एसीसी और अंबुजा सीमैंट फैक्टरियों पर ताला, सीएम-डिप्टी सीएम ने बांटे विभाग, पढ़ें HP की 10 बड़ी खबरें

punjabkesari.in Wednesday, Dec 14, 2022 - 11:58 PM (IST)

शिमला (ब्यूरो): हिमाचल प्रदेश के जिला सोलन के दाड़लाघाट में स्थित अंबुजा सीमैट प्लांट और एसीसी प्लांट के बरमाणा एसीसी सीमैंट उद्योग पर बुधवार को कंपनी ने ताला लगा दिया। हिमाचल प्रदेश में मंत्रियों की नियुक्ति से पहले ही मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू और उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने सभी विभाग बांट लिए हैं। हिमाचल सदन में मुख्यमंत्री ने कहा कि अभी चर्चा होगी उसके बाद जैसे ही कैबिनेट का विस्तार होगा, बता दिया जाएगा। उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि हम सरकार में काम करने के लिए आए हैं। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि विधानसभा के शीतकालीन सत्र का आयोजन 28 से 30 दिसम्बर के बीच हो सकता है। पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने खोले गए संस्थानों को बंद करने की बात पर कांग्रेस सरकार को घेरा है। सोलन जिले के परवाणु में आयकर विभाग में कार्यरत एक अधिकारी रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों पकड़ा गया है। कांगड़ा जिले की अत्यंत मेधावी दिव्यांग छात्रा निकिता चौधरी हिमाचल प्रदेश में एमबीबीएस में प्रवेश लेने वाली पहली व्हीलचेयर यूजर बन गई है। राज्य दवा विभाग ने 27 दवाओं के सैंपल फेल होने पर 10 फार्मा उद्योगों को कारण बताओ नोटिस जारी किए हैं।

पढ़ें हिमाचल की बड़ी खबरें सिर्फ यहां

एसीसी और अंबुजा सीमैंट फैक्टरियों पर ताला, हजारों कर्मचारियों काे फरमान जारी
हिमाचल प्रदेश के जिला सोलन के दाड़लाघाट में स्थित अंबुजा सीमैट प्लांट और एसीसी प्लांट के बरमाणा एसीसी सीमैंट उद्योग पर बुधवार को कंपनी ने ताला लगा दिया। अम्बुजा सीमैंट कंपनी दाड़लाघाट अनिश्चितकाल के बंद हो गई है। कंपनी ने बुधवार को दोनों प्लांटों का अचानक बंद करने का निर्णय लेकर कर्मचारियों को वीरवार से फैक्टरी में न आने का फरमान जारी कर दिया है।

कैबिनेट से पहले मुख्यमंत्री और उप मुख्यमंत्री ने बांटे विभाग
हिमाचल प्रदेश में अभी मंत्रियों की नियुक्ति नहीं हो पाई है। इससे पहले ही प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू और उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने सभी विभाग बांट लिए हैं। हिमाचल सरकार के सामान्य प्रशासन विभाग ने इस संबंध में मंगलवार देर रात अधिसूचना जारी कर दी है। इसके अनुसार मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने अपने पास वित्त, सामान्य प्रशासन, गृह, योजना और कार्मिक विभाग रखे हैं। 

सीएम सुक्खू बोले-राष्ट्रीय नेताओं से चर्चा के बाद होगा कैबिनेट विस्तार 
हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू बुधवार को हिमाचल सदन पहुंचे। एएनआई को दिए बयान में  मुख्यमंत्री ने कहा कि आज सभी राष्ट्रीय नेताओं से मिलने का विचार है, जैसे-जैसे समय मिलता जाएगा, राष्ट्रीय नेताओं से मिला जाएगा। उन्होंने कहा कि अभी चर्चा होगी उसके बाद जैसे ही कैबिनेट का विस्तार होगा, बता दिया जाएगा। 

हम सरकार में काम करनेआए हैं, 10 दिन के भीतर लागू होगी OPS : मुकेश अग्निहोत्री
उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि हम सरकार में काम करने के लिए आए हैं। उन्होंने कहा कि जो भी जिम्मेदारी उनको मिली है, उसको सदैव निष्ठा के साथ निभाने का प्रयास किया है। मुकेश अग्निहोत्री यहां पत्रकारों से अनौपचारिक बातचीत कर रहे थे। उन्होंने कहा कि ओपीएस को 10 दिन के भीतर लागू किया जाएगा। उन्होंने कहा कि वह पांचवीं बार विधानसभा में लगातार चुनाव जीतकर आए हैं, ऐसे में जनता का जो भी कार्य होगा, उसे पूरी निष्ठा के साथ किया जाएगा।

