जल शक्ति विभाग के 41 कार्यालय डिनोटिफाई, 2 भर्तियों के पेपर लीक मामले में FIR दर्ज, पढ़ें HP की 10 बड़ी खबरें

punjabkesari.in Thursday, Dec 29, 2022 - 07:06 AM (IST)

शिमला (ब्यूरो): हिमाचल में ड्राई स्पैल टूटने की संभावना बन रही है। प्रदेश की सुक्खू सरकार ने बुधवार को जल शक्ति विभाग में पूर्व की भाजपा सरकार के समय खोले गए 41 कार्यालय डिनोटिफाई कर दिए हैं। कम्प्यूटर ऑप्रेटर व जूनियर ऑडिटर की भर्ती का पेपर लीक करने के मामले में विजिलैंस ने एफआईआर दर्ज कर ली है। वर्ष 2011 बैच के आईएएस अधिकारी विवेक भाटिया मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के प्रधान निजी सचिव व विशेष सचिव होंगे। मुख्यमंत्री सुखविंदर सुक्खू ने कहा कि सरकार द्वारा पहली कैबिनेट बैठक में ओपीएस को बहाल कर दिया जाएगा। सरकार ने आश्रमों में रहने वालों को फैस्टिव अलाऊंस देने का ऐलान किया है। पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने पेपर लीक मामले में सुक्खू सरकार को भाजपा को काेसने की बजाय स्वयं जिम्मेदारी लेने की बात कही है। शिमला जिले के उपमंडल रामपुर के अंतर्गत पुलिस ने एक नकली सीबीआई इंस्पैक्टर को गिरफ्तार किया है। सिरमौर जिला के दूरदराज क्षेत्र गिरिपार के शिलाई गांव निवासी कपिल कुमार का चयन बतौर असिस्टैंट सुपरिंटैंडैंट ऑफ जेल के रूप में हुआ है।

पढ़ें हिमाचल की बड़ी खबरें सिर्फ यहां

हिमाचल में टूट सकता है ड्राई स्पैल, 2 दिन बारिश-बर्फबारी की संभावना
हिमाचल में ड्राई स्पैल टूटने की संभावना बन रही है। मौसम विभाग ने वीरवार और शुक्रवार को बारिश व बर्फबारी की संभावना जताई है। मौसम विभाग ने पूर्वानुमान लगाया है कि प्रदेश के ऊपरी क्षेत्रों में हल्की बर्फबारी के आसार हैं जबकि निचले क्षेत्रों में बारिश हो सकती है। बारिश-बर्फबारी के कारण प्रदेश के मैदानी इलाकों में पड़ रहा कोहरा छंट सकता है। 

जल शक्ति विभाग के 41 कार्यालय डिनोटिफाई
प्रदेश की सुक्खू सरकार ने बुधवार को जल शक्ति विभाग में पूर्व की भाजपा सरकार के समय खोले गए 41 विंग, सर्कल, मंडल व उपमंडल सहित सैक्शन कार्यालयों को डिनोटिफाई किया है। इसमें 1 सिंचाई विंग, 2 सर्कल, 9 डिवीजन, 13 सब डिवीजन तथा 16 सैक्शन कार्यालयों को डिनोटिफाई करने के आदेश जारी किए गए हैं। 

विवेक भाटिया होंगे CM सुक्खू के प्रधान निजी सचिव व विशेष सचिव
वर्ष 2011 बैच के आईएएस अधिकारी विवेक भाटिया मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के प्रधान निजी सचिव व विशेष सचिव होंगे। उनके पास इस समय निदेशक इम्पावरमैंट ऑफ एससी, ओबीसी, माइनोरिटी एंड स्पैशली एबल्ड का दायित्व था। इसके अलावा वर्ष 2017 बैच की आईएएस अधिकारी एवं विशेष सचिव एमपीपी एंड पावर, एनसीईएस एंड इंडस्ट्री किरण भडाना को निदेशक सूचना एवं जनसंपर्क विभाग का अतिरिक्त दायित्व सौंपा गया है। 

एनपीएस अंशदान में संग्रह की राशि के भुगतान के लिए केंद्र सरकार को लिखा पत्र
प्रदेश के कर्मचारियों को पुरानी पैंशन योजना (ओपीएस) प्रदान करने के लिए सरकार प्रतिबद्ध है। इसके तहत पहली कैबिनेट बैठक में ओपीएस को बहाल कर दिया जाएगा। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने बुधवार को सचिवालय में एनपीएस कर्मचारियों के प्रतिनिधिमंडल के साथ हुई बैठक में यह बात कही। राज्य सरकार ने भारत सरकार को पत्र लिखकर एनपीएस अंशदान के तहत संग्रह की गई राशि का भुगतान करने को कहा है। 

