MC Election को लेकर भाजपा के प्रत्याशियों की दूसरी सूची जारी, मकान में आग लगने से जिंदा जला डीपीई, पढ़ें HP की 10 बड़ी खबरें

punjabkesari.in Friday, Apr 14, 2023 - 06:40 AM (IST)

शिमला (ब्यूरो): प्रदेश में शुक्रवार को मौसम बेशक साफ रहेगा लेकिन शनिवार से मौसम करवट लेगा जबकि 17 अप्रैल को यैलो अलर्ट जारी किया गया है। मनपसंद स्थानों पर पोस्टिंग चाहने वाले बिजली बोर्ड के 2 सहायक अभियंताओं को हाईकोर्ट ने जनजातीय क्षेत्र में स्थानांतरित करने के आदेश दिए हैं। नगर निगम चुनाव के लिए भाजपा ने अपने प्रत्याशियों की दूसरी सूची जारी कर दी है। नेता प्रतिपक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने आरोप लगाया कि प्रदेश में सत्तारूढ़ कांग्रेस पार्टी नगर निगम शिमला के चुनाव को हाईजैक करने का प्रयास कर रही है। हिमाचल प्रदेश में कोरोना से मौत का सिलसिला जारी है। शिमला में कोरोना से 43 वर्षीय व्यक्ति की मौत हुई है। हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय ने स्नातक डिग्री कोर्स के पूर्व में जारी परीक्षाओं के शैड्यूल में बदलाव किया है। केसीसी बैंक निदेशक से किडनी ट्रांसप्लांट के नाम पर 10 लाख रुपए की ठगी करने वाले आरोपी को उसकी पत्नी के साथ धर्मशाला पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। हमीरपुर जिला के तहत थाना क्षेत्र नादौन के अंतर्गत उपरली सुकड़याह गांव में एक युवक ने फंदा लगा लिया। वहीं मकान में आग लगने से डीपीई की जिंदा जलकर मौत हो गई। नाली-चंडीगढ़ फोरलेन पर औट के पास सड़क हादसे में एक बाइक सवार युवक की मौत हो गई।

पढ़ें हिमाचल की बड़ी खबरें सिर्फ यहां

हिमाचल में शनिवार से करवट लेगा मौसम, 17 अप्रैल को यैलो अलर्ट
प्रदेश में शुक्रवार को मौसम बेशक साफ रहेगा लेकिन शनिवार से मौसम करवट लेगा जबकि 17 अप्रैल को यैलो अलर्ट जारी किया गया है। पिछले कुछ दिनों से मौसम के साफ व शुष्क रहने के कारण अब सूर्यदेव ने अपनी तपिश का खूब अहसास करवा दिया है। वीरवार को ऊना में प्रदेश का अधिकतम तापमान 36.8 डिग्री सैल्सियस दर्ज किया गया है जबकि न्यूनतम तापमान में भी अब उछाल आने लगा है।

3 दशक से शिमला में ही तैनात 2 अधिकारियों को लाहौल-स्पीति व किन्नौर भेजने के आदेश
मनपसंद स्थानों पर पोस्टिंग चाहने वाले बिजली बोर्ड के 2 सहायक अभियंताओं को हाईकोर्ट ने जनजातीय क्षेत्र में स्थानांतरित करने के आदेश दिए हैं। एक को लाहौल-स्पीति तो दूसरे को किन्नौर भेजने के आदेश दिए हैं। न्यायाधीश तरलोक सिंह चौहान और न्यायाधीश विरेंदर सिंह की खंडपीठ ने 1 मई तक अपने आदेशों की अनुपालना रिपोर्ट भी मांगी है।

भाजपा के 5 प्रत्याशियों की दूसरी सूची जारी, इन वार्डों से लड़ेंगे चुनाव
नगर निगम चुनाव के लिए भाजपा ने अपने प्रत्याशियों की दूसरी सूची जारी कर दी है। इस सूची में पार्टी ने 5 प्रत्याशियों के टिकट को फाइनल किया है। इसमें टूटीकंडी वर्ड से रितु गौतम, राम बाजार से सुनंदा करोल, जाखू से राजन अग्रवाल, पंथाघाटी से कुसुम ठाकुर और कनलोग से बृज सूद शामिल है, ऐसे में भाजपा के 6 टिकटों को लेकर अभी भी पेच फंसा है।

