मंडी के धर्मपुर में बादल फटा, आज कांगड़ा के नूरपुर पहुंचेंगे भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा, पढ़ें HP की 10 बड़ी खबरें
punjabkesari.in Monday, Jun 12, 2023 - 12:23 AM (IST)

शिमला (ब्यूरो): मंडी जिले के धर्मपुर के मंडप में बादल फटने से भारी नुक्सान हुआ है। हिमाचल में लोकसभा चुनावों में जुटी भारतीय जनता पार्टी की जीत सुनिश्चित करवाने को लेकर राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा सोमवार को नूरपुर पहुंचेंगे। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह ने कहा कि राज्य सरकार हिमाचल प्रदेश के हितों की लड़ाई लड़ने को तैयार है। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह ने भविष्य की चुनौतियों के लिए हिमाचल प्रदेश राज्य सहकारी बैंक लिमिटेड (एचपीएससीबी) द्वारा तैयार रहने की आवश्यकता पर बल दिया। प्रदेश कांग्रेस में निष्क्रिय पदाधिकारियों को पार्टी से बाहर का रास्ता दिखाया जाएगा और ईमानदारी से बेहतर कार्य करने वाले कार्यकर्ताओं को संगठन में अहम स्थान दिया जाएगा। केंद्रीय मेंत्री अनुराग ठाकुर ने कहा कि मोदी सरकार ने देश को 9 वर्षों के कार्यकाल में भ्रष्टाचार मुक्त सरकार ही नहीं दी बल्कि देश को दुनिया भर के अग्रणी देशों की श्रेणी में भी ला खड़ा किया है। हिमाचल प्रदेश विधानसभा में पहले बाल सत्र के लिए बाल मंत्रिमंडल का रविवार को गठन हुआ। नेता प्रतिपक्ष एवं पूर्व सीएम जयराम ठाकुर ने प्रदेश सरकार के 6 माह पूरे होने पर हमला बोला है तथा आरोप लगाया कि सरकार अब तक हर मोर्चे पर विफल रही है। वहीं मुख्यमंत्री के प्रधान सलाहकार मीडिया नरेश चौहान ने प्रदेश की कांग्रेस सरकार के 6 माह के कार्यकाल को उपलब्धियों वाला करार दिया। ग्राम पंचायत भुआणा के तहत आने वाले घेड़ गांव के वार्ड नंबर-3 में एक बच्ची की बावड़ी में डूबने से मौत हो गई।
पढ़ें हिमाचल की बड़ी खबरें सिर्फ यहां
मंडी के धर्मपुर में बादल फटने से भारी नुक्सान, राज्य में 4 दिन आंधी-तूफान व ओलावृष्टि का यैलो अलर्ट
मंडी जिले के धर्मपुर के मंडप में बादल फटने से भारी नुक्सान हुआ है। बादल फटने से एक पोकलेन मशीन गयूण खड्ड में बह गई। वहीं पुल के पिल्लर में लगी करीब 200 लोहे की प्लेटें मलबे में दब गईं। गयूण-द्रमण सड़क पर पुल का कार्य चल रहा था। घटना में कोई जानी नुक्सान नहीं हुआ है। प्रशासन की टीम ने मौके पर पहुंच कर नुक्सान का जायजा लिया है। वहीं चंडीगढ़-मनाली नैशनल हाईवे बनाला के पास भूस्खलन होने से बंद हो गया है।
कांगड़ा संसदीय क्षेत्र को भेदने आज नूरपुर पहुंचेंगे भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा
हिमाचल में लोकसभा चुनावों में जुटी भारतीय जनता पार्टी की जीत सुनिश्चित करवाने को लेकर राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा सोमवार को नूरपुर पहुंचेंगे। नूरपुर में नड्डा कांगड़ा संसदीय क्षेत्र को भेदने का प्रयास करेंगे। इतना ही नहीं, नड्डा कार्यकर्ताओं की नाराजगी को दूर करते हुए एकजुटता के साथ चुनावों में उतरने के लिए मंत्र देंगे। जेपी नड्डा पार्टी कार्यालय के उद्घाटन के बहाने मिशन 2024 का शंखनाद करेंगे।
जल उपकर हिमाचल का अधिकार, सरकार इसे लेकर रहेगी
मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह ने कहा कि राज्य सरकार हिमाचल प्रदेश के हितों की लड़ाई लड़ने को तैयार है। जल उपकर हिमाचल प्रदेश का अधिकार है तथा सरकार इसे लेकर रहेगी। यह बात उन्होंने रविवार को शिमला में एक कार्यक्रम के बाद पत्रकारों से अनौपचारिक बातचीत में कही। उन्होंने आरोप लगाया कि गत 40 वर्षों से हिमाचल की संपदा लुटती आ रही है तथा हिमाचल के अधिकारों को राज्य सरकार से वंचित किया गया है।
सहकारी बैंकों की कार्यप्रणाली के विस्तार के लिए 6 माह में लागू होंगे सुधार
मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह ने भविष्य की चुनौतियों के लिए हिमाचल प्रदेश राज्य सहकारी बैंक लिमिटेड (एचपीएससीबी) द्वारा तैयार रहने की आवश्यकता पर बल दिया तथा कहा कि सरकार सहकारी बैंकों को हरसंभव सहायता प्रदान कर सुदृढ़ करेगी। उन्होंने कहा कि बैंक डिजिटल तकनीकयुक्त होने चाहिए और उपभोक्ताओं को आधुनिक तकनीक का उपयोग कर बैंकिंग सुविधा प्रदान की जानी चााहिए।
