Congress-AAP ने चुनाव प्रचार में उतारे स्टार प्रचारक, भाजपा ने कुल्लू की टिकट बदलने की दी चेतावनी, पढ़ें HP की 10 बड़ी खबरें

punjabkesari.in Sunday, Oct 23, 2022 - 07:20 AM (IST)

शिमला (ब्यूरो): हिमाचल प्रदेश विधानसभा चुनावों को लेकर कांग्रेस ने 4 प्रत्याशियों की तीसरी सूची के साथ 40 स्टार प्रचारकों की सूची भी जारी कर दी है। भाजपा हाईकमान ने दो टूक शब्दों में बंजार से निर्दलीय उम्मीदवार हितेश्वर सिंह के न हटने पर कुल्लू की टिकट बदलने की बात कही है। उधर, आम आदमी पार्टी ने भी अपने 20 स्टार प्रचारकों की सूची जारी की है। भाजपा राष्ट्रीय प्रवक्ता संबित पात्रा ने धर्मशाला में कांग्रेस पर निशाना साधा तो वहीं शिमला से कांग्रेस राष्ट्रीय प्रवक्ता अलका लांबा ने भाजपा को आड़े हाथों लिया। मंडी जिले के सुंदरनगर में विजिलैंस टीम ने निजी कार्य के लिए प्रयोग हो रहा सरकारी सीमैंट पकड़ा है। प्रदेश में दिवाली के दिन 2 घंटे ग्रीन पटाखे चलाने के आदेश प्रदूषण कंट्रोल बोर्ड की ओर से जारी किए गए हैं। सोलन जिले के तहत नालागढ़-स्वारघाट मार्ग पर ट्रक की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत हो गई।

पढ़ें हिमाचल की बड़ी खबरें सिर्फ यहां

भाजपा के बाद अब कांग्रेस ने भी उतारी 40 स्टार प्रचारकों की 'फौज'
हिमाचल प्रदेश विधानसभा चुनाव काे लेकर भाजपा के बाद अब कांग्रेस ने भी अपने स्टार प्रचारकों की सूची जारी कर दी है। कांग्रेस की स्टार प्रचारक सूची में पूर्व कांग्रेस राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी सहित मल्लिकार्जुन खड़गे, राहुल गांधी व प्रियंका गांधी वाड्रा सहित 40 नेताओं के नाम शामिल हैं। 

AAP ने जारी की 20 स्टार प्रचारकों की सूची
हिमाचल प्रदेश में विधानसभा चुनावों के लिए भाजपा और कांग्रेस के बाद आम आदमी पार्टी ने भी अपने 20 स्टार प्रचारकों की सूची जारी कर दी है। आम आदमी पार्टी के उम्मीदवारों के पक्ष में दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल तथा पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान प्रचार करने हिमाचल आएंगे। 

भाजपा हाईकमान की दो टूक, बंजार से हितेश्वर न हटे तो बदलेगी कुल्लू की टिकट
डैमेज कंट्रोल के लिए भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा के साथ मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर भी डट गए हैं। राज्य के अन्य हिस्सों में भी बागियों को मनाने के लिए पार्टी के बड़े नेता सक्रिय हो गए हैं। शनिवार शाम को मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर भुंतर में होटल मालाबार पहुंचे। होटल में मंत्री गोविंद ठाकुर, विधायक सुरेंद्र शौरी व महेश्वर सिंह सहित अन्य मौजूद रहे। बंजार में आजाद प्रत्याशी नामांकन दाखिल कर चुके हितेश्वर सिंह की पत्नी जिला परिषद सदस्य विभा सिंह भी होटल पहुंची थीं।

कांग्रेस ने जारी की 4 प्रत्याशियों की तीसरी सूची, हमीरपुर सीट पर फंसा पेंच
हिमाचल प्रदेश विधानसभा चुनावों को लेकर कांग्रेस ने 4 प्रत्याशियों की तीसरी सूची जारी की है। सूची के तहत जयसिंहपुर से यादविंद्र गोमा, मनाली से भुवनेश्वर गौड़, पांवटा साहिब से किरनेश जंग व किन्नौर से जगत सिंह नेगी को टिकट दिया गया है। वहीं हमीरपुर सीट पर अभी प्रत्याशी फाइनल नहीं हुआ है। 

भाजपा ने 5 साल विकास किया होता तो नहीं कटते मंत्री-विधायकों के टिकट : अलका लांबा
अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की प्रवक्ता अलका लांबा ने आरोप लगाया है कि यदि भाजपा सरकार ने 5 साल विकास किया होता तो मंत्री-विधायकों के टिकट नहीं कटते। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा में परिवारवाद चरम पर है। अधिकांश क्षेत्रों में विरोध के स्वर उठ रहे हैं, जिस कारण पदाधिकारी व कार्यकर्ता पार्टी को छोड़ रहे हैं। अलका लांबा यहां पत्रकार वार्ता को संबोधित कर रहीं थीं। 

कांग्रेस में न ही कोई नेता और न ही कोई नीति : संबित पात्रा
कांग्रेस पार्टी कार्य नहीं करती है केवल आलोचना ही करती है। कांग्रेस इस समय बिखरी हुई पार्टी है। कांग्रेस में न ही कोई नेता है और न ही कोई नीति है। यह बात भाजपा राष्ट्रीय प्रवक्ता संबित पात्रा ने शनिवार को धर्मशाला में पत्रकार वार्ता के दौरान कही। उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी केरल, तमिलनाडू और अन्य राज्यों की यात्रा कर रहे हैं, क्या राहुल गांधी के पास हिमाचल के लिए समय नहीं है। 

सुंदरनगर के रोपा में विजीलैंस टीम की छापामारी, सरकारी सीमैंट के 32 बैग पकड़े
सुंदरनगर के वार्ड-10 रोपा में एक निजी भवन के निर्माण में सरकारी सीमैंट के दुरुपयोग करने का मामला सामने आया है। जानकारी के अनुसार शनिवार को सुंदरनगर नगर परिषद के वार्ड-10 में विजिलैंस विभाग मंडी की टीम द्वारा छापामारी कर एक निजी मकान से सरकारी सीमैंट के 24 बैग तथा सीमैंट के खुले हुए 8 बैग बरामद किए गए हैं। 

हिमाचल में दिवाली की रात 2 घंटे चलेंगे ग्रीन पटाखे
दिवाली के दिन प्रदेश में शाम को 8 से 10 बजे तक ग्रीन पटाखे चलाने की अनुमति दी गई है। इसको लेकर हिमाचल प्रदेश राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड ने आदेश जारी किए हैं। इसके अलावा 8 नवम्बर को गुरु पर्व पर सुबह 4 बजे से 5 बजे तक और शाम को 9 बजