मंत्री पद के लिए 2 नेताओं नाम फाइनल, Ex सीएम वीरभद्र सिंह की प्रतिमा को लेकर जयराम ने घेरी सरकार, पढ़ें HP की 10 बड़ी खबरें
punjabkesari.in Saturday, Jun 24, 2023 - 06:58 AM (IST)

शिमला (ब्यूरो): हिमाचल प्रदेश में हो रही प्री-मानसून की बारिश अब नुक्सान पहुंचाने लगी है। सुखविंदर सिंह के नेतृत्व वाली कांग्रेस सरकार में बिलासपुर जिले से राजेश धर्माणी व कांगड़ा से यादविंदर गोमा का नाम मंत्री पद के लिए लगभग फाइनल हो गया है। हिमाचल के 6 बार मुख्यमंत्री रहे स्वर्गीय वीरभद्र सिंह की जयंती पर शुक्रवार को प्रदेशभर में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए। नेता प्रतिपक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा है कि पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय वीरभद्र सिंह के निधन के 1 वर्ष बाद रिज मैदान पर उनकी प्रतिमा स्थापित नहीं होना दुर्भाग्यपूर्ण है। वहीं उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि प्रतिमाओं को लेकर राजनीति नहीं होनी चाहिए। प्रदेश सरकार ने वर्ष 1996 बैच की महिला आईपीएस अधिकारी सतवंत अटवाल को प्रदेश पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) का अतिरिक्त कार्यभार सौंपा है। प्रदेश हाईकोर्ट ने मनरेगा के तहत लोकपाल यानी ओम्बडस्मेन को दिए जाने वाले यात्रा, महंगाई और अन्य भत्ते न देने से जुड़े मामले में केंद्र और प्रदेश सरकार को नोटिस जारी किया है। मनोहर हत्याकांड के आरोपियों के डाकघर में भी खाते हैं। इन खातों में 17 लाख रुपए पाए गए हैं। राज्य स्तरीय 3 दिवसीय मां शूलिनी मेला शुक्रवार को विधिवत पूजा-अर्चना के साथ शुरू हुआ। मां शूलिनी की शोभायात्रा के दौरान विभिन्न झांकियों ने सभी को मोहित किया। प्रो-बॉक्सिंग प्रतियोगिता में देश-विदेश के बॉक्सरोंं के बीच खूब मुक्के बरसे। राज्य स्तरीय मां शूलिनी मेले की प्रथम सांस्कृतिक संध्या में पंजाब गायक जस्सी गिल ने युवाओं के दिलों पर राज किया।
पढ़ें हिमाचल की बड़ी खबरें सिर्फ यहां
हिमाचल में आफत बनकर बरस रहे मेघ, आगामी 3 दिन भारी बारिश का अनुमान
हिमाचल प्रदेश में हो रही प्री-मानसून की बारिश अब नुक्सान पहुंचाने लगी है। राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के अनुसार शुक्रवार शाम तक प्रदेश के मंडी जिले में भूस्खलन से एक की मौत हो गई है जबकि राज्य में 13 संपर्क सड़कें और 72 बिजली ट्रांसफार्मर बंद पड़े हैं। सिरमौर जिले में 6, कुल्लू में 3, चम्बा में 2 तथा कांगड़ा व शिमला में 1-1 संपर्क सड़क जबकि चम्बा जिले में 72 ट्रांसफार्मर ठप्प चल रहे हैं।
मंत्री पद के लिए राजेश धर्माणी-यादविंदर गोमा के नाम लगभग फाइनल
सुखविंदर सिंह के नेतृत्व वाली कांग्रेस सरकार में बिलासपुर जिले से राजेश धर्माणी व कांगड़ा से यादविंदर गोमा का नाम मंत्री पद के लिए लगभग फाइनल हो गया है। इसके अलावा तीसरे मंत्री के रूप में हमीरपुर जिले से राजेंद्र राणा व कांगड़ा से सुधीर शर्मा के बीच पेंच फंस गया है। पार्टी सूत्रों के अनुसार मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह के प्रदेश लौटने से पहले मंत्रिमंडल विस्तार को लेकर शुक्रवार को पार्टी आलाकमान से चर्चा हुई, जिसमें जातीय व क्षेत्रीय समीकरणों को ध्यान में रखकर ये नाम सामने आए हैं।
