हिमाचल हाईकोर्ट को मिले 3 नए जज, सरकार ने किए 8 HAS अफसरों के तबादले, पढ़ें HP की 10 बड़ी खबरें

punjabkesari.in Saturday, Jul 29, 2023 - 05:49 AM (IST)

शिमला (ब्यूरो): हिमाचल में 15 अगस्त तक मानसून का सितम जारी रहेगा। प्रदेश हाईकोर्ट के 2 वरिष्ठ अधिवक्ताओं व एक न्यायिक अधिकारी को हिमाचल हाईकोर्ट के जज के तौर पर नियुक्त करने बारे केन्द्र सरकार ने अधिसूचना जारी की है। प्रदेश सरकार ने 8 एचएएस अधिकारियों के तबादलों और तैनाती के आदेश जारी किए हैं। हिमाचल में आपदा से निपटने के लिए सरकार के सहयोग को विश्व बैंक आगे आया है। कुल्लू जिला में बाहन व आनी के जाबन में बादल फटे हैं। हमीरपुर जिला के भोरंज में मूसलाधार बारिश की वजह से कच्चे मकान की दीवार गिरने से 3 बच्चे मलबे में दब गए, जिन्हें कड़ी मशक्त के बाद निकाला गया। लोक निर्माण तथा युवा सेवाएं एवं खेल मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि जयराम ठाकुर को लोभ और राजनीतिक लालच छोड़ देना चाहिए। वहीं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने कांग्रेस सरकार पर आरोप लगाया है कि सरकार ने मरीजों के इलाज को भगवान भरोसे छोड़ दिया है। हमीरपुर भाजपा मंडल के पदाधिकारियों से मंडल अध्यक्ष बनाने के लिए सुझाव लेने पहुंचे पूर्व सांसद व प्रभारी सुरेश चंदेल व पायल वैद्य के सामने भाजपा पदाधिकारी आपस में उलझ गए। स्वास्थ्य मंत्री धनीराम शांडिल ने प्रशिक्षु डॉक्टरों का स्टाईपैंड बढ़ाने सहित प्रदेश में डॉक्टरों के 200 व नर्सिंग स्टाफ के 700 पद भरने की बात कही है। उधर, ऊना जिला में पुलिस को पौने 3 किलोग्राम का गोबिंद सागर झील में तैरता हुआ मिला है।

पढ़ें हिमाचल की बड़ी खबरें सिर्फ यहां

हिमाचल में 15 अगस्त तक जारी रहेगा मानसून का सितम
राज्य में अभी मौसम राहत नहीं देने वाला है अपितु 15 अगस्त तक मानसून का सितम जारी रहेगा। मौसम विभाग की मानें तो 15 अगस्त तक मानसून पूरी तरह से यौवन पर रहेगा और उसके बाद ही इसके धीमे होने के आसार हैं, जिसके बाद राज्य के लोग इससे राहत पाएंगे। अभी तक 35 दिनों के भीतर मानसून की बारिश ने जमकर उत्पात मचाया है और जानमाल का खूब नुक्सान हुआ है।

हिमाचल हाईकोर्ट को मिले 3 नए जज, अधिसूचना जारी
प्रदेश हाईकोर्ट के 2 वरिष्ठ अधिवक्ताओं व एक न्यायिक अधिकारी को हिमाचल हाईकोर्ट के जज के तौर पर नियुक्त करने बारे केन्द्र सरकार ने अधिसूचना जारी की है। इनमें वरिष्ठ अधिवक्ता रंजन शर्मा, वरिष्ठ अधिवक्ता बिपिन चंद्र नेगी व ज्यूडिशियल ऑफिसर राकेश कैंथला के नाम शामिल हैं। वरिष्ठ अधिवक्ता रंजन शर्मा ने 11 दिसम्बर, 1991 से वकालत शुरू की थी।

हिमाचल में 8 HAS अधिकारियों का तबादले
प्रदेश सरकार ने 8 एचएएस अधिकारियों के तबादलों और तैनाती के आदेश जारी किए गए हैं। इसकी अधिसूचना मुख्य सचिव प्रबोध सक्सेना की तरफ से जारी की गई है। अधिसूचना के तहत जिला मंडी के करसोग में सहायक आयुक्त (विकास) सह खंड विकास अधिकारी के पद पर तैनात एचएएस अमित कलथैक को सहायक आयुक्त (राजस्व) सह तहसीलदार थुनाग जिला मंडी के रूप में नियुक्त किया गया है।

आपदा से निपटने के लिए सरकार के सहयोग को विश्व बैंक आया आगे
हिमाचल में आपदा से निपटने के लिए सरकार के सहयोग को विश्व बैंक आगे आया है। विश्व बैंक ने प्रदेश को नुक्सान के व्यापक आकलन और पूर्ण सहायता प्रदान करने की पेशकश की है। इसके साथ ही भारत में बैंक के कंट्री डायरैक्टर अगस्ते तानो कौमे ने एक पत्र के माध्यम से प्राकृतिक आपदा के कारण उत्पन्न हुईं परिस्थितियों से कुशलतापूर्वक निपटने के लिए मुख्यमंत्री की असाधारण नेतृत्व क्षमताओं की सराहना की।

