौसम खराब रहेगा, जबकि 7 अगस्त तक भारी बारिश का यैलो अलर्ट रहेगा। 15 अगस्त के बाद मौसम में बदलाव आने की संभावनाएं हैं, जिसके बाद लोगों को बारिश और इससे होने वाली आपदा से राहत मिलने की उम्मीद है।
सीएम सुखविंदर सिंह ने राहत एवं पुनर्वास कार्यों के लिए केंद्र से मांगे 2 हजार करोड़
मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह ने नई दिल्ली में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से भेंट की। मुख्यमंत्री ने भारी बारिश एवं बाढ़ से हुई क्षति का आकलन करने के लिए केंद्रीय समिति को प्रदेश में भेजने के लिए केंद्रीय गृह मंत्री का आभार व्यक्त किया। उन्होंने केंद्रीय समिति की अनुशंसा के अनुसार राज्य को शीघ्रातिशीघ्र राशि जारी करने का आग्रह करते हुए कहा कि प्रदेश में क्षतिग्रस्त आधारभूत संरचना के पुनर्निर्माण में लगभग एक से दो वर्ष का समय लगेगा।
मंडी में नशे के गिरोह का पर्दाफाश, मुख्य सप्लायर महिला सहित 4 गिरफ्तार
मंडी जिला पुलिस की एसआईयू टीम ने नशे के गिरोह का पर्दाफाश किया है। एसआईयू टीम ने मंडी शहर में चिट्टे की मुख्य सप्लायर महिला सहित 4 लोगों को गिरफ्तार किया है। पकड़ी गई आरोपी महिला का बेटा और बेटी भी इस कारोबार में शामिल थे। जानकारी के अनुसार वीरवार को एसआईयू टीम मंडी द्वारा मुख्य आरक्षी प्रदीप कुमार के नेतृत्व में जेल रोड मंडी में महिला के मकान में गुप्त सूचना के आधार पर तलाशी ली गई।
मां की ममता हुई शर्मसार, फतेहपुर के रियाली में इस हालत में मिली नवजात बच्ची
फतेहपुर हलके के तहत पंचायत रियाली के गांव बेला लुधियाडच में वीरवार को मां की ममता को शर्मसार करने वाला एक मामला सामने आया है। यहां खेतों में एक नवजात बच्ची मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ अभियान का फतेहपुर हलके में उल्लघंन होना आम जनमानस को आहत कर गया है।
बेरोजगार शारीरिक शिक्षकों का शिमला में धरना-प्रदर्शन, सरकार को दी ये चेतावनी
बेरोजगार शारीरिक शिक्षा कल्याण संगठन हिमाचल प्रदेश ने सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। शारीरिक शिक्षकों ने शिमला डीसी ऑफिस के बाहर धरना-प्रदर्शन कर खाली पड़े पदों को शीघ्र भरने की सरकार से मांग की है और कहा है कि अगर एक महीने के भीतर शारीरिक शिक्षकों के 870 पदों को भरने की भर्ती प्रक्रिया को शुरू नहीं किया तो वे परिवार सहित अनशन पर बैठ जाएंगे।
चंडीगढ़-मनाली नैशनल हाईवे 22 घंटों बाद यातायात के लिए बहाल
लगभग 22 घंटों के बाद चंडीगढ़-मनाली नैशनल हाईवे 6 मील के पास यातायात के लिए बहाल हो गया। बीती शाम करीब 5 बजे 6 मील के पास भारी लैंडस्लाइड के कारण हाईवे बंद हो गया था। पिछले कल भारी बारिश के कारण मलबा हटाने का कार्य नहीं किया जा सका था, जिसके चलते वीरवार को केएमसी कंपनी के ठेकेदार 4 एग्जावेटर, 1 ब्रेकर और 2 जेसीबी मशीनों के साथ मलबा हटाने के कार्य में जुट गए।
चक्की मोड़ में फिर दरका पहाड़, चंडीगढ़-शिमला NH को बहाल करने पर बना संशय
चक्की मोड़ में चंडीगढ़-शिमला राष्ट्रीय उच्च मार्ग-5 पर वीरवार सुबह फिर से पहाड़ दरक गया। इसके कारण एनएच को 2 दिनों में बहाल करने पर संकट के बादल मंडारने शुरू हो गए हैं। स्थिति ये हो गई है कि ताजा भूस्खलन से एनएच के दोनों छोर (परवाणू व सोलन की तरफ से) के बीच करीब 50 मीटर गहरी खाई बन गई है। इससे लग रहा है कि एनएच को बहाल करने में अभी कुछ दिन और लग सकते हैं।
आपदा राहत राशि देने में भी भाई भतीजावाद कर रही कांग्रेस सरकार : राजीव बिंदल
विपक्षी दल भाजपा ने कांग्रेस के नेतृत्व वाली सरकार पर आपदा राहत राशि देने में भाई भतीजावाद का आरोप लगाया है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष राजीव बिंदल ने पत्रकार वार्ता में कहा कि हिमाचल में मानसून सीजन में आपदा की वजह से जानमाल का भारी नुक्सान हुआ है। आपदा से सैंकड़ों लोग बेघर होने के साथ ही कई लोगों को जान तक से हाथ धोना पड़ा है, ऐसे में प्रदेश की कांग्रेस सरकार लोगों को राहत देने की जगह राजनीतिक बयानबाजी कर रही है, जो इस आपदा की घड़ी में सही नहीं है।
राहत कार्य में लापरवाही बरतने पर PWD धर्मपुर का अधिशासी अभियंता निलंबित
प्रदेश उच्च न्यायालय के निर्देशों के बावजूद राहत कार्य में लापरवाही बरतने पर लोक निर्माण विभाग मंडल धर्मपुर के अधिशासी अभियंता विवेक शर्मा को निलंबित कर दिया गया है। प्रदेश उच्च न्यायालय के माननीय मुख्य न्यायाधीश एमएस रामचंद्र राव की अध्यक्षता वाली खंडपीठ ने राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान बरोटी एट तड़ा केस की सुनवाई के दौरान सख्त रुख अपनाते हुए पीडब्ल्यूडी के इंजीनियर इन चीफ को आदेश दिया।
1.989 किलोग्राम चरस के साथ कार चालक गिरफ्तार
जोगिंद्रनगर पुलिस ने कांगड़ा जिले के शाहपुर क्षेत्र के एक कार चालक को लगभग 2 किलोग्राम चरस सहित दबोचा। आरोपित कार चालक की पहचान अंचल कुमार (47) पुत्र महंत राम निवासी गांव सारणू डाकघर व तहसील शाहपुर जिला कांगड़ा के रूप में हुई है। पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आरोपी को हिरासत में ले लिया है जिसे मेडिकल जांच के उपरांत न्यायालय में पेश किया गया।