विधानसभा का शीतकालीन सत्र आज, छात्र ने जाली सर्टीफिकेट से लिया MBBS में दाखिला, पढ़ें HP की 10 बड़ी खबरें

punjabkesari.in Wednesday, Jan 04, 2023 - 06:23 AM (IST)

शिमला (ब्यूरो): हिमाचल प्रदेश में आगामी 3 दिन तक मौसम विभाग ने ठंडी हवाएं चलने का अलर्ट जारी किया है। प्रदेश विधानसभा का शीतकालीन सत्र बुधवार से धर्मशाला में शुरू होगा जोकि 3 दिन चलेगा। हिमाचल प्रदेश के नामी इंदिरा गांधी मेडिकल काॅलेज में एमबीबीएस के दाखिले में फर्जीवाड़े का मामला सामने आया है। मंगलवार दोपहर बाद रोहतांग सहित लाहौल के ऊंचाई वाले ग्रामीण क्षेत्रों में बर्फबारी शुरू हो गई है। सीएम सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि प्रदेश में नवगठित कांग्रेस की सरकार में मुख्यमंत्री और उप-मुख्यमंत्री ने शपथ लेकर कार्य आरंभ कर दिया है। डिप्टी सीएम मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि प्रदेश में काम करने वाली सरकार आ गई और रोने वाले रो रहे हैं। पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने पालमपुर में कहा कि भाजपा को इतनी जल्दी नहीं है, यद्यपि भाजपा एक राजनीतिक दल है तथा सभी परिस्थितियों के लिए भाजपा तैयार है। राष्ट्रीय विंटर कार्निवाल के दूसरे दिन मनाली के मालरोड पर लैफ्ट बैंक के लगभग 80 महिला मंडलों की एक हजार से अधिक महिलाओं ने एक साथ नाटी डाली। धर्मशाला के जोरावर स्टेडियम में आयोजित सीएम सुखविंदर सिंह सुक्खू की जन आभार रैली के दौरान आईपीएस अधिकारी साजू राम राणा का हृदय गति रुकने से निधन हो गया है।

पढ़ें हिमाचल की बड़ी खबरें सिर्फ यहां

हिमाचल ठंडी हवाओं का अलर्ट, 6 से 8 जनवरी तक बर्फबारी की संभावना
हिमाचल प्रदेश में फिर से मौसम करवट लेगा। प्रदेश में आगामी 3 दिन तक मौसम विभाग ने ठंडी हवाएं चलने का अलर्ट जारी किया है। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला ने प्रदेश के ऊपरी क्षेत्रों में 6 से 8 जनवरी तक बर्फबारी होने की संभावना जताई है। मौसम विभाग के अनुसार हिमाचल के 5 जिलों हमीरपुर, बिलासपुर, ऊना, कांगड़ा व मंडी में घने कोहरे का असर दिखेगा। 

आज तपोवन में होगा सत्ता पक्ष और विपक्ष का आमना-सामना
सत्ता पलटने के बाद बुधवार को पहली बार सत्ता पक्ष और विपक्ष का आमना-सामना होगा। हालांकि विधानसभा के शीतकालीन सत्र के पहले दिन विधायकों की शपथ होगी लेकिन तपोवन में भाजपा को विपक्ष की भूमिका के रूप में बैठना होगा जबकि 5 वर्ष तक विपक्ष में बैठी कांग्रेस वर्ष 2023 में सत्ता पक्ष में दिखेगी। दावों-प्रतिदावों के बाद प्रदेश में बदली सियासत के बाद यह पहला सत्र होगा जहां बदली हुई परिस्थितियों के बीच दोनों पक्षों का आमना-सामना होगा। 

हिमाचल के छात्र ने जाली सर्टीफिकेट से लिया MBBS में दाखिला
हिमाचल प्रदेश के नामी इंदिरा गांधी मेडिकल काॅलेज में एमबीबीएस के दाखिले में फर्जीवाड़े का मामला सामने आया है। काॅलेज प्रशासन ने प्रारंभिक जांच में छात्र की बड़ी चूक पकड़ी है। इसमें पाया गया है कि छात्र ने नीट का जाली सर्टीफिकेट तैयार किया, जिसके आधार पर बीते अक्तूबर-नवम्बर महीने में शिमला में दाखिला ले लिया।

रोहतांग सहित लाहौल व मनाली घाटी में हिमपात, सिस्सू में गिरे बर्फ के फाहे
मौसम ने फिर करवट बदल ली है। मंगलवार दोपहर बाद रोहतांग सहित लाहौल के ऊंचाई वाले ग्रामीण क्षेत्रों में बर्फबारी शुरू हो गई है। अटल टनल के नॉर्थ व साऊथ पोर्टल सहित जंखर, फलोंग और सिस्सू में भी बर्फ के फाहे गिरे। सुबह के समय फोर व्हील ड्राइव वाहनों में पर्यटक अटल टनल के पार भी पहुंचे, लेकिन दोपहर बाद मौसम खराब हो गया और पर्यटकों को सोलंगनाला से आगे जाने की अनुमति नहीं दी गई।

