चम्बा का अंतर्राष्ट्रीय मिंजर मेला शुरू, NSG ने शिमला ब्लास्ट मामले में जुटाए सबूत, पढ़ें HP की 10 बड़ी खबरें
punjabkesari.in Monday, Jul 24, 2023 - 05:58 AM (IST)

शिमला (ब्यूरो): राज्य में बरसात के कारण मिलने वाले जख्म अभी और गहरे होंगे क्योंकि मौसम विभाग के अनुसार 29 जुलाई तक मौसम खराब रहेगा। हिमाचल प्रदेश में बादल फटने की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। चम्बा के ऐतिहासिक व अंतर्राष्ट्रीय मिंजर मेले का आज से आगाज हो गया है। शिमला के होनहार शिवम चोपड़ा ने अमेरिका में कछुए से प्रेरित रोबोट का आविष्कार किया है। लगातार बारिश से हो रही तबाही से परेशान लोग अब बारिश को रोकने के लिए देवताओं की शरण में जाने लग गए हैं। राजधानी में मालरोड के साथ लगते मिडल बाजार स्थित हिमाचल रसाई (रैस्टोरैंट) में हुए संदिग्ध ब्लास्ट की जांच के लिए रविवार को एनएसजी की टीम शिमला पहुंची। नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने आरोप लगाया कि प्रदेश सरकार की आपसी खींचतान से अफसरशाही परेशान है तथा राज्य में अधिकारियों को खुलेआम धमकी दी जा रही है। पांवटा साहिब नैशनल हाईवे-707 सतौन स्कूल के मोड़ पर भूस्खलन के कारण 15 दिनों से बंद है। प्रदेश में इस बार जल शक्ति विभाग को 1500 करोड़ रुपए का नुक्सान हुआ है। भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष एवं सांसद सुरेश कश्यप कोलकाता पहुंचे जहां पश्चिम बंगाल हुंगली जनपद के ग्राम मालपहाड़पुर व तारकेश्वर में भाजपा के 3 पीड़ित कार्यकर्ताओं के आवास पर जाकर उनसे मिले।
पढ़ें हिमाचल की बड़ी खबरें सिर्फ यहां
हिमाचल में 27 जुलाई तक यैलो अलर्ट, जानिए कब तक खराब रहेगा मौसम
इस माह लोगों को मौसम राहत देने वाला नहीं है। यानी बरसात के कारण मिलने वाले जख्म अभी और गहरे होंगे क्योंकि मौसम विभाग के अनुसार 29 जुलाई तक मौसम खराब रहेगा जबकि 27 जुलाई तक भारी बारिश, बिजली गरजने, बाढ़ आने की संभावना है। 24 जून से शुरू हुए मानसून सीजन में मात्र 30 दिनों में 158 लोगों की जान चली गई है जबकि 51.15 अरब की संपत्ति को नुक्सान पहुंचा है।
मनाली के शलीन में बादल फटा, घरों में घुसा मलबा
हिमाचल प्रदेश में बादल फटने की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। मनाली विधानसभा क्षेत्र की शलीन पंचायत में बादल फटने से लोगों के घरों में बारिश का मलबा घुस गया। 4 घरों को काफी नुक्सान हुआ है वहीं सेब के बगीचे भी प्रभावित हुए हैं। लोग लगातार बादल फटने से डर के साये में जीने को मजबूर हैं।
चम्बा का अंतर्राष्ट्रीय मिंजर मेला शुरू
चम्बा के ऐतिहासिक व अंतर्राष्ट्रीय मिंजर मेले का आज से आगाज हो गया है। मिंजर मेले का औपचारिक शुभारम्भ बतौर मुख्यातिथि पधारे राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ल ने पारंपरिक कुंजड़ी मल्हार गीतों के बीच ध्वज फहराकर किया। उन्होंने प्राचीन लक्ष्मीनारायण मंदिर में मिंजर भेंट कर आशीर्वाद लिया। उन्होंने कला एवं शिल्प मेले तथा विभिन्न सरकारी विभागों द्वारा वर्तमान सरकार की उपलब्धियों को दर्शाती प्रदर्शनी का भी शुभारम्भ किया।
शिमला के शिवम ने अमेरिका में किया कछुए से प्रेरित रोबोट का आविष्कार