रात को मकान में सोया था व्यक्ति, सुबह हो गई ये अनहोनी
हमीरपुर जिला के नादौन उपमंडल के तहत ग्राम पंचायत सनाही के गांव चलैली निवासी अशोक कुमार पुत्र महंत राम की आग से जलकर मौत हो गई, वहीं करीब लाखों रुपए का सामान जल कर राख होने का समाचार है। यह घटना वीरवार सुबह करीब 3 बजे हुई, जब अशोक कुमार अपने कच्चे मकान में सोया हुआ था। आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। 

नगर निगम शिमला के चुनाव को हाईजैक करने का प्रयास कर रही कांग्रेस
नेता प्रतिपक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने आरोप लगाया कि प्रदेश में सत्तारूढ़ कांग्रेस पार्टी नगर निगम शिमला के चुनाव को हाईजैक करने का प्रयास कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि उपमुख्यमंत्री, मंत्री व विधायकों के आवास के नाम पर वोट बनाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि एक कमरे में 18 वोट बनाए जाना इसका प्रमाण है। 

कोरोना से 43 वर्षीय व्यक्ति की मौत, जानिए आज कितने आए नए पॉजिटिव केस
हिमाचल प्रदेश में कोरोना से मौत का सिलसिला जारी है। शिमला में कोरोना से 43 वर्षीय व्यक्ति की मौत हुई है, वहीं प्रदेश में बीते 24 घंटों के अंदर कोरोना के 440 नए पॉजिटिव मामले आए हैं। संक्रमितों में बिलासपुर के 33, चम्बा के 13, हमीरपुर के 51, कांगड़ा के 172, किन्नौर के 5, कुल्लू के 13, मंडी के 61, शिमला के 36, सिरमौर के 17, सोलन के 15 व ऊना के 24 मरीज शामिल हैं। 

HPU ने यूजी की 16 परीक्षाओं की तिथियों में किया बदलाव
हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय ने स्नातक डिग्री कोर्स के पूर्व में जारी परीक्षाओं के शैड्यूल में बदलाव किया है। विश्वविद्यालय ने स्नातक बीए, बीएससी, बीकॉम प्रथम, द्वितीय और तृतीय वर्ष की 16 परीक्षाओं की तिथियों में बदलाव किया है। विश्वविद्यालय प्रशासन की ओर से इसकी अधिसूचना जारी कर दी गई है, साथ ही विश्वविद्यालय की वैबसाइट पर विस्तृत जानकारी उपलब्ध करवाई गई है। 

केसीसी बैंक निदेशक से 10 लाख की ठगी करने वाला दंपति गिरफ्तार
किडनी की बीमारी से ग्रस्त केसीसी बैंक निदेशक से किडनी ट्रांसप्लांट के नाम पर 10 लाख रुपए की ठगी करने वाले आरोपी को उसकी पत्नी के साथ धर्मशाला पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने इस मामले में आरोपी नितिन गुप्ता व उसकी पत्नी शिखा गुप्ता निवासी मोहल्ला खतरी पल्ला अंतरौली जिला अलीगढ़ उत्तर प्रदेश को ऑफिसर सीटी एम-302 राज नगर एक्सटैंशन गाजियाबाद उत्तर प्रदेश से गिरफ्तार किया है।

पिता की अस्थियां प्रवाहित करने हरिद्वार गया था परिवार, बेटे ने घर में फंदा लगाकर दी जान
थाना क्षेत्र नादौन के अंतर्गत उपरली सुकड़याह गांव में एक युवक ने फंदा लगा लिया। मृतक युवक की पहचान मदन लाल पुत्र निक्का राम के रूप में की गई है। वह एक निजी बस में बतौर चालक सेवाएं दे रहा था। जानकारी के अनुसार 3 दिन पूर्व ही उसके पिता की मृत्यु हुई थी और परिवार अस्थियां प्रवाहित करने हरिद्वार गया था। 

मनाली-चंडीगढ़ फोरलेन पर औट में सड़क हादसा, एक युवक की मौत
मनाली-चंडीगढ़ फोरलेन पर औट के पास सड़क हादसा हुआ, जिसमें एक बाइक सवार युवक की मौत हो गई जबकि दूसरा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। जानकारी के अनुसार वीरवार सुबह करीब साढ़े 11 बजे एक गाड़ी कुल्लू से मंडी की तरफ जा रही थी। वहीं बाइक सवार 2 युवक मंडी से कुल्लू की तरफ जा रहे थे।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Recommended News

Related News