कांग्रेस ने जयंती पर याद किए पूर्व सीएम वीरभद्र सिंह
हिमाचल के 6 बार मुख्यमंत्री रहे स्वर्गीय वीरभद्र सिंह की जयंती पर शुक्रवार को प्रदेशभर में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए। राज्य स्तरीय कार्यक्रम प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन में आयोजित किया गया। इसमें बड़ी संख्या में पार्टी नेताओं, पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं व समर्थकों ने स्वर्गीय वीरभद्र सिंह को याद करते हुए उनके छायाचित्र पर श्रद्धासुमन अर्पित किए।
पूर्व सीएम वीरभद्र सिंह की प्रतिमा रिज मैदान पर स्थापित करने पर हो रही राजनीति
नेता प्रतिपक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा है कि पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय वीरभद्र सिंह के निधन के 1 वर्ष बाद रिज मैदान पर उनकी प्रतिमा स्थापित नहीं होना दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने कहा कि इसके लिए कांग्रेस पार्टी के भीतर ही राजनीति हो रही है, जो सही नहीं है। जयराम ठाकुर यहां पत्रकारों से अनौपचारिक बातचीत कर रहे थे। उन्होंने कहा कि वीरभद्र सिंह के निधन के बाद भाजपा सरकार के पास उनकी प्रतिमा को रिज मैदान पर स्थापित करने का विषय सामने आया था।
प्रतिमाओं काे लेकर कोई विवाद नहीं होना चाहिए
हिमाचल के विकास में स्वर्गीय वीरभद्र सिंह के योगदान को कभी नहीं भुलाया जा सकता है। उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने शुक्रवार को राजीव भवन शिमला में स्वर्गीय वीरभद्र सिंह की जयंती पर आयोजित कार्यक्रम के दौरान मीडिया से यह बात कही। उन्होंने कहा कि वीरभद्र सिंह ने 60 वर्ष तक प्रदेशवासियों के दिलों पर राज किया। अंतिम समय तक वह हिमाचल विधानसभा के सदस्य थे।
सरकार ने IPS सतवंत अटवाल को सौंपा DGP का अतिरिक्त कार्यभार
प्रदेश सरकार ने वर्ष 1996 बैच की महिला आईपीएस अधिकारी सतवंत अटवाल को प्रदेश पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) का अतिरिक्त कार्यभार सौंपा है। डीजीपी संजय कुंडू के आगामी 14 जुलाई तक अवकाश पर जाने के चलते उन्हें यह अतिरिक्त जिम्मा सौंपा गया है। मुख्य सचिव की तरफ से इस आशय संबंधी अधिसूचना शुक्रवार को जारी की गई।
शोभायात्रा के साथ शूलिनी मेला शुरू
राज्य स्तरीय 3 दिवसीय मां शूलिनी मेला शुक्रवार को विधिवत पूजा-अर्चना के साथ शुरू हुआ। मां शूलिनी की शोभायात्रा के दौरान विभिन्न झांकियों ने सभी को मोहित किया। इस बार शोभायात्रा में गणेश, माखनचोर, शिव व मां काली, हनुमान, भगवान राम व राधा-कृष्ण सहित अन्य झांकियां शामिल रहीं। इस दौरान पहाड़ी वाद्ययंत्र, बैगपाइपर, बैंड-बाजा व सपेरा बीन के अतिरिक्त विशेष ढोलियों की टीमों ने शोभायात्रा को चार चांद लगा दिए।
मनोहर हत्याकांड के आरोपियों के खातों से मिले 17 लाख रुपए
मनोहर हत्याकांड के आरोपियों के डाकघर में भी खाते हैं। इन खातों में भी कुछ धनराशि जमा है। बैंक, एफडी व डाकघर में जमा राशि को जोड़कर अब तक पुलिस को आरोपियों के खातों से लगभग 17 लाख रुपए मिले हैं। खातों की जांच अब भी जारी है। पुलिस आरोपियों द्वारा विभिन्न स्तर पर की गई ट्रांसजैक्शन को भी चैक कर रही है। भाजपा ने आरोपियों के खातों में करोड़ों रुपए की धनराशि जमा होने के आरोप लगाए थे।
