आज दिल्ली जाएंगे सीएम सुक्खू, ग्रामीण विकास व पंचायती राज विभाग में भरे जाएंगे 4 हजार पद, पढ़ें HP की 10 बड़ी खबरें

punjabkesari.in Sunday, Jan 22, 2023 - 06:32 AM (IST)

शिमला (ब्यूरो): प्रदेश में बर्फबारी होने के बाद 7 जिले शीतलहर की चपेट में आ गए हैं। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू रविवार को दिल्ली जाएंगे। इस दौरान उनका राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और कांग्रेस पार्टी के वरिष्ठ नेताओं से मिलने का कार्यक्रम है। ग्रामीण विकास व पंचायती राज मंत्री अनिरुद्ध सिंह ने कहा है कि विभाग में विभिन्न वर्गों के 4 हजार पद भरे जाएंगे। प्रदेश सरकार द्वारा प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में एक राजीव गांधी मॉडल डे बोर्डिंग स्कूल स्थापित किया जाएगा। श्रीनगर में भारत जोड़ो यात्रा के समापन अवसर पर प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू भी मौजूद रहेंगे। शिमला में पूर्व शहरी विकास मंत्री सुरेश भारद्वाज को एक स्कूटी सवार ने टक्कर मारकर घायल कर दिया। गंभीर वित्तीय संकट के दौर से गुजर रही सरकार ने सरकारी खर्चों में कटौती करने का निर्णय लिया है। ड्रग विभाग ने हमीरपुर जिले के वैटर्नरी दवाई स्टोर हमीरपुर पक्का भरो में दबिश देकर दवाइओं के 10 सैंपल लिए। कांगड़ा केंद्रीय सहकारी बैंक ने करीब 926 प्रमोशन व प्लेसमैंट कर अपने अधिकारियों व कर्मचारियों को नए साल का तोहफा दिया है। शिमला जिला के साथ लगते थौला जंगल में शिकार करने गए एक व्यक्ति की गोली लगने से मौत हो गई।

पढ़ें हिमाचल की बड़ी खबरें सिर्फ यहां

हिमाचल के 5 जिलों में बर्फबारी का अलर्ट, 7 जिले शीतलहर की चपेट में
बर्फबारी होने के बाद प्रदेश के 7 जिलों शिमला, कुल्लू, किन्नौर, लाहौल-स्पीति, चम्बा, कांगड़ा और मंडी शीतलहर की चपेट में आ गए हैं। इन शहरों के न्यूनतम तापमान में ही नहीं, बल्कि अधिकतम तापमान में भी भारी गिरावट दर्ज की गई है। राजधानी शिमला का अधिकतम तापमान 13 डिग्री से गिरकर 4 डिग्री सैल्सियस पहुंच गया है। 

सीएम सुक्खू आज जाएंगे दिल्ली, राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री व पार्टी नेताओं से करेंगे मुलाकात
मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू रविवार को दिल्ली जाएंगे। इस दौरान उनका राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और कांग्रेस पार्टी के वरिष्ठ नेताओं से मिलने का कार्यक्रम है। मुख्यमंत्री का इससे पहले गत 19 दिसम्बर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मिलने का कार्यक्रम था लेकिन 18 दिसम्बर को कोरोना पॉजिटिव आने के कारण यह मुलाकात नहीं हो पाई थी। 

ग्रामीण विकास व पंचायती राज विभाग में भरे जाएंगे 4 हजार पद
ग्रामीण विकास व पंचायती राज मंत्री अनिरुद्ध सिंह ने कहा है कि विभाग में विभिन्न वर्गों के 4 हजार पद भरे जाएंगे। इसकी डिटेल रिपोर्ट विभाग से ले ली गई है। अब जल्द ही इन पदों को भरने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। उन्होंने कहा है कि कांग्रेस पार्टी ने अपने विजन डॉक्यूमैंट में 1 लाख नौकरियां देेने का वायदा किया है। ऐसे में सरकार अपने इस वायदे को पूरा करेगी। उन्होंने कहा कि बीते शुक्रवार को हुई विभाग की समीक्षा बैठक में ग्रामीण विकास विभाग व पंचायती राज विभाग में चल रही योजनाओं की फीडबैक ली गई। 

सरकार 68 विधानसभा क्षेत्रों में स्थापित करेगी राजीव गांधी मॉडल डे बोर्डिंग स्कूल 
मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि राज्य में विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करने के लिए प्रदेश सरकार द्वारा प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में एक राजीव गांधी मॉडल डे बोर्डिंग स्कूल स्थापित किया जाएगा। इन 68 स्कूलों में अत्याधुनिक तकनीक और उपकरणों की सुविधा उपलब्ध होगी। मुख्यमंत्री ने बीते शुक्रवार देर सायं सचिवालय में शिक्षा विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों की बैठक की अध्यक्षता करते हुए यह जानकारी दी। 

भारत जोड़ो यात्रा के समापन पर श्रीनगर में मौजूद रहेंगे सीएम सुक्खू
कन्याकुमारी से शुरू हुई भारत जोड़ो यात्रा आगामी 30 जनवरी को श्रीनगर में कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी के तिरंगा फहराने के साथ समाप्त होगी। इस अवसर पर प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू भी मौजूद रहेंगे। मुख्यमंत्री के प्रधान मीडिया सलाहकार नरेश चौहान ने शनिवार को यह बात कही। 

पूर्व शहरी विकास मंत्री सुरेश भारद्वाज को स्कूटी सवार ने मारी टक्कर
शिमला में पूर्व शहरी विकास मंत्री सुरेश भारद्वाज को एक स्कूटी ने टक्कर मार दी। जानकारी के अनुसार वह छोटा शिमला के स्ट्रॉबेरी हिल में पैदल जा रहे थे। इसी बीच तेज रफ्तार स्कूटी सवार ने उन्हें टक्कर मार दी। उन्हें कुछ लोगों ने इलाज के लिए आईजीएमसी पहुंचाया। अस्पताल प्रशासनिक अधिकारियों के अनुसार पूर्व मंत्री की हालत स्थिर बनी हुई है।

नेताओं व अफसरों की सुविधाओं में कटौती करेगी सरकार
गंभीर वित्तीय संकट के दौर से गुजर रही सरकार ने सरकारी खर्चों में कटौती करने का निर्णय लिया है। इसके लिए सरकार ने नेताओं से लेकर अफसरों को दी जाने वाली सुविधाओं में कमी लाए जाने के संकेत दिए हैं। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने इसके लिए अपने मंत्रिमंडल के सभी सदस्यों से 1 माह के भीतर रिपोर्ट मांगी है।

हमीरपुर के पक्का भरो में वैटर्नरी दवाई स्टोर में ड्रग विभाग की दबिश
हमीरपुर जिले में दवाओं की बढ़ती डुप्लीकेसी को रोकने के लिए ड्रग विभाग हरकत में आ गया है। ड्रग कंट्रोल अथॉरिटी ने भी इस संदर्भ में ड्रग इंस्पैक्टरों को सख्त कार्रवाई करने के निर्देश जारी किए हैं। इसी फेहरिस्त के चलते ड्रग विभाग ने जिले के सबसे बड़े वैटर्नरी दवाई स्टोर हमीरपुर पक्का भरो में दबिश देकर दवाइओं के 10 सैंपल लिए, जिन्हें जांच के लिए विभागीय टैस्टिंग लैबोरेटरी चंडीगढ़ तथा कंडाघाट को भेज दिया है।

KCCB में 926 अधिकारियों-कर्मचारियों को प्रमोशन व प्लेसमैंट 
कांगड़ा केंद्रीय सहकारी बैंक ने करीब 926 प्रमोशन व प्लेसमैंट कर अपने अधिकारियों व कर्मचारियों को नए साल का तोहफा दिया है। पिछले 5 वर्षों से ये प्रमोशन लंबित पड़ी थी, जिसमें महाप्रबंधक से लेकर चतुर्थ श्रेणी तक के कर्मचारी शामिल थे। बैंक के अध्यक्ष कुलदीप पठानिया ने हमीरपुर में पत्रकार वार्ता करते हुए बताया कि बैंक प्रबंधन द्वारा कांगडा बैंक के लगभग 926 कर्मियों की पदोन्नति एवं प्लेसमैंट की गई है जोकि काफी समय से लम्बित चली हुई थी।

कार से 1.804 किलोग्राम चरस बरामद, कुल्लू के 3 लोग गिरफ्तार
पुलिस ने चंडीगढ़-मनाली राष्ट्रीय उच्च मार्ग पर बिलासपुर शहर से 8 किलोमीटर दूर नौणी चौक पर एक मंडी नंबर की आल्टो कार से 1 किलो 804 ग्राम चरस पकड़ी है। इस कार में 3 लोग सवार थे जिनकी पहचान माया दास (41) निवासी जंगलूग्रां,  लाभ चंद (39) व अमित कुमार (31) निवासी जरी भुंतर जिला कुल्लू के रूप में हुई है। 

जंगल में शिकार करने गए व्यक्ति की गोली लगने से मौत
शिमला जिला के साथ लगते थौला जंगल में शिकार करने गए एक व्यक्ति की गोली लगने से मौत हो गई। मृतक की पहचान केवल राम पुत्र कांशीराम गांव अन्नु, डाकघर कथोग व तहसील ठियोग के रूप में की गई है। वहीं पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। राकेश कुमार नाम के व्यक्ति ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि बीते शुक्रवार की देर शाम कुछ लोग जंगली जानवरों का शिकार करने थौला आए थे।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Recommended News

Related News