आनी के जाबन में बादल फटा, देहूरी खड्ड का जलस्तर बढ़ने से घर छोड़ भागे लोग
आनी के जाबन में शुक्रवार रात्रि अचानक बादल फटने की सूचना मिली है। बादल फटने के चलते देहूरी खड्ड का जलस्तर बढ़ गया। इसके चलते आनी में स्थित कियार कालोनी सहित देहूरी खड्ड  के किनारे रहने वाले दर्जनों घरों के लोग अपने-अपने घर छोड़कर भागने को मजबूर हो गए। 

कुल्लू के बाहंग में फटा बादल, घरों व दुकानों में बाढ़ का पानी व मलबा घुसा
कुल्लू जिला की ऊझी घाटी में वीरवार रात बादल फटने से बाहंग नाले में बाढ़ आ गई। आधी रात को आई बाढ़ से पुलिया मलबे से ढक गई, जिससे नाले के पानी ने सड़क की ओर रुख कर लिया। जब बाढ़ आई तो लोग घरों में सो रहे थे जोकि बाढ़ की खबर सुनकर जाग गए तथा उसके बाद डर के साए में रात काटी।

4 भाई-बहनों पर गिरी दीवार, बेहोशी की हालत में मलबे से निकाला बच्चा
हमीरपुर जिला के भोरंज में मूसलाधार बारिश की वजह से कच्चे मकान की दीवार गिरने से 3 बच्चे मलबे में दब गए, जिन्हें कड़ी मशक्त के बाद निकाला गया। यह मामला टौणीदेवी ब्लॉक की ग्राम पंचायत दरव्यार के हिम्मर गांव का है। बता दें कि शुक्रवार को सुबह 5 बजे बारिश की वजह से दोमंजिला मकान की पिछली दीवार गिर गई।

आपदा में राजनीति की बजाय केंद्र से आर्थिक मदद लाएं जयराम 
लोक निर्माण तथा युवा सेवाएं एवं खेल मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि जयराम ठाकुर को लोभ और राजनीतिक लालच छोड़ देना चाहिए। उन्होंने कहा कि ऑप्रेशन लोटस कभी सफल नहीं होगा तथा मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह के नेतृत्व में कांग्रेस सरकार 5 वर्ष चलेगी। विक्रमादित्य सिंह यहां पत्रकारों से अनौपचारिक बातचीत कर रहे थे। 

जयराम ने साधा निशाना, बोले-सरकार ने भगवान भरोसे छोड़ा मरीजों का इलाज
कांग्रेस सरकार ने प्रदेश में लोगों के स्वास्थ्य को भगवान के भरोसे छोड़ दिया है। राजधानी स्थित मैडीकल कालेज में ही एमआरआई के लिए 2-2 महीने बाद की तारीख मिल रही है। नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने शुक्रवार को शिमला से जारी बयान में ये आरोप लगाए। उन्होंने कहा है कि छोटी-मोटी जांचों के लिए लोगों को एक-एक हफ्ते तक इंतजार करना पड़ रहा है। 

हमीरपुर में सुझाव लेने पहुंचे प्रभारियों के सामने मारपीट पर उतारू हुए भाजपाई
हमीरपुर भाजपा मंडल के पदाधिकारियों से मंडल अध्यक्ष बनाने के लिए सुझाव लेने पहुंचे पूर्व सांसद व प्रभारी सुरेश चंदेल व पायल वैद्य के सामने भाजपा पदाधिकारी आपस में उलझ गए। भाजपाई देखते ही देखते एक-दूसरे के खिलाफ मारपीट पर भी उतारू हो गए। गनीमत यह रही कि बीच में कुछ पदाधिकारी बचाव के लिए आ गए अन्यथा मामला बहुत बढ़ जाता। 

प्रशिक्षु डाॅक्टरों का स्टाइपैंड बढ़ेगा, डाॅक्टरों के 200 और नर्सिंग स्टाफ के 700 पद भरे जाएंगे
प्रदेश में पोस्ट ग्रैजुएट कर रहे प्रशिक्षु डाॅक्टरों को मिलने वाला स्टाइपैंड पड़ोसी प्रदेशों की तुलना में बहुत कम है, जिसे शीघ्र ही अन्य प्रदेशों के समान करने के प्रयास किए जाएंगे ताकि प्रदेश के प्रशिक्षु डाॅक्टरों को पड़ोसी प्रदेशों के समान स्टाइपैंड मिल सके। यह बात स्वास्थ्य मंत्री डाॅ. धनीराम शांडिल ने चम्बा प्रवास के दौरान नागरिक अस्पताल डल्हौजी का दौरा करने के बाद प्रैस वार्ता में कही। 

गोबिंद सागर झील में तैरता मिला पौने 3 किलो का पत्थर
गोबिंद सागर झील के लठियाणी घाट पर पानी में तैरता पत्थर मिला है। झील में तैरते पत्थर का रहस्य क्या है, इस पर तरह-तरह के कयास लगाए जा रहे हैं। जानकारी के अनुसार वीरवार सायं पुलिस टीम घाट पर अपनी रूटीन चैकिंग के लिए गई हुई थी। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Related News