हिमाचल में Cold Wave का अलर्ट जारी, मंत्रिमंडल गठन को लेकर आज दिल्ली में होगा मंथन, पढ़ें HP की 10 बड़ी खबरें

punjabkesari.in Monday, Jan 02, 2023 - 06:07 AM (IST)

शिमला (ब्यूरो): हिमाचल में आने वाले 3 दिन मौसम विभाग ने कोल्ड वेव यानी ठंडी हवाओं के चलने का अलर्ट जारी किया है। हिमाचल की सुखविंदर सिंह सुक्खू सरकार के मंत्रिमंडल में किन-किन चेहरों को स्थान मिलेगा, उस पर दिल्ली में मंथन होगा। पूर्व मुख्य सचिव आरडी धीमान ने हिमाचल के नए मुख्य सूचना आयुक्त के पद की शपथ ली। रविवार शाम को मनाली पहुंचे मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि प्रदेश में पर्यटन को बढ़ावा देने को सरकार ओपन पॉलिसी लाएगी। प्रदेश की सुक्खू सरकार अनाथ बच्चों की माता-पिता बनेगी। इसके लिए राज्य की नई सरकार ने 101 करोड़ रुपए का मुख्यमंत्री सुखाश्रय सहायता कोष का गठन किया है। चुनावों को लेकर सियासी पत्र बम लगातार फूट रहे हैं और अब हरोली भाजपा का एक पत्र वायरल हुआ है। पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने कहा कि भाजपा को सत्ता के लिए 5 वर्ष का इंतजार न करना पड़े और उससे पहले ही सत्ता मिल जाए। नववर्ष के पहले दिन 54 हजार श्रद्धालुओं ने कांगड़ा के तीनों शक्तिपीठों में देवियों का आशीर्वाद लेकर नए साल की शुरूआत की।

पढ़ें हिमाचल की बड़ी खबरें सिर्फ यहां 

हिमाचल में चलेंगी ठंडी हवाएं, मौसम विभाग ने जारी किया 3 दिन का अलर्ट
हिमाचल में आने वाले 3 दिन मौसम विभाग ने कोल्ड वेव यानी ठंडी हवाओं के चलने का अलर्ट जारी किया है। वहीं मौसम विभाग ने 5 जिलों में 4 जनवरी तक कोहरे का यैलो अलर्ट भी जारी किया है। ऊना, कांगड़ा, हमीरपुर, बिलासपुर और मंडी जिले में सुबह के समय कोहरा छाने की संभावना है। कोहरे के कारण जहां विजिबिलिटी कम रहेगी तो वहीं पूरे प्रदेश में शीतलहर चलने की संभावना भी जताई गई है।

हिमाचल मंत्रिमंडल गठन को लेकर दिल्ली में होगा मंथन
हिमाचल की सुखविंदर सिंह सुक्खू सरकार के मंत्रिमंडल में किन-किन चेहरों को स्थान मिलेगा, उस पर दिल्ली में मंथन होगा। सोमवार को दोपहर बाद मुख्यमंत्री मनाली से दिल्ली के लिए रवाना होंगे और कैबिनेट के गठन पर केंद्रीय नेतृत्व के साथ मंथन करेंगे। वहीं दिल्ली जाने से पहले मुख्यमंत्री ने रविवार को होलीलॉज जाकर कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष एवं सांसद प्रतिभा सिंह से मुलाकात की।

आरडी धीमान ने ली मुख्य सूचना आयुक्त के पद की शपथ
पूर्व मुख्य सचिव आरडी धीमान ने हिमाचल के नए मुख्य सूचना आयुक्त के पद की शपथ ली। राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ अर्लेकर ने रविवार को उन्हें पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। शपथ ग्रहण समारोह राजभवन में हुआ। मुख्य सचिव प्रबोध सक्सेना ने समारोह की कार्रवाई का संचालन किया। आरडी धीमान बीते शनिवार को मुख्य सचिव के पद से सेवानिवृत्त हुए हैं। 

CM सुक्खू पहुंचे मनाली, बोले-पर्यटन को बढ़ावा देने को ओपन पॉलिसी लाएगी सरकार
रविवार शाम को मनाली पहुंचे मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि प्रदेश में पर्यटन को बढ़ावा देने को सरकार ओपन पॉलिसी लाएगी। इस पॉलिसी का खुलासा बजट सत्र में किया जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश पर्यटन राज्य है, यहां देश-विदेश से लाखों मेहमान घूमने आते हैं। सरकार यह प्रयास करेगी कि उन्हें अधिक से अधिक सुविधा मिले, नीतिगत निर्णय लेकर जल्द ही पर्यटन के आधारभूत ढांचे को मजबूत किया जाएगा। 

सीएम सुक्खू का अनाथ बच्चों को बड़ा तोहफा
प्रदेश की सुक्खू सरकार अनाथ बच्चों की माता-पिता बनेगी। इसके लिए राज्य की नई सरकार ने 101 करोड़ रुपए का मुख्यमंत्री सुखाश्रय सहायता कोष का गठन किया है। इससे बच्चों को उच्च शिक्षा सहित जेब खर्चे सहित शादी व नौकरी तक की पूरी सहायता की जाएगी। यह ऐलान मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने रविवार को शिमला में नए साल पर आयोजित पत्रकार वार्ता में किया।

हरोली भाजपा पदाधिकारियों का हाईकमान को लिखा पत्र वायरल
चुनावों को लेकर सियासी पत्र बम लगातार फूट रहे हैं और अब हरोली भाजपा का एक पत्र वायरल हुआ है, जिसमें हरोली भाजपा मंडल के 12 पदाधिकारियों ने प्रत्याशी रामकुमार के खिलाफ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा सहित कुल 14 लोगों को पत्र प्रेषित किया था। चुनावों से पहले हरोली से 12 भाजपा नेताओं ने रामकुमार को टिकट न देने की बात कही थी और टिकट देने पर पार्टी को तीसरी बार हार का मुंह देखने की संभावना जताई गई थी। 

जयराम बाेले-5 वर्ष से पहले ही भाजपा को फिर मिल सकती है सत्ता
पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने परिधि गृह में स्थित मुख्यमंत्री संवाद कक्ष में आयोजित अभिनंदन समारोह में ऑप्रेशन लोटस की तरफ इशारा किया है। उन्होंने कहा कि हो सकता है कि भाजपा को सत्ता के लिए 5 वर्ष का इंतजार न करना पड़े और उससे पहले ही सत्ता मिल जाए। जयराम ठाकुर ने कहा कि प्रदेश में इस वक्त अस्थिर सरकार चल रही है। ज्योतिषि भी इस बात को कह चुके हैं कि सरकार ने गलत मुहूर्त में शपथ ली है। 

नववर्ष के पहले दिन 54 हजार श्रद्धालुओं ने शक्तिपीठों में नवाया शीश
नववर्ष के पहले दिन 54 हजार श्रद्धालुओं ने कांगड़ा के तीनों शक्तिपीठों में देवियों का आशीर्वाद लेकर नए साल की शुरूआत की। रविवार सुबह से ही मंदिरों में लंबी-लंबी कतारों में श्रद्धालु पहुंचना शुरू हो गए थे। नववर्ष पर ज्वालामुखी में सबसे अधिक भीड़ रही। करीब 40 हजार श्रद्धालुओं ने ज्वालामुखी मंदिर में शीश नवाया।

आज एक साथ घोषित होगा 10वीं व 12वीं कक्षा की टर्म-1 परीक्षा का परिणाम
हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड सोमवार को कक्षा 10वीं व 12वीं के टर्म-1 का परिणाम एक साथ घोषित कर सकता है। 12वीं का परीक्षा परिणाम तैयार है जबकि 10वीं का परीक्षा परिणाम भी लगभग तैयार हो चुका है, ऐसे में बोर्ड दोनों ही कक्षाओं के परिणाम को एक साथ सोमवार को घोषित करने की तैयारी कर रहा है। डीसी कांगड़ा निपुण जिंदल को हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड के अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी सौंपे जाने से बोर्ड को खासी राहत मिली है।

कुल्लू के बाशिंग में तेज रफ्तार कार ने कुचले 3 लोग, 2 की हुई मौत
जिला कुल्लू के मुख्यालय के साथ लगते बाशिंग में बीती रात हुए सड़क हादसे में 2 लोगों की मौत हो गई है, वहीं एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हुआ है, जिसका कुल्लू अस्पताल में इलाज किया जा रहा है। सड़क हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और आरोपी कार चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया। 

ट्रक ने बाइक को मारी टक्कर, कांगड़ा के युवक की मौत
नालागढ़ के तहत सल्लेवाल में ट्रक ने बाइक को टक्कर मार दी, जिससे एक युवक की मौत हो गई। मृतक युवक की पहचान नीलम (37) पुत्र किशोरी लाल निवासी गांव हरदीपुर तहसील खुंडियां, जिला कांगड़ा के रूप में की गई है। पुलिस ने हादसे के संदर्भ में मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Recommended News

Related News