चम्बा के तेलका में बादल फटने से तबाही, लोकसभा चुनाव से पहले भाजपा में बड़ा बदलाव, पढ़ें HP की 10 बड़ी खबरें

punjabkesari.in Thursday, Jul 20, 2023 - 06:17 AM (IST)

शिमला (ब्यूरो): राज्य में न तो मानसून थम रहा है और न ही बारिश के साथ आने वाली आफत व नुक्सान का आंकड़ा। चम्बा जिला के उपमंडल सलूणी के तेलका क्षेत्र के काशनेड व मौडा में बादल फटने से भारी नुक्सान हुआ है। वहीं सलूणी में मूसलाधार बारिश से 35 मकान व गऊशालाएं क्षतिग्रस्त हो गई हैं। भाजपा ने लोकसभा चुनाव से पहले हिमाचल प्रदेश में बड़ा बदलाव किया है। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह ने कहा 31 अगस्त तक शिक्षा विभाग को पूरी तरह डिजिटल बना दिया जाएगा। शिमला ब्लास्ट के बाद अब सरकार हरकत में आ गई है। कुल्लू जिला में आपदा से बचकर दिल्ली वापस जा रहे पर्यटकों ने नगवाईं के एक पैट्रोल पंप पर हंगामा किया। एचआरटीसी ड्राइवरों व कंडक्टरों के लिए राहत भरी खबर है। केंद्रीय टीम ने जिला सोलन में भारी बारिश से 365 करोड़ रुपए नुक्सान आंका है। कांगड़ा जिले में क्रिप्टो करंसी के नाम पर करोड़ों की ठगी का मामला सामने आया है।

पढ़ें हिमाचल की बड़ी खबरें सिर्फ यहां

हिमाचल में नहीं थम रहा मानसून का कहर, 24 घंटों में 5 की मौत, 1.17 अरब का नुक्सान
राज्य में न तो मानसून थम रहा है और न ही बारिश के साथ आने वाली आफत व नुक्सान का आंकड़ा। पिछले 24 घंटों में ही 5 लोगों की मौत और 1.17 अरब की संपत्ति को नुक्सान हुआ है। 24 जून से शुरू हुए मानसून के मात्र 26 दिनों की अवधि में राज्य में 130 लोगों की मौत, 12 लापता और 153 लोग घायल हो चुके हैं जबकि नुक्सान का आंकड़ा 48.08 अरब पार कर गया है। 

चम्बा के तेलका में बादल फटने से तबाही, वाहन बहे...घरों में घुसा पानी
चम्बा जिला के उपमंडल सलूणी के तेलका क्षेत्र के काशनेड व मौडा में बादल फटने से भारी नुक्सान हुआ है। रात के 2 बजे बादल फटने से नाले का जलस्तर एकदम बढ़ गया, जिससे सूखा नाला उफनते दरिया में तबदील हो गया। इससे साथ लगते कई घरों में पानी भर गया। घरों में पानी घुसने से लोगों ने जरूरी सामान सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया।

लोकसभा चुनाव से पहले हिमाचल भाजपा में बड़ा बदलाव
भाजपा ने लोकसभा चुनाव से पहले हिमाचल प्रदेश में बड़ा बदलाव किया है। भाजपा ने अधिसूचना जारी करते हुए 17 संगठनात्मक जिलों के अध्यक्षों की नियुक्ति की है। इनमें बिलासपुर, लाहौल-स्पीति, पालमपुर, देहरा, नूरपूर और सिरमौर के जिला अध्यक्षों को पुन: निुयक्त किया गया है। अधिसूचना के तहत चम्बा जिला के अध्यक्ष के रूप में धीरज नरयाल, कांगड़ा में सचिन शर्मा, नूरपुर में रमेश राणा, देहरा में संजीव शर्मा, पालमपुर में हरिदत्त शर्मा को जिला अध्यक्ष के तौर पर नियुक्त किया। 

31 अगस्त तक पूरी तरह से डिजिटलाइज्ड हो जाएगा शिक्षा विभाग
मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह ने कहा कि सचिवालय की 50 प्रतिशत शाखाएं और 24 निदेशालय अपने दैनिक कामकाज के लिए ई-ऑफिस प्रणाली का उपयोग कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि 31 अगस्त तक शिक्षा विभाग को पूरी तरह डिजिटल बना दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि आईजीएमसी शिमला और टांडा मेडिकल काॅलेज के कर्मचारियों और मरीजों का डाटा डिजिटल टैक्नोलॉजी और गवर्नैंस विभाग के सहयोग से समयबद्ध तरीके से ऑनलाइन किया जाना चाहिए।

