कांगड़ा के नूरपुर में दोहरा हत्याकांड, मोदी-शाह से मुलाकात करने दिल्ली जाएंगे सीएम, पढ़ें HP की 10 बड़ी खबरें
punjabkesari.in Tuesday, Aug 01, 2023 - 06:27 AM (IST)

शिमला (ब्यूरो): राज्य में लगातार बारिश के कारण नुक्सान का आंकड़ा भी बढ़ता ही जा रहा है। कांगड़ा जिला के तहत नूरपुर थाना के अंतर्गत कोपड़ा पंचायत में एक युवक ने बुजुर्ग दम्पति को तेजधार हथियार से गला रेत कर मौत के घाट उतार दिया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मिलने मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह दिल्ली जाएंगे। राज्य सरकार ने बड़े स्तर पर प्रशासनिक फेरबदल किया है। हिमाचल प्रदेश हाईकोर्ट के 3 नए जजों न्यायमूर्ति रंजन शर्मा, न्यायमूर्ति बिपिन चंद्र नेगी और न्यायमूर्ति राकेश कैंथला ने शपथ ग्रहण की। प्रदेश सरकार ने आपदा प्रभावित सड़कों की शीघ्र बहाली के लिए 23 करोड़ रुपए और स्वीकृत किए हैं। नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने सड़क बंद होने के कारण सड़ चुके सेबों को फैंकने वाले युवक को मंत्री व पुलिस द्वारा धमकाने का आरोप लगाया है। अवाहदेवी से हमीरपुर जा रही एक निजी बस टौणीदेवी स्कूल के ऊपर सड़क से एक तरफ हवा में लटक गई। मुंबई की 2 कंपनियां हिमाचल प्रदेश के बाढ़ प्रभावितों के लिए 2 करोड़ रुपए की राहत सामग्री लेकर आई हैं। हत्या के मामले में दोषी करार एक पुलिस कर्मी को सोलन के जिला एवं सत्र न्यायाधीश वीरेंद्र शर्मा की अदालत ने आजीवन कारावास की सजा सुनाई है।
पढ़ें हिमाचल की बड़ी खबरें सिर्फ यहां
हिमाचल में 4 अगस्त तक भारी वर्षा का अलर्ट
राज्य में लगातार बारिश के कारण नुक्सान का आंकड़ा भी बढ़ता ही जा रहा है। सोमवार को कहीं बस फिसली तो कहीं पर पहाड़ दरके, जिससे लोगों की दुश्वारियां लगातार जारी हैं। हिमाचल में आगामी 6 दिन मौसम खराब रहेगा। यही नहीं, 4 अगस्त तक भारी बारिश का यैलो अलर्ट जारी किया गया है, जिसमें भूस्खलन, अचानक बाढ़, नदी-नालों का जल प्रवाह बढ़ने की संभावनाएं हैं।
नूरपुर के कोपड़ा में डबल मर्डर, बुजुर्ग दंपति की गला रेत कर हत्या
नूरपुर थाना के तहत कोपड़ा पंचायत के वार्ड नम्बर-2 में एक युवक द्वारा बुजुर्ग दम्पति को तेजधार हथियार से गला रेत कर मौत के घाट उतार दिया। इस ह्रदयविदारक घटना की सूचना मिलते ही पंचायत में दहशत का माहौल पैदा हो गया। पुलिस से प्राप्त जानकारी अनुसार दम्पति हरनाम सिंह ( 73) तथा शकुंतला देवी (70) अपने घर के पास खेत में घास काट रहे थे।
मोदी-शाह से मुलाकात करने दिल्ली जाएंगे सीएम
मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मिलने का समय मांगा है। उनके मंगलवार को दिल्ली रवाना होने की संभावना है तथा वहां पर कुछ दिन रुकेंगे। इस दौरान उनके प्रधानमंत्री और केंद्रीय गृह मंत्री से मुलाकात करने की संभावना है। मुलाकात के दौरान वह बरसात के कारण आई आपदा से निपटने के लिए उदार वित्तीय मदद की गुहार लगाएंगे।
हिमाचल में बड़े स्तर पर प्रशासनिक फेरबदल
राज्य सरकार ने बड़े स्तर पर प्रशासनिक फेरबदल किया है, साथ ही सेवानिवृत्ति के बाद पूर्व मुख्य सचिव एवं वर्ष 1985 बैच के आईएएस अधिकारी रामसुभग सिंह को मुख्यमंत्री के प्रधान सलाहकार के पद पर नियुक्ति दी गई है। उनकी नियुक्ति 1 अगस्त, 2023 से एक वर्ष की अवधि के लिए की गई है। वह मुख्यमंत्री को ऊर्जा क्षेत्र और दुग्ध उत्पादन एवं प्रसंस्करण से संबंधित नीतिगत विषयों को लेकर सहयोग करेंगे।
हिमाचल हाईकोर्ट को मिले 3 नए जजों को राज्यपाल ने दिलाई शपथ