28 से 30 दिसम्बर के बीच होगा विधानसभा का शीतकालीन सत्र
मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि विधानसभा के शीतकालीन सत्र का आयोजन 28 से 30 दिसम्बर के बीच हो सकता है। इसके अलावा पर्यटन सीजन को ध्यान में रखते हुए सत्र की तिथियों में फेरबदल भी हो सकता है तथा इसका आयोजन 15 जनवरी के बाद भी हो सकता है। सुखविंदर सिंह सुक्खू यहां पत्रकारों से अनौपचारिक बातचीत कर रहे थे। इस बीच चंद्र कुमार को प्रोटैम स्पीकर नियुक्त कर दिया गया है, जो नवनिर्वाचित विधायकों को शपथ दिलाएंगे।

खोले गए संस्थानों को बंद किया तो जनता के बीच व कोर्ट जाएगी भाजपा 
पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा कि यदि कांग्रेस सरकार ने खोले गए संस्थानों को बंद किया तो भाजपा जनता के बीच जाएगी और आवश्यकता पड़ने पर कोर्ट का दरवाजा खटखटाएगी। उन्होंने कहा कि सरकार की तरफ से बीते 6 माह में लिए गए निर्णयों की समीक्षा करने की बात तो समझ में आती है लेकिन क्रियाशील संस्थानों को बंद करने की बात करना सही नहीं है।

गोकुल बुटेल-नरेश चौहान ने संभाला कार्यभार
मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू के प्रधान सलाहकार (सूचना प्रौद्योगिकी एवं नवाचर) के साथ ही मुख्यमंत्री के प्रधान सलाहकार मीडिया नरेश चौहान ने बुधवार को अपना-अपना कार्यभार संभाल लिया। इस दौरान दोनों कांग्रेस नेताओं को बधाई देने वालों का उनके कार्यालयों में दिन भर तांता लगा रहा। इस मौके पर गोकुल बुटेल ने कहा कि कांग्रेस हाईकमान ने एक सरल स्वभाव, ऊर्जावान और संघर्ष द्वारा आम परिवार से निकलकर आए ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू को मुख्यमंत्री पद की अहम जिम्मेदारी सौंपी है।

15 हजार रुपए रिश्वत लेते आयकर विभाग का अधिकारी गिरफ्तार
सोलन जिले के परवाणु में आयकर विभाग में कार्यरत एक अधिकारी रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों पकड़ा गया है। यह कार्रवाई सीबीआई शिमला की टीम द्वारा अमल में लाई गई है। टीम ने अधिकारी को 15 हजार रुपए के साथ दबोचा है। जानकारी के अनुसार सीबीआई शिमला टीम को एक फर्म के मालिक की ओर से शिकायत मिली कि परवाणु स्थित आयकर विभाग की इन्वेस्टिगेशन यूनिट में कार्यरत उक्त आरोपी काम के बदले रिश्वत मांग रहा है।

हिमाचल की पहली व्हीलचेयर यूजर एमबीबीएस छात्रा बनी निकिता चौधरी
कांगड़ा जिले की अत्यंत मेधावी दिव्यांग छात्रा निकिता चौधरी हिमाचल प्रदेश में एमबीबीएस में प्रवेश लेने वाली पहली व्हीलचेयर यूजर बन गई है। हाईकोर्ट के आदेश पर आखिरकार बुधवार को डाॅ. राजेंद्र प्रसाद मेडिकल कॉलेज टांडा में दाखिला दे दिया गया। इसी मेडिकल कॉलेज ने पहले अपने नियमों का हवाला देते हुए उसे प्रवेश देने से इंकार कर दिया था। न्याय के लिए उसकी फरियाद को पिछली सरकार में अनसुना कर दिया गया था। उमंग फाऊंडेशन ने उसके साथ हुए अन्याय के खिलाफ आवाज उठाई और संघर्ष में उसका पूरा साथ दिया। 

दवाओं के सैंपल फेल होने पर 10 फार्मा उद्योगों को कारण बताओ नोटिस जारी
राज्य दवा विभाग ने 10 फार्मा उद्योगों को कारण बताओ नोटिस जारी किए हैं। इन उद्योगों की 27 दवाओं के सैंपल फेल होने पर विभाग ने यह कार्रवाई की है। सबसे बड़ी बात यह है कि कालाअंब की निक्सी लैबोरेटरीज कंपनी के 14 सैंपल फेल हुए हैं। जिस इंजैक्शन के यह सैंपल फेल हुए ड्रग विभाग ने उसके उत्पादन को पहले ही बंद कर दिया है क्योंकि पीजीआई में अक्तूबर माह में 5 की मौत के मामले सामने के बाद यह कार्रवाई की गई है। 

आंसरशीट का मूल्यांकन न करने पर 152 अध्यापकों को नोटिस
हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड द्वारा आयोजित करवाई गई 10वीं व 12वीं टर्म-1 परीक्षा की आंसरशीट का मूल्यांकन न करने वाले अध्यापकों के खिलाफ स्कूल शिक्षा बोर्ड ने कार्रवाई की है। बोर्ड ने बुधवार को 152 अध्यापकों को नोटिस जारी कर दिए हैं। बोर्ड ने इन अध्यापकों से एक सप्ताह के भीतर आंसरशीट कार्य में भाग नहीं लेने पर जवाब तलब किया है। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Recommended News

Related News