शिमला में ब्लास्ट के बाद हरकत में आई सरकार, होटल व रेस्तरां की जांच करने के निर्देश
शिमला ब्लास्ट के बाद अब सरकार हरकत में आ गई है। डीजीपी संजय कुंडू ने विभागों को होटल व रेस्तरां की जांच-पड़ताल करने के निर्देश दिए हैं। डीजीपी ने कहा कि शिमला पर्यटन स्थल है, ऐसे में यहां पर काफी ज्यादा भीड़भाड़ वाले क्षेत्र में होटल व रेस्तरां सहित छोटे ढाबे बने हैं। इन सभी जगहों पर बिजली, कंप्रैसर व सिलैंडर आदि की जांच हो। संबंधित विभागों को तुरन्त प्रभाव से सख्त कदम उठाने होंगे। 

कुल्लू के नगवाईं में पर्यटकों का हंगामा, पैट्रोल पम्प जलाने का किया प्रयास
कुल्लू जिला में आपदा से बचकर दिल्ली वापस जा रहे पर्यटकों ने नगवाईं के एक पैट्रोल पंप पर हंगामा किया। इसके बाद इन्होंने पंप में आग लगाने का प्रयास किया। घटना को लेकर पैट्रोल पंप मालिक ने पुलिस के पास शिकायत की है। पुलिस के अनुसार दिल्ली की एक कार मंडी की तरफ जा रही थी। 

HRTC के चालक-परिचालकों को जल्द जारी होंगे ओवरटाइम के 3 करोड़
एचआरटीसी ड्राइवरों व कंडक्टरों के लिए राहत भरी खबर है। निगम के ड्राइवरों व कंडक्टरों को नाइट ओवरटाइम जारी करने के लिए जल्द 3 करोड़ रुपए की राशि जारी की जाएगी। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह ने बुधवार को यह आश्वासन एचआरटीसी ड्राइवर यूनियन को दिया है। एचआरटीसी ड्राइवर यूनियन के पदाधिकारियों ने सचिवालय में मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह से मुलाकात की है।

केंद्रीय टीम ने सोलन में बारिश से प्रभावित क्षेत्रों का दौरा कर 365 करोड़ का आंका नुक्सान
केंद्रीय टीम ने जिला सोलन में भारी बारिश से 365 करोड़ रुपए नुक्सान आंका है। अभी तक जिले में प्रभावित परिवारों को 1.18 करोड़ रुपए की राहत राशि प्रदान की गई है। सोलन में केंद्रीय टीम द्वारा भारी वर्षा के कारण प्रभावित क्षेत्रों का दौरा कर नुक्सान का आकलन किया गया। दल ने बुधवार को सोलन जिले के परवाणू, कामली, कोटी, जाबली, धर्मपुर, सिहारड़ी, सुल्तानपुर, रून्दनघोड़ों, क्यार और शामती में भारी वर्षा के कारण हुए नुक्सान का जायजा लिया।

चम्बा के सलूणी में मूसलाधार बारिश से भारी नुक्सान
चम्बा जिले के सलूणी उपमंडल में मूसलाधार बारिश से 35 मकान व गऊशालाएं क्षतिग्रस्त हो गई हैं। इससे करीब 30 लाख रुपए का अनुमानित नुक्सान हुआ है। वहीं बारिश से मुख्य मार्ग समेत 130 संपर्क मार्ग अवरुद्ध हो गए हैं। इससे लोक निर्माण मंडल सलूणी को 3 करोड़ का नुक्सान आंका गया है जबकि पूरा उपमंडल देश-दुनिया से कट गया है। 

कांगड़ा में क्रिप्टो करंसी के नाम पर करोड़ों की ठगी, शिकायत लेकर SP के पास पहुंचे लोग
कांगड़ा जिले में क्रिप्टो करंसी के नाम पर करोड़ों की ठगी का मामला सामने आया है। इस तरह की ठगी का शिकार हुए लोग अब एसपी कार्यालय धर्मशाला के चक्कर काटने लगे हैं और अपनी शिकायत दर्ज करवाकर जालसाजों से अपनी कमाई को वापस लाने की अपील कर रहे हैं। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Related News