CM सुक्खू की जन आभार रैली में IPS साजू राम राणा का हृदय गति रुकने से निधन
धर्मशाला के जोरावर स्टेडियम में आयोजित सीएम सुखविंदर सिंह सुक्खू की जन आभार रैली के दौरान आईपीएस अधिकारी साजू राम राणा का हृदय गति रुकने से निधन हो गया है। साजू राम राणा मौजूदा समय में जंगलबैरी बटालियन में तैनात थे। जानकारी के अनुसार धर्मशाला में सीएम सुखविंदर सिंह सुक्खू की जनआभार रैली के लिए उनकी ड्यूटी लगाई गई थी।

सीएम-डिप्टी सीएम बन गए हैं, भाजपा लगा ले विधायकों को तोड़ने में जोर
प्रदेश में नवगठित कांग्रेस की सरकार में मुख्यमंत्री और उप-मुख्यमंत्री ने शपथ लेकर कार्य आरंभ कर दिया है। भाजपा सोच रही है कि विधायकों को तोड़कर फिर से सरकार बनाएगी। भाजपा इसके लिए जोर लगा ले और सभी विधायक भी अध्ययन कर रहे हैं, पर भाजपा इसमें सफल नहीं हो पाएगी। कांग्रेस के विधायक पार्टी विचारधारा से जुड़े हैं, उन्हें तोड़ने नामुमकिन है।

हिमाचल में काम करने वाली सरकार आ गई, रोने वाले रो रहे
प्रदेश में काम करने वाली सरकार आ गई और रोने वाले रो रहे हैं। पहले जो कहते थे कि हिंदुस्तान में कांग्रेस की सरकार नहीं बनेगी, वे अब बेचैन हैं। मंगलवार को धर्मशाला के सिद्धबाड़ी स्थित जोरावर स्टेडियम में आयोजित जन आभार रैली के दौरान उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि सरकार को बने अभी 3 सप्ताह ही हुए हैं और पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर की सांसें फूल गई हैं। 

संगठन-सरकार मिलकर प्रदेश में विकास कार्यों के लिए करेंगे काम 
प्रदेश में कांग्रेस संगठन और नवगठित सरकार मिलकर प्रदेश के विकास कार्यों के लिए काम करेंगे। यह बात मंगलवार को धर्मशाला के समीपवर्ती सिद्धबाड़ी के जोरावर स्टेडियम में जन आभार रैली के दौरान प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रतिभा सिंह ने कही। उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता ने दिल से कांग्रेस की सरकार को चुना है। 

भाजपा एक राजनीतिक दल, सभी परिस्थितियों के लिए तैयार 
यद्यपि कांग्रेस के पास जनमत है परंतु कांग्रेस के अंदर सब ठीक नहीं है। यह बात पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने पालमपुर में पत्रकार वार्ता के दौरान प्रश्नों के उत्तर देते हुए कही। उन्होंने कहा कि भाजपा को इतनी जल्दी नहीं है, यद्यपि भाजपा एक राजनीतिक दल है तथा सभी परिस्थितियों के लिए भाजपा तैयार है। 

GST चोरी पर बद्दी के सरिया कारोबारी को 2.74 लाख रुपए जुर्माना
हिमाचल प्रदेश राज्य कर व आबकारी विभाग की दक्षिण प्रवर्तन क्षेत्र परवाणु की टीम ने रात्रि चैकिंग के दौरान बद्दी क्षेत्र में बिना ई-वे बिल के एक मामले में 2.74 लाख रुपए जुर्माने के रूप में वसूले हैं। जानकारी अनुसार यह जुर्माना बद्दी के सरिया कारोबारी को लगाया गया है। 

मनाली के मालरोड पर 1000 से अधिक महिलाओं ने पारम्परिक परिधान में डाली 'महानाटी'
राष्ट्रीय विंटर कार्निवाल के दूसरे दिन आयोजित महानाटी ने जश्न का मजा दोगुना कर दिया। मनाली के मालरोड पर लैफ्ट बैंक के लगभग 80 महिला मंडलों की एक हजार से अधिक महिलाओं ने एक साथ नाटी डाली। महिलाओं ने महिला सशक्तिकरण का संदेश देते हुए नाटी के दौरान पारम्परिक पट्टू, धाठू, गले में चांदी का चंद्रहार, सोने का पातकू, गोखडू, बाजूबंद, पाजेब पहन रखी थीं, जो आकर्षण का केंद्र रही। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Recommended News

Related News