शिमला के होनहार शिवम चोपड़ा ने अमेरिका में कछुए से प्रेरित रोबोट का आविष्कार किया है। रोबोटिस्टों ने एक अनटेथर्ड बॉट डिजाइन किया है जो रेत में तैरते समय भूमिगत बाधाओं का पता लगा सकता है और खोज और बचाव अभियानों में प्रभावी ढंग से संलग्न हो सकता है।
बारिश को रोकने के लिए देवता बोंद्रा महाराज की शरण में पहुंचे लोग
लगातार बारिश से हो रही तबाही से परेशान लोग अब बारिश को रोकने के लिए देवताओं की शरण में जाने लग गए हैं। लोगों का मानना है कि प्राकृतिक विपदा को रोकने में देवी-देवता ही उनका साथ दे सकते हैं। देवी-देवताओं के चमत्कार अब कहीं न कहीं सार्थक भी होने शुरू हो गए हैं। पिछले तीन दिन से पांच लंबरदारी के देवता बोंद्रा महाराज अपने दौरे पर हैं और इस दौरान उनके क्षेत्र में भी बारिश से हो रहे नुक्सान थम गए हैं।
शिमला में ब्लास्ट मामले की जांच करने पहुंची NSG
राजधानी में मालरोड के साथ लगते मिडल बाजार स्थित हिमाचल रसाई (रैस्टोरैंट) में हुए संदिग्ध ब्लास्ट की जांच के लिए रविवार को एनएसजी की टीम शिमला पहुंची। इसके तहत एनएसजी के कमाडों ने डॉग स्क्वायड और नैशनल बम डेटा सैंटर टीम के साथ घटनास्थल पर करीब 9 घंटे तक बारीकी से हर पहलू की पड़ताल की और मौके से कुछ सैंपलों को एकत्र कर अलग-अलग पैकेटों में सील किया।
सरकार की आपसी खींचतान से प्रदेश की अफसरशाही परेशान
नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने आरोप लगाया कि प्रदेश सरकार की आपसी खींचतान से अफसरशाही परेशान है तथा राज्य में अधिकारियों को खुलेआम धमकी दी जा रही है, साथ ही कांग्रेस सरकार ने प्रदेश में ऐसी कार्य संस्कृति विकसित की जा रही है, जिसमें कोई भी अधिकारी काम नहीं करना चाह रहा है। ज्यादातर अधिकारी केंद्र में जाना चाहते हैं यानि हिमाचल से पलायन करना चाहते हैं।
NH-707 की बहाली में देरी को लेकर ग्रामीणों का हंगामा
पांवटा साहिब नैशनल हाईवे-707 सतौन स्कूल के मोड़ पर भूस्खलन के कारण 15 दिनों से बंद है। लिहाजा सड़क बहाली का काम धीमी गति से चलने के कारण स्थानीय लोगों ने मौके पर पहुंचकर हंगामा किया। कंपनी अधिकारियों के साथ बहसबाजी होने की नौबत आ गई। हंगामा देखकर कंपनी को मौके पर पुलिस बुलानी पड़ी।
जल शक्ति विभाग को बारिश से 1500 करोड़ का नुक्सान
प्रदेश में इस बार जल शक्ति विभाग को 1500 करोड़ रुपए का नुक्सान हुआ है। यह जानकारी उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने सोलन में दी। पत्रकार वार्ता में उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार को इस समय हिमाचल प्रदेश की मदद करनी चाहिए। उन्होंने आग्रह किया कि जो 315 करोड़ रुपए केंद्र के पास हिमाचल के फंसे हैं, उन्हें वर्तमान समय में नुक्सान को देखते हुए जारी कर देना चाहिए।
पश्चिम बंगाल में हिंसा के पीड़ित कार्यकर्ताओं से मिले सुरेश कश्यप
भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष एवं सांसद सुरेश कश्यप कोलकाता पहुंचे जहां पश्चिम बंगाल हुंगली जनपद के ग्राम मालपहाड़पुर व तारकेश्वर में भाजपा के 3 पीड़ित कार्यकर्ताओं के आवास पर जाकर उनसे मिले। इस मौके पर कश्यप ने कहा कि भाजपा के कार्यकर्ताओं को चुनावों के दौरान पीटा गया तथा अनुसूचित जाति वर्ग के परिवारों के साथ भी मारपीट की गई लेकिन पुलिस ने शिकायत और एफआईआर तक भी दर्ज नहीं की।