14वीं विधानसभा के 16वें अध्यक्ष बने कुलदीप सिंह पठानिया, सुक्खू सरकार के मंत्री तय, पढ़ें HP की 10 बड़ी खबरें

punjabkesari.in Friday, Jan 06, 2023 - 07:27 AM (IST)

शिमला (ब्यूरो): मौसम विभाग ने हिमाचल में 7 जनवरी से ऊंचाई व मध्यम ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी व बारिश की संभावना जताई है। हिमाचल प्रदेश के चम्बा जिले के भटियात विधानसभा क्षेत्र के विधायक कुलदीप सिंह पठानिया 14वीं विधानसभा के 16वें अध्यक्ष बन गए हैं। हिमाचल की सुखविंदर सिंह सुक्खू सरकार में मंत्री पद के चेहरे कौन-कौन होंगे, इस पर वीरवार को दिल्ली में फिर मंथन हुआ। वर्ष 1995 बैच के आईएएस अधिकारी भरत हरबंस लाल खेड़ा मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव होंगे। उनको इस पद का अतिरिक्त दायित्व सौंपा गया है। हिमाचल प्रदेश की 3618 ग्राम पंचायतों में से 948 में किए गए सोशल ऑडिट में 38.29 लाख रुपए का घपला सामने आया है। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने वीरवार धर्मशाला के खनियारा में सर्वोच्च न्यायालय के पूर्व मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति मेहर चंद महाजन की प्रतिमा का अनावरण किया। दाड़लाघाट में ट्रक ऑप्रेटर्ज व अर्की विधानसभा क्षेत्र से निर्दलीय उम्मीदवार राजेंद्र ठाकुर के बीच कहासुनी का मामला सामने आया है। राष्ट्र स्तरीय विंटर कार्निवाल के चौथे दिन मनु रंगशाला में 27 शरद सुंदरियां ने पारंपरिक परिधानों में रैंप पर उतरीं। वहीं मालरोड पर 1000 महिलाओं ने प्राचीन कुल्लवी परिधानों में महानाटी डाली। चम्बा जिले के चुवाड़ी क्षेत्र के एक व्यक्ति से यूके की फार्मास्यूटिकल कंपनी के नाम पर शातिरों ने लाखों रुपए की ठगी की है।  

पढ़ें हिमाचल की बड़ी खबरें सिर्फ यहां

हिमाचल में फिर करवट बदलेगा मौसम, 7 जनवरी से बर्फबारी व बारिश की संभावना
हिमाचल में जल्द मौसम करवट बदलेगा। मौसम विभाग ने 7 जनवरी से ऊंचाई व मध्यम ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी व बारिश की संभावना जताई है। हिमाचल के अधिकांश स्थानों पर इन दिनों कड़ाके की ठंड पड़ रही है। स्थिति यह है कि कई स्थानों पर न्यूनतम तापमान शून्य या इससे भी नीचे चला गया है। सुबह शाम यहां पर कड़कड़ाती ठंड महसूस की जा रही है। 

कुलदीप सिंह पठानिया बने 14वीं विधानसभा के अध्यक्ष
हिमाचल प्रदेश के चम्बा जिले के भटियात विधानसभा क्षेत्र के विधायक कुलदीप सिंह पठानिया 14वीं विधानसभा के 16वें अध्यक्ष बन गए हैं। अध्यक्ष बनने के बाद उन्होंने सदन को भरोसा दिलाया कि सत्तापक्ष और विपक्ष को अपनी पूरी बात रखने का अवसर दिया जाएगा। कुलदीप पठानिया ने कहा कि प्रदेश हित के मुद्दों पर चर्चा के लिए पूरा वक्त दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि वह बिना पक्षपात के अपने दायित्व को निभाने का प्रयास करेंगे। 

सुक्खू सरकार के मंत्री तय, 7 जनवरी को शपथ ग्रहण की संभावना
हिमाचल की सुखविंदर सिंह सुक्खू सरकार में मंत्री पद के चेहरे कौन-कौन होंगे, इस पर वीरवार को दिल्ली में फिर मंथन हुआ। इसके तहत मुख्यमंत्री ने केंद्रीय नेतृत्व के समक्ष अपनी संभावित कैबिनेट पर विस्तार से चर्चा की। सूत्रों के अनुसार देर रात तक चली बैठक के बाद पहले चरण में 7 से 8 मंत्री बनाए जाने पर सहमति बन गई है, जबकि 2 से 3 मंत्री बाद में बनाए जाएंगे।

भरत खेड़ा होंगे CM सुक्खू के प्रधान सचिव, इन 2 विभागों का भी मिला अतिरिक्त दायित्व
वर्ष 1995 बैच के आईएएस अधिकारी भरत हरबंस लाल खेड़ा मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव होंगे। उनको इस पद का अतिरिक्त दायित्व सौंपा गया है। उनके पास सूचना एवं जनसंपर्क (आईपीआर) के साथ आबकारी एवं कराधान का अतिरिक्त दायित्व भी रहेगा। मौजूदा समय में उनके पास सलाहकार (रैगुलेटरी रिफार्म) नई दिल्ली के अलावा लोक निर्माण विभाग, गृह एवं सतर्कता, जीएडी, एसएडी, सैनिक कल्याण व संसदीय मामले का दायित्व भी है। 

मनरेगा में हिमाचल की 948 पंचायतों में 38.29 लाख का घपला
हिमाचल प्रदेश की 3618 ग्राम पंचायतों में से 948 में किए गए सोशल ऑडिट में 38.29 लाख रुपए का घपला सामने आया है। इसमें से 3.09 लाख रुपए की रिकवरी भी हो गई है। प्रदेश में केवल लाहौल-स्पीति ही एक ऐसा जिला है जहां पर मनरेगा में अनियमितता नहीं पाई गई है। अनियमितताओं के मामले 2981 विकास कार्यों में पाए गए हैं। 38.29 लाख रुपए में से 22.47 लाख रुपए वित्तीय अनियमितताओं व 15.83 लाख रुपए डेविएशन के हैं।

