चम्बा में मनोहर हत्याकांड को लेकर निकाली जन आक्रोश रैली, शिमला में टैक्सी यूनियन विवाद पर प्रदर्शन, पढ़ें HP की 10 बड़ी खबरें

punjabkesari.in Friday, Jun 23, 2023 - 06:58 AM (IST)

शिमला (ब्यूरो): मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश में 4 दिन भारी बारिश का यैलो व ऑरैंज अलर्ट जारी किया गया है। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह के नेतृत्व वाली कांग्रेस सरकार में मंत्रिमंडल विस्तार को लेकर दूसरे दिन भी मंथन जारी रहा। मनोहर हत्याकांड की एनआईए से जांच व फास्ट ट्रैक कोर्ट में सुनवाई की मांग को लेकर जिला मुख्यालय चम्बा में एक जन आक्रौश रैली निकाली गई। राजधानी शिमला में 2 टैक्सी यूनियन के बीच हुई लड़ाई का विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा है। मनोहर के परिवार से मिलने भांदल जा रहे देवभूमि क्षत्रिय संगठन स्वर्ण मोर्चा प्रमुख रुमित सिंह ठाकुर व कार्यकर्ताओं को पुलिस ने चौहड़ा में रोक दिया। उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने कुमारसैन के सैंज में पूर्व सीएम स्वर्गीय वीरभद्र सिंह की प्रतिभा का अनावरण किया। बारालाचा दर्रे में ऑक्सीजन की कमी से 2 पर्यटकों की मौत हो गई है। कांगड़ा जिला के तहत विकास खंड फतेहपुर के अंतर्गत हाड़ा पंचायत भवन से 100 मीटर की दूरी पर रिहायशी क्षेत्र में एक जिंदा हैंड ग्रेनेड मिला है। किलाड़-सेचू हिलुटवान मार्ग पर सेचू पुल से महज कुछ दूरी पर एक कार दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसे में एक की मौत हो गई जबकि 2 लोग लापता हैं। मंडी जिला के तहत निहरी क्षेत्र के मतयोग गांव के 23 वर्षीय युवक की भूस्खलन की चपेट में आने से मौत हो गई है। 

पढ़ें हिमाचल की बड़ी खबरें सिर्फ यहां

हिमाचल में 4 दिन भारी बारिश का यैलो व ऑरैंज अलर्ट जारी
प्री-मानसून की बारिश से जून माह में मौसम सुहावना हो गया है। वीरवार को राजधानी शिमला सहित कई इलाकों में जमकर मेघ बरसे। वहीं शिमला व बिलासपुर सहित कई क्षेत्रों को धुंध ने अपनी आगोश में ले लिया है। मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश में 4 दिन भारी बारिश का यैलो व ऑरैंज अलर्ट जारी किया गया है। 

मंत्रिमंडल विस्तार को लेकर दूसरे दिन भी मंथन, दिल्ली में रुके सीएम सुखविंदर सिंह
मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह के नेतृत्व वाली कांग्रेस सरकार में मंत्रिमंडल विस्तार को लेकर दूसरे दिन भी मंथन जारी रहा। इस कारण मुख्यमंत्री को वीरवार को दिल्ली में ही रुकना पड़ा। पार्टी सूत्रों के अनुसार मुख्यमंत्री ने सत्ता-संगठन से जुड़े विषयों विशेषकर मंत्रिमंडल विस्तार को लेकर राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, राष्ट्रीय महासचिव संगठन केसी वेणुगोपाल और प्रदेश प्रभारी राजीव शुक्ला से बातचीत की है।

मनोहर हत्याकांड को लेकर चम्बा में निकाली जन आक्रौश रैली
मनोहर हत्याकांड की एनआईए से जांच व फास्ट ट्रैक कोर्ट में सुनवाई की मांग को लेकर जिला मुख्यालय चम्बा में एक जन आक्रौश रैली निकाली गई। संघणी हत्याकांड संघर्ष समिति के बैनर तले निकाली गई इस रैली में जिलाभर से विभिन्न संगठनों के लोगों ने भाग लिया। रैली चौगान नंबर-2 से शुरू हुई। इसके बाद पूरे बाजार की परिक्रमा करने के बाद शहर के मुख्य चौक पर पहुंची। यहां पर प्रदर्शन हुआ और प्रदेश सरकार व जिला प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की गई। 

शिमला में डीसी व एसपी ऑफिस के बाहर गरजीं टैक्सी यूनियनें
राजधानी शिमला में 2 टैक्सी यूनियन के बीच हुई लड़ाई का विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा है। क्षेत्रवाद की राजनीति और बीते 16 जून को ऑकलैंड में हुई हिंसा में गिरफ्तारियां न होने से नाराज शिमला जिले के टैक्सी चालकों व ऑप्रेटरों ने डीसी ऑफिस का घेराव किया और पुलिस व जिला प्रशासन से मांग की कि ऑकलैंड में मारपीट करने वाले टैक्सी चालकों को गिरफ्तार किया जाए। 

पुलिस ने चौहड़ा में रोके देवभूमि क्षत्रिय संगठन स्वर्ण मोर्चा के कार्यकर्ता
मनोहर के परिवार से मिलने भांदल जा रहे देवभूमि क्षत्रिय संगठन स्वर्ण मोर्चा प्रमुख रुमित सिंह ठाकुर व कार्यकर्ताओं को पुलिस ने चौहड़ा में रोक दिया। संगठन के कार्यकर्ता भांदल जाने पर अड़े रहे लेकिन पुलिस ने धारा-144 का हवाला देकर उन्हें आगे जाने की अनुमति नहीं दी। इसके चलते काफी देर तक पुलिस व कार्यकर्ताओं में तनातनी का माहौल रहा। इस दौरान रुमित सिंह ठाकुर ने पुलिस से कई सवालों के जवाब भी मांगे।

Deputy CM मुकेश अग्निहोत्री ने सैंज में किया Ex CM वीरभद्र सिंह की प्रतिमा का अनावरण
हिमालयन वैल्फेयर फाऊंडेशन की ओर से पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह की जयंती के अवसर पर कुमारसैन के राणा रामेश्वर सिंह खेल परिसर दरबार मैदान में 2 दिवसीय कार्यक्रम का शुभारंभ वीरवार को किया गया। इस कार्यक्रम के मुख्यातिथि उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री रहे। वहीं लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रतिभा सिंह विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे।

बारालाचा दर्रे में ऑक्सीजन की कमी से 2 पर्यटकों की मौत
बारालाचा दर्रे में ऑक्सीजन की कमी से 2 पर्यटकों की मौत हो गई है। पर्यटक केलांग से लेह जा रहे थे। पुलिस ने शव कब्जे में ले लिए हैं और पोस्टमार्टम के लिए केलांग अस्पताल लाए गए हैं। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार पर्यटकों की मौत हाई एल्टीट्यूट सिकनैस की वजह से हुई है। मृतकों की पहचान विनोद कुमार (32) निवासी फतेहबाद व कबाला सिंह (48) पुत्र मिस्टर कपूर जम्मू-कश्मीर के रूप में हुई है। 

कांगड़ा के फतेहपुर में मिला जिंदा हैंड ग्रेनेड, पुलिस ने सील किया क्षेत्र
कांगड़ा जिला के तहत विकास खंड फतेहपुर के अंतर्गत हाड़ा पंचायत भवन से 100 मीटर की दूरी पर रिहायशी क्षेत्र में एक जिंदा हैंड ग्रेनेड मिला है। स्थानीय निवासी अनिल कुमार ने बताया कि जब वह बजार की तरफ आ रहे थे तो रास्ते के किनारे ग्रेनेड जैसी चीज देखी। इसकी जानकारी उन्होंने तुरंत पुलिस को दी। थाना फतेहपुर की टीम मौके पर पहुंची व ग्रेनेड के पास के करीब 100 मीटर क्षेत्र को सील कर दिया।

पांगी में सेचू पुल के पास नाले में गिरी कार, एक की मौत, 2 लापता
किलाड़-सेचू हिलुटवान मार्ग पर सेचू पुल से महज कुछ दूरी पर एक कार दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसे में एक की मौत हो गई जबकि 2 लोग लापता हैं। जानकारी के अनुसार 3 लोग बुधवार शाम को सेचू से कार में सवार होकर हिलुटवान में एक शादी समारोह के लिए जा रहे थे। सेचू पुल से महज कुछ दूरी पर पहुंचते ही अचानक सड़क के बीचोंबीच एक कुत्ते ने छलांग लगा दी, जिसे बचाने के चक्कर में कार गहरे नाले में जा गिरी।

भूस्खलन की चपेट में आने से युवक की मौत, घर का था इकलौता चिराग
मंडी जिला के तहत निहरी क्षेत्र के मतयोग गांव के 23 वर्षीय युवक की भूस्खलन की चपेट में आने से मौत हो गई है। जानकारी के अनुसार दुर्गा दास पुत्र डाहडू राम गांव मतयोग डाकघर बराखड़ी तहसील निहरी अन्य लोगों के साथ रास्ते से जा रहा था कि अचानक भूस्खलन होने से वह मलबे में दब गया। हादसे के बाद दुर्गा दास को अन्य लोगों ने मलबे से बाहर निकालकर निहरी अस्पताल पहुंचाया, जहां से चिकित्सकों ने उसे नेरचौक मेडिकल काॅलेज रैफर कर दिया लेकिन रास्ते में ही जयदेवी के करीब युवक ने दम तोड़ दिया। 

पुलिस ने 3 मामलों में पकड़ा चिट्टा व नशीली दवाएं, 2 महिलाओं सहित 6 गिरफ्तार
सिरमौर जिले में नशे के खिलाफ कार्रवाई करते हुए पुलिस ने 3 अलग-अलग मामलों में नशीले पदार्थों के साथ 6 लोगों को गिरफ्तार किया गया है, जिनमें 2 महिलाएं भी शामिल हैं। जानकारी के अनुसार पहले मामले में पुलिस ने देवीनगर में चिट्टे व नकदी के साथ एक महिला व उसके रिश्तेदार को दबोचा है। पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि एक महिला अपने रिश्तेदार के साथ मिलकर अपने मकान में चिट्टा बेचने का अवैध धंधा करती है। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Related News