कम्प्यूटर ऑप्रेटर व जूनियर ऑडिटर की भर्ती का पेपर लीक मामले में FIR दर्ज
कर्मचारी चयन आयोग के माध्यम से आयोजित होने वाली कम्प्यूटर ऑप्रेटर, जूनियर ऑडिटर्ज की भर्ती पर सरकार और विजिलैंस ब्यूरो और सख्त हो गया है। सरकार ने दोनों भर्तियों के पेपर परीक्षा होने से पहले ही लीक कर देने का कड़ा संज्ञान लिया है। अब विजिलैंस ने इस पर अलग से एफआईआर दर्ज की है। यह एफआईआर जांच एजैंसी के हमीरपुर थाने में हुई है।

आश्रमों में रहने वालों को फैस्टिव अलाऊंस देगी सरकार 
मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने बुधवार को आदर्श बाल गृह और वृद्धाश्रम, नारी सेवा सदन मशोबरा और विशेष योग्यता वाले बच्चों के संस्थान ढली शिमला का दौरा किया। मुख्यमंत्री ने संस्थानों में रहने वालों को दी जा रही सुविधाओं का जायजा लिया और यहां रह रहे लोगों से बातचीत भी की। मुख्य्मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि इन संस्थानों में रहने वालों को बेहतर सुविधाएं प्रदान की जाएं।

शिमला के रामपुर में पुलिस ने दबोचा नकली सीबीआई इंस्पैक्टर
शिमला जिले के उपमंडल रामपुर के अंतर्गत पुलिस ने एक नकली सीबीआई इंस्पैक्टर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने स्थानीय पंचायत के प्रतिनिधियों की शिकायत पर इस युवक के खिलाफ मामला दर्ज किया है। युवक की पहचान काशापाट निवासी चरणदास के रूप में हुई है। 

मैंने हार की जिम्मेदारी स्वीकारी, कायर लोग दूसरे को ठहराते हैं दोषी
पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने कहा कि मैंने हार की जिम्मेदारी को स्वीकार किया है। मैंने किसी को दोषी नहीं ठहराया है। कायर लोग दूसरे को दोषी ठहराते हैं। चुनाव में मिली हार के बाद कुछ नेताओं को सार्वजनिक तौर पर टिप्पणी करने की बजाय उचित मंच पर अपना पक्ष रखना चाहिए।

पेपर लीक मामले में भाजपा को कोसने की बजाय जिम्मेदारी ले सुक्खू सरकार
पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने कहा पेपर लीक मामले में मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू को भाजपा को कोसने की बजाय स्वयं जिम्मेदारी लेनी चाहिए। इस समय प्रदेश में कांग्रेस की सरकार है तथा उसके आते ही सीमैंट उद्योग से लेकर कार्यालय बंद होने शुरू हो गए हैं। 

शिलाई के कपिल कुमार बने सबसे युवा असिस्टैंट सुपरिंटैंडैंट ऑफ जेल
सिरमौर जिला के दूरदराज क्षेत्र गिरिपार के शिलाई गांव में किसान परिवार में जन्मे कपिल कुमार का चयन बतौर असिस्टैंट सुपरिंटैंडैंट ऑफ जेल के रूप में हुआ है। कपिल कुमार इस पद पर पहुंचने वाले सबसे कम उम्र के युवा अधिकारी हैं। कपिल कुमार के पिता कल्याण सिंह व माता रुकमी देवी खेतीबाड़ी का कार्य करते हैं।

कुल्लू की लगघाटी में आग की भेंट चढ़ा मकान, साढ़े 3 लाख का नुक्सान
लगघाटी के घलियाना गांव में आग लगने से एक मकान जलकर राख हो गया। अग्निशमन विभाग ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया। जानकारी के अनुसार भाग चंद पुत्र बोधु राम के मकान में यह आग शॉर्ट सर्किट से लगी थी, जिसमें परिवार बेघर हो गया। 2 कमरों का मकान जल जाने से परिवार पड़ोस में शरण लेने को विवश हो गया है। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Recommended News

Related News