भूस्खलन से चंडीगढ़-शिमला व चंडीगढ़-मनाली NH बंद, मोदी-शाह से मुलाकात करने दिल्ली पहुंचे CM, पढ़ें HP की 10 बड़ी खबरें
punjabkesari.in Thursday, Aug 03, 2023 - 06:03 AM (IST)

शिमला (ब्यूरो): मौसम विभाग ने 3 अगस्त को यैलो तथा 4 व 5 अगस्त को शुक्रवार व शनिवार को ऑरैंज अलर्ट के बाद रविवार को फिर यैलो अलर्ट की चेतावनी जारी की है। चक्की मोड़ के पास हुए भूस्खलन से चंडीगढ़-शिमला एनएच का 50 मीटर तक नामोनिशान ही मिट गया है। उधर, चंडीगढ़-मनाली नैशनल हाईवे 6 मील के पास एक बार फिर से भूस्खलन के कारण बंद हो गया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात के लिए मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह बुधवार को चंडीगढ़ से दिल्ली पहुंच गए हैं। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने प्रदेश भाजपा की कोर कमेटी की घोषणा कर दी है। राज्य में अवैध खनन और बाढ़ की स्थिति को नियंत्रित करने के लिए प्रदेश सरकार जल्द ही नदियों से रेत, बजरी, पत्थर निकालने की तैयारी करने जा रही है। मंडी में जिला राहत एवं पुनर्वास समिति की समीक्षा बैठक में लोक निर्माण मंत्री के सामने बल्ह विधानसभा क्षेत्र से भाजपा विधायक और बल्ह से कांग्रेस के पूर्व प्रत्याशी एवं मंत्री रहे प्रकाश चौधरी आपस में उलझ गए। नाबालिग लड़की के साथ जंगल में सामूहिक दुष्कर्म के 3 दोषियों कोअदालत ने 14-14 वर्ष कैद की सजा सुनाई है। पतलीकूहल सब्जी मंडी के पास देर शाम गैस सिलैंडर के फटने से 3 खोखे व एक मंदिर जलकर राख हो गया। बिलासपुर और हमीरपुर के सीमा क्षेत्र पर रोपड़ी गांव के पास एक टिप्पर माक्कन खड्ड में गिर गया, जिससे चालक की मौत हो गई।
पढ़ें हिमाचल की बड़ी खबरें सिर्फ यहां
हिमाचल में 4 व 5 अगस्त को ऑरैंज अलर्ट, NH सहित 301 सड़कें अभी भी बंद
मौसम विभाग ने 3 अगस्त को यैलो तथा 4 व 5 अगस्त को शुक्रवार व शनिवार को ऑरैंज अलर्ट के बाद रविवार को फिर यैलो अलर्ट की चेतावनी जारी की है, जबकि 8 अगस्त तक प्रदेश में मौसम के खराब रहने का अनुमान है। वहीं राज्य में एक नैशनल हाईवे सहित 301 सड़कें अभी भी बंद चल रही हैं। 46 बिजली ट्रांसफार्मर और 60 पेयजल योजनाएं बाधित चली हुई हैं।
चंडीगढ़-शिमला NH पर भूस्खलन से सड़क का 50 मीटर हिस्सा बहा
चक्की मोड़ के पास हुए भूस्खलन से चंडीगढ़-शिमला एनएच का 50 मीटर तक नामोनिशान ही मिट गया है। वहां पर अभी भी खतरा बना हुआ है। बुधवार सुबह करीब 2:45 बजे पहाड़ से हुए भूस्खलन से वहां पर गहरी खाई बन गई है। इस वजह से दोनों ओर वहानों की लम्बी कतारें लगी हुई हैं। अभी भी परवाणू से लेकर कैथलीघाट तक फोरलेन की पहाड़ी के साथ लगती एक लेन 80 फीसदी तक बंद है क्योंकि पहाड़ से भूस्खलन हो रहा है और जगह-जगह चट्टानें गिर रही हैं।
6 मील के पास भूस्खलन से फिर बंद हुआ चंडीगढ़-मनाली NH
चंडीगढ़-मनाली नैशनल हाईवे 6 मील के पास एक बार फिर से भूस्खलन के कारण बंद हो गया है। हाईवे के सुबह ही बहाल होने की संभावना है क्योंकि अभी रात हो चुकी है, साथ ही बारिश भी थमने का नाम नहीं ले रही है। मिली जानकारी के अनुसार आज 6 मील के पास ब्लास्टिंग से बड़ी-बड़ी चट्टानें तोड़ने के लिए हाईवे के ट्रैफिक को दोपहर 3 बजे बंद किया गया था।
मोदी-शाह से मुलाकात करने दिल्ली पहुंचे सीएम सुखविंदर सिंह