हिमाचल प्रदेश हाईकोर्ट के 3 नए जजों न्यायमूर्ति रंजन शर्मा, न्यायमूर्ति बिपिन चंद्र नेगी और न्यायमूर्ति राकेश कैंथला ने शपथ ग्रहण की। राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ल ने राजभवन में आयोजित एक गरिमापूर्ण समारोह में उन्हें पद एवं गाेपनीयता की शपथ दिलाई। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह और हिमाचल प्रदेश उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति ममीदन्ना सत्य रत्न रामचंद्र राव भी इस अवसर पर उपस्थित थे।
सरकार ने सड़कों की मुरम्मत के लिए मंजूर किए 23 करोड़
प्रदेश सरकार ने आपदा प्रभावित सड़कों की शीघ्र बहाली के लिए 23 करोड़ रुपए और स्वीकृत किए हैं। इस राशि में से 5 करोड़ रुपए यशवंत नगर से छैला तक की सड़क के मुरम्मत कार्य पर खर्च किए जाएंगे। इसके अतिरिक्त शिमला जिले के सेब उत्पादक क्षेत्रों के तहत लोक निर्माण विभाग के 7 मंडलों में प्रत्येक को सड़कों की मुरम्मत एवं बहाली के लिए 1-1 करोड़ रुपए प्रदान किए गए हैं।
जयराम ने घेरी सरकार, सेब फैंकने वाले युवक को धमकाने का लगाया आरोप
नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने आरोप लगाया कि सड़क बंद होने के कारण सड़ चुके सेबों को फैंकने वाले युवक को मंत्री व पुलिस द्वारा धमकाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि आपदा के 3 सप्ताह बाद भी सरकार सड़कें खोलने में नाकाम रही, जिसके कारण सेब सड़ गए हैं। मीडिया से अनौपचारिक बातचीत में उन्होंने कहा कि सरकार को सेब सड़ने पर बागवान की मदद करने की बजाय उसे थाने तलब किया जा रहा है।
स्टेयरिंग फ्री होने से सड़क किनारे हवा में लटकी बस, खिड़कियाें से बाहर निकाले 42 यात्री
अवाहदेवी से हमीरपुर जा रही एक निजी बस सोमवार सुबह साढ़े 10 बजे टौणीदेवी स्कूल के ऊपर सड़क से एक तरफ हवा में लटक गई। बस में बैठे 42 यात्रियों की जान खतरे में आ गई क्योंकि बस कभी भी नीचे सरकारी स्कूल की बिल्डिंग पर गिर सकती थी। हादसे के तुरंत बाद स्थानीय दुकानदारों राजेश चौहान, राकेश शर्मा, अंकिता, टपरे पंचायत के उपप्रधान मदन लाल गुप्ता, राजेश ठाकुर व पवन शर्मा सहित अन्य ने बस में फंसे यात्रियों को खिड़कियों से बाहर निकालना शुरू किया।
ऊना में आज से नियमित चलेंगी सभी ट्रेनें
जिला ऊना से चलने वाली ट्रेनों में सोमवार को दौलतपुर चौक से दिल्ली के बीच चलने वाली वंदे भारत व हिमाचल एक्सप्रैस ट्रेनें रद्द हुई हैं। यह ट्रेनें ऊना की बजाय चंडीगढ़ रेलवे स्टेशन से चलीं। इसके अलावा दौलतपुर चौक से अम्बाला के बीच चलने वाली डीजल मोबाइल यूनिट भी रद्द कर दिया गया है।
बाढ़ प्रभावितों को 2 करोड़ की राहत सामग्री लेकर मुंबई से हिमाचल आईं 2 कंपनियां
मुंबई की 2 कंपनियां हिमाचल प्रदेश के बाढ़ प्रभावितों के लिए 2 करोड़ रुपए की राहत सामग्री लेकर यहां आई हुई हैं। एमरीकेयरज और हनीवैल कंपनी ने बाढ़ प्रभावितों की मदद के लिए हिमाचल प्रदेश वालंटरी हैल्थ एसोसिएशन न्यू शिमला के साथ संपर्क किया और राहत सामग्री लेकर यहां पहुंची। औट से लेकर पंडोह तक के बाढ़ प्रभावित 200 परिवारों को यह राहत किटें बांटी गईं।
हत्या के मामले में पुलिस कर्मी को उम्रकैद, साक्ष्यों के अभाव में 2 आरोपी बरी
हत्या के मामले में दोषी करार देते हुए एक पुलिस कर्मी को सोलन के जिला एवं सत्र न्यायाधीश वीरेंद्र शर्मा की अदालत ने आजीवन कारावास की सजा सुनाई है। इसके अलावा उसे 10 हजार रुपए जुर्माना भी किया गया है। जुर्माना अदा न करने पर दोषी को अतिरिक्त सजा काटनी होगी। वहीं हत्या के इस मामले में दो अन्य आरोपियों को साक्ष्यों के अभाव में बरी कर दिया गया है।