मोदी सरकार ने 9 वर्षों में देश को किया भ्रष्टाचार मुक्त
केंद्रीय मेंत्री अनुराग ठाकुर ने कहा कि वर्ष 2014 से पहले किसी ने कल्पना नहीं की थी कि देश को भ्रष्टाचार से मुक्ति मिलेगी, लेकिन मोदी सरकार ने देश को 9 वर्षों के कार्यकाल में भ्रष्टाचार मुक्त सरकार ही नहीं दी बल्कि देश को दुनिया भर के अग्रणी देशों की श्रेणी में भी ला खड़ा किया है। केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण मंत्री अनुराग ठाकुर गगरेट विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत भंजाल गांव में मोदी सरकार के 9 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में आयोजित भाजपा व्यापार सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे।
विधानसभा के पहले बाल सत्र के लिए बाल मंत्रिमंडल का गठन
हिमाचल प्रदेश विधानसभा में पहले बाल सत्र के लिए बाल मंत्रिमंडल का रविवार को गठन हुआ। इसके तहत सोमवार यानि 12 जून को होने वाले बाल सत्र के लिए 68 बाल विधायकों में से विधानसभा अध्यक्ष व उपाध्यक्ष सहित 13 कैबिनेट मंत्री, 3 राज्य मंत्री और 4 संसदीय सचिव का चयन किया गया, साथ ही नेता प्रतिपक्ष का भी चयन किया गया।
निष्क्रिय पदाधिकारी होंगे कांग्रेस पार्टी से बाहर, सक्रिय कार्यकर्ताओं को मिलेगा ओहदा
प्रदेश कांग्रेस में निष्क्रिय पदाधिकारियों को पार्टी से बाहर का रास्ता दिखाया जाएगा और ईमानदारी से बेहतर कार्य करने वाले कार्यकर्ताओं को संगठन में अहम स्थान दिया जाएगा। प्रदेश कांग्रेस कार्यालय राजीव भवन शिमला में पार्टी के जिला अध्यक्षों की बैठक के दौरान मीडिया से अनौपचारिक बातचीत के दौरान प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रतिभा सिंह ने लोकसभा चुनावों से पहले संगठन में फेरबदल के भी संकेत दिए।
जयराम ने साधा निशाना, बोले-नाकामियों से भरा रहा सरकार का 6 माह का कार्यकाल
नेता प्रतिपक्ष एवं पूर्व सीएम जयराम ठाकुर ने प्रदेश सरकार के 6 माह पूरे होने पर हमला बोला है तथा आरोप लगाया कि सरकार अब तक हर मोर्चे पर विफल रही है। सरकार के 6 महीने सिर्फ नाकामियों के लिए जाने जाएंगे। उन्होंने आरोप लगाया कि चुनावों के समय 10 गारंटियां देकर सत्ता में आई कांग्रेस सरकार अब हिमाचल की जनता के हितों को भूल गई है और अब सिर्फ जनविरोधी फैसले ले रही है।
कांग्रेस सरकार के 6 माह का कार्यकाल उपलब्धियों वाला, BJP को निशाना साधने का कोई हक नहीं
मुख्यमंत्री के प्रधान सलाहकार मीडिया नरेश चौहान ने प्रदेश की कांग्रेस सरकार के 6 माह के कार्यकाल को उपलब्धियों वाला करार दिया तथा कहा कि सरकार ने 6 माह में राज्य की आर्थिकी को मजबूत करने के साथ-साथ आम लोगों के हित में कई अहम कार्य किए हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ने गरीब तबके से लेकर सभी वर्गों के हितों में कई निर्णय लिए हैं लेकिन विपक्षी नेताओं को ये दिखाई नहीं दे रहे हैं।
बावड़ी से पानी लेने गई 9 वर्षीय बच्ची की डूबने से मौत
ग्राम पंचायत भुआणा के तहत आने वाले घेड़ गांव के वार्ड नंबर-3 में एक बच्ची की बावड़ी में डूबने से मौत हो गई। पंचायत प्रधान कुलवंत ने बताया कि घेड़ में रहने वाली संजय कुमार की 9 वर्षीय बेटी गांव के अन्य बच्चों के साथ शाम को गांव के नजदीक बावड़ी में पानी लेने के लिए गई थी।
हिमाचल में बनते हैं उत्तराखंड की भांग के जूते
हिमाचल प्रदेश में बेशक भांग की खेती पर प्रतिबंध है और अब इस भांग की खेती को वैध करने की कवायद शुरू हुई है लेकिन उत्तराखंड की भांग से हिमाचल में जूते सहित 200 उत्पाद निर्मित हो रहे हैं। खास बात यह है कि भांग सेे बनने वाली पूलें तो सदियों से चलन में हैं। यह उत्पाद इट्स हैंप कंपनी बना रही है। कांगड़ा में चलने वाली इस कंपनी के फाऊंडर सृजन शर्मा का कहना है कि यदि हिमाचल में भांग की खेती को वैध किया जाता है तो इसके कई फायदे हैं।