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात के लिए मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह बुधवार को चंडीगढ़ से दिल्ली पहुंचे। उन्होंने दिल्ली पहुंचने पर इंडिया एक्सपो सैंटर और ग्रेटर नोएडा मार्ट की तरफ से आयोजित इंडिया इंटरनैशनल हॉस्पिटैलिटी एक्सपो-2023 में भाग लिया। प्रधानमंत्री एवं केंद्रीय मंत्री से मुलाकात के बाद प्रदेश को बरसात के कारण आई आपदा से निपटने के लिए उदार वित्तीय मदद मिल सकती है।
राजीव बिंदल ने की प्रदेश भाजपा कोर कमेटी की घोषणा, अविनाश राय खन्ना होंगे प्रभारी
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने प्रदेश भाजपा की कोर कमेटी की घोषणा की। इसमें स्थायी आमंत्रित सदस्य के रूप में सौदान सिंह भाजपा क्षेत्र प्रभारी एवं राष्ट्रीय उपाध्यक्ष, अविनाश राय खन्ना भाजपा प्रदेश प्रभारी और संजय टंडन भाजपा प्रदेश सह प्रभारी होंगे। उसके उपरांत नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर, पूर्व मुख्यमंत्री प्रो. प्रेम कुमार धूमल, पूर्व मुख्यमंत्री शांता कुमार, केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर।
नदियों से रेत, बजरी निकालने व 100 मीटर दायरे में निर्माण पर रहेगा प्रतिबंध
राज्य में अवैध खनन और बाढ़ की स्थिति को नियंत्रित करने के लिए प्रदेश सरकार जल्द ही नदियों से रेत, बजरी, पत्थर निकालने की तैयारी करने जा रही है, जिनका प्रयोग फोरलेन, एनएच सहित सड़कों आदि में किया जाएगा, जबकि नदी-नालों के किनारे 100 मीटर दायरे में किसी भी प्रकार के निर्माण पर पाबंदी लगाई जाएगी। उद्योग मंत्री हर्षवर्धन चौहान ने यह बात कही।
जिला राहत एवं पुनर्वास समिति की समीक्षा बैठक में मंत्री के सामने उलझे विधायक व पूर्व मंत्री
मंडी में बुधवार को आयोजित जिला राहत एवं पुनर्वास समिति की समीक्षा बैठक की बल्ह विधानसभा क्षेत्र से भाजपा विधायक और बल्ह से कांग्रेस के पूर्व प्रत्याशी एवं मंत्री रहे प्रकाश चौधरी आपस में बारिश से हुए नुक्सान को लेकर लोक निर्माण मंत्री के सामने उलझ गए। इस बीच में मंत्री ने आकर माहौल को शांत करवाया।
नाबालिग लड़की से सामूहिक दुष्कर्म के 3 दोषियों को 14-14 वर्ष की कैद
नाबालिग लड़की के साथ जंगल में सामूहिक दुष्कर्म करने के 3 आरोपियों पर दोष सिद्ध होने पर जिला एवं सत्र न्यायाधीश धर्मशाला अनिल शर्मा (पोक्सो कोर्ट) की अदालत ने 14-14 वर्ष कैद की सजा सुनाई है। दोषियों को डेढ़ लाख रुपए जुर्माना भी लगाया है तथा जुर्माना न भरने पर दोषियों को 3 वर्ष का अतिरिक्त कारावास भुगतना होगा।
पतलीकूहल में गैस सिलैंडर फटने से 3 खोखे जलकर राख, 3 लोग झुलसे
पतलीकूहल सब्जी मंडी के पास देर शाम गैस सिलैंडर के फटने से 3 खोखे व एक मंदिर जलकर राख हो गया। इस घटना में 3 लोग आग की चपेट में आकर झुलस गए। वहीं आग लगने की सूचना मिलने पर दमकल विभाग मौके पर पहुंचा और स्थानीय लोगों की सहायता से आग पर काबू पा लिया गया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक बिजली की तारों में शॉर्ट सर्किट हुआ, जिसके चलते लीक हो रहे गैस सिलैंडर ने आग पकड़ ली और धमाका हो गया।
बजरी से भरा टिप्पर खड्ड में गिरा, चालक की मौत, 2 गंभीर घायल
बिलासपुर और हमीरपुर के सीमा क्षेत्र पर रोपड़ी गांव के पास एक टिप्पर माक्कन खड्ड में गिर गया, जिससे चालक की मौत हो गई जबकि 2 अन्य व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गए। जानकारी के अनुसार डंगार-धनगोटा सड़क पर बुधवार दोपहर के समय बजरी से भरा एक टिप्पर धनगोटा से डंगार की ओर जा रहा था। इसमें चालक सहित 3 लोग सवार थे।