हाईकोर्ट ने केंद्र और प्रदेश सरकार को जारी किया नोटिस
प्रदेश हाईकोर्ट ने मनरेगा के तहत लोकपाल यानी ओम्बडस्मेन को दिए जाने वाले यात्रा, महंगाई और अन्य भत्ते न देने से जुड़े मामले में केंद्र और प्रदेश सरकार को नोटिस जारी किया है। मुख्य न्यायाधीश एमएस रामचंद्र राव और न्यायाधीश अजय मोहन गोयल की खंडपीठ ने प्रदेश सरकार से इस बाबत जरूरी हिदायत कोर्ट में पेश करने के आदेश भी दिए।
PM Modi ने एक निशान, एक प्रधान व एक विधान के सपने को किया साकार
नेता प्रतिपक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जम्मू-कश्मीर से अनुच्छेद 370 व 35 (ए) को हटाकर जनसंघ के संस्थापक डा. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के एक निशान, एक प्रधान व एक विधान के सपने को साकार किया है। उन्होंने कहा कि डाॅ. मुखर्जी ने भारत की एकता एवं अखंडता में अहम भूमिका निभाई। जयराम ठाकुर यहां डाॅ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के शहीदी दिवस के अवसर पर प्रदेश मुख्यालय दीप कमल में आयोजित कार्यक्रम के दौरान संबोधित कर रहे थे।
रिज मैदान पर बरसे मुक्के, भारत के लवप्रीत ने नॉक आऊट पंच से जीता मुकाबला
प्रो-बॉक्सिंग प्रतियोगिता में देश-विदेश के बॉक्सरोंं के बीच खूब मुक्के बरसे। पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय वीरभद्र सिंह के जन्मदिन के मौके पर उनकी याद में आयोजित रोमांच से भरपूर इस प्रतियोगिता में भारत के बॉक्सर ने भी विदेशी बॉक्सरों पर दबदबा बनाया। प्रतियोगिता के पहले मुकाबले में लाइट वेट वर्ग में भारत के लवप्रीत सिंह ने वियतनाम के दाई फेट लाम को मात देकर जीत दर्ज की।
मांं शूलिनी मेले की प्रथम संध्या में पंजाब गायक जस्सी गिल के गानों पर थिरके दर्शक
राज्य स्तरीय मां शूलिनी मेले की प्रथम सांस्कृतिक संध्या में पंजाब गायक जस्सी गिल ने युवाओं के दिलों पर राज किया। उन्होंने एक से बढ़कर एक पंजाबी गाने गाकर संध्या अपने नाम की। इस संध्या में करीब 50 से अधिक कलाकारों ने एकल व ग्रुप में गायन व नृत्य प्रस्तुतियां दीं। प्रथम सांस्कृतिक संध्या में मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की। सीपीएस राम कुमार चौधरी और संजय अवस्थी विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल हुए।
HRTC बस की ब्रेक हुई फेल, खाई में गिरने से बाल-बाल बची
नगर निगम मंडी के रामनगर वार्ड में शुक्रवार को दोपहर बाद एचआरटीसी बस की ब्रेक फेल हो गई और खाई में गिरने से बाल-बाल बच गई। जानकारी के मुताबिक एचआरटीसी के मंडी डिपो की बस मंडी से कैहनवाल जा रही थी। रामनगर वार्ड से होकर जा रही यह बस जैसे ही सन्यारडी के समीप पहुंची तो कैंची पर मोड़ काटने के दौरान अचानक बस अनियंत्रित हो गई और ब्रेक ने काम करना भी बंद कर दिया।
बिलासपुर में भारी बारिश से दधोल-लदरौर सड़क अवरुद्ध, कार पानी में बही
बिलासपुर जिला के तहत आती ग्राम पंचायत पड़यालग के अंतर्गत आने वाले गांव लड़ा में शुक्रवार सुबह भारी बारिश होने से नाले ने रौद्र रूप धारण कर लिया, जिसके कारण दधोल-लदरौर सड़क अवरुद्ध हो गई। वहीं एक आल्टो कार जोकि सड़क किनारे खड़ी थी, वह भी बह कर पुली से जा अटकी, जिससे कार को भी काफी नुक्सान हुआ है। सूचना मिलने पर कंपनी के कर्मचारी मौके पर पहुंचे और अवरुद्ध हुई सड़क को जेसीबी की मदद से खुलवाया।