Kangra: अचानक लगी आग से पूरा मकान राख, बेघर हुआ परिवार, अगले माह बेटी का विवाह
punjabkesari.in Thursday, Oct 08, 2026 - 11:23 PM (IST)
नगरोटा बगवां (बिशन): वीरवार सायं निकटवर्ती ग्राम पंचायत घोड़ब के वार्ड नंबर-1 में राज कुमार पुत्र प्रेम चंद के मकान में अचानक आग लग गई। आग इतनी भीषण थी कि दो कमरों और किचन में रखा सारा सामान राख हो गया। किचन में रखा रसोई गैस सिलैंडर भी आग की चपेट में आने के बाद फट गया। बताया जा रहा है कि जिस समय मकान में आग लगी, उस समय परिवार के सदस्य घर पर मौजूद नहीं थे। इस कारण किसी तरह का जानी नुक्सान नहीं हुआ। आग की भयंकर लपटें देखकर आसपास के लोग मौके पर एकत्र हो गए। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और अग्निशमन विभाग की गाड़ी व कर्मचारी भी मौके पर पहुंच गए। कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया, लेकिन तब तक घर में रखा अधिकांश सामान जलकर राख हो चुका था। आग की इस घटना से परिवार के सामने रहने और खाने-पीने का संकट खड़ा हो गया है।
घर में न तो रात को सोने के लिए बिस्तर बचे और न ही खाना बनाने के बर्तन व राशन। बताया जा रहा है कि पीड़ित परिवार की बेटी का विवाह अगले माह तय है और शादी की तैयारियां भी चल रही थीं, ऐसे में आग की इस घटना से परिवार को बड़ा आघात पहुंचा है। पूर्व विधायक अरुण कुमार कूका ने प्रशासन से आग्रह किया है कि पीड़ित गरीब परिवार को अधिक से अधिक आर्थिक सहायता उपलब्ध करवाई जाए, ताकि परिवार को इस संकट से उबरने में मदद मिल सके।
प्रशासन ने दी फौरी राहत
उधर, प्रशासनिक अधिकारी भी मौके पर पहुंचे। तहसीलदार नगरोटा बगवां अशोक पठानिया ने पीड़ित परिवार को तुरंत 10 हजार रुपए की फौरी राहत प्रदान की तथा पटवारी और कानूनगो को नुक्सान का पूरा आकलन करने के निर्देश दिए। तहसीलदार ने बताया कि नुक्सान का सही आकलन करने के बाद पीड़ित परिवार को अतिरिक्त आर्थिक सहायता राशि भी प्रदान की जाएगी।