CM सुक्खू ने किया न्यायमूर्ति मेहर चंद महाजन की प्रतिमा का अनावरण
मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने वीरवार धर्मशाला के खनियारा में सर्वोच्च न्यायालय के पूर्व मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति मेहर चंद महाजन की प्रतिमा का अनावरण किया। उन्होंने कहा कि न्यायमूर्ति महाजन सच्चे देशभक्त थे और जब भी हम इस प्रतिमा को देखेंगे, राष्ट्र के प्रति इनके योगदान को स्मरण करेंगे। 

विधानसभा सत्र के बीच सीएम सुक्खू दिल्ली रवाना
मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू वीरवार को विधानसभा सत्र के तुरंत बाद दिल्ली रवाना हो गए। सत्र की कार्रवाई पूरी होने के तुरंत बाद सुक्खू के बीच सत्र में ही दिल्ली जाने को लेकर अटकलों का बाजार गर्म हो गया। सूत्रों के हवाले से ऐसा पता चला है कि मुख्यमंत्री मंत्रिमंडल के गठन को लेकर हाईकमान से चर्चा करेंगे। विधानसभा अध्यक्ष के रूप में चम्बा के कुलदीप पठानिया की ताजपोशी होने के बाद अब काफी समय से लम्बित पड़े मंत्रिमंडल के गठन को लेकर कवायद शुरू हो चुकी है।

दाड़लाघाट में अर्की से निर्दलीय उम्मीदवार रहे राजेंद्र ठाकुर व ट्रक ऑप्रेटर्ज में कहासुनी
दाड़लाघाट में ट्रक ऑप्रेटर्ज व अर्की विधानसभा क्षेत्र से निर्दलीय उम्मीदवार राजेंद्र ठाकुर के बीच उस समय कहासुनी हो गई जब वे ट्रक ऑप्रेटर्ज के समर्थन में दाड़लाघाट पहुंचे। राजेंद्र ठाकुर जैसे ही दाड़लाघाट पहुंचे तो कुछ ट्रक ऑप्रेटर्ज ने उनका विरोध करना शुरू कर दिया। इस विरोध में पूर्व जिला परिषद सदस्य दाड़लाघाट राम कृष्ण शर्मा ने कहा कि यह राजनीतिक मंच नहीं है, इस मंच पर कोई भी राजनेता नहीं आना चाहिए। 

पहाड़ी धुन पर पारंपरिक परिधानों में रैंप पर उतरीं 27 शरद सुंदरियां
दर्शकों से खचाखच भरी मनु रंगशाला सुंदरियों के कदम रखते ही सीटियों से गूंज उठी। प्रतिभागियों ने कुल्लवी पट्टू, पंजाबी लहंगा-चोला और साड़ी पहनकर रैंप पर कैटवाॅक किया। विंटर क्वीन प्रतियोगिता के दूसरे राऊंड में बुधवार को 27 प्रतिभागी सुंदरियों ने पारंपरिक परिधान पहनकर रैंप पर कैटवाक किया। ठंड के बीच दर्शकों ने तालियों और सीटियों के साथ उनका स्वागत किया। 

मालरोड पर 1000 महिलाओं ने प्राचीन कुल्लवी परिधानों में डाली महानाटी
पर्यटन नगरी मनाली में आयोजित राष्ट्र स्तरीय विंटर कार्निवाल के चौथे दिन मनाली के राइट बैंक की एक हजार महिलाओं ने प्राचीन कुल्लवी परिधानों में मालरोड पर महानाटी डाली। महानाटी के माध्यम से महिलाओं ने कुल्लू की पुरातन संस्कृति बचाने का संदेश दिया। इस महानाटी को देखने के लिए स्थानीय लोगों के अलावा सैलानी भी काफी संख्या में मौजूद रहे। 

कांदू नट्स की खरीद-फरोख्त के नाम पर चुवाड़ी के व्यक्ति से ठगी
चम्बा जिले के चुवाड़ी क्षेत्र के एक व्यक्ति से यूके की फार्मास्यूटिकल कंपनी के नाम पर शातिरों ने लाखों रुपए की ठगी की है। शातिर उसे करीब 12 लाख रुपए का चूना लगा चुके थे। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने मुकद्दमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार गोला निवासी मनोहर लाल ने पुलिस में दर्ज शिकायत में बताया है कि विदेश की एक यूके बेस्ड फर्जी कंपनी एबोट फार्मास्यूटिकल के नाम से पहाड़ों में पाए जाने वाले कांदू नट्स की खरीद-फरोख्त के नाम पर शातिरों ने उससे संपर्क किया।

कुल्लू की गड़सा वैली में 720 ग्राम चरस के साथ तस्कर गिरफ्तार
कुल्लू जिला की गड़सा वैली के खोड़ा आगे क्षेत्र में पुलिस ने एक युवक को 720 ग्राम चरस की खेप के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी के खिलाफ पुलिस ने मादक द्रव्य अधिनियम के तहत केस दर्ज करके छानबीन शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार पुलिस की एक टीम इलाके में गश्त पर थी। इस दौरान गड़सा की ओर पैदल आ रहा एक युवक पुलिस की गाड़ी को देखकर रुक गया और उसने एक कैरी बैग झाड़ियों की ओर फैंका तथा खुद लघुशंका के बहाने सड़क किनारे खड़ा हो गया।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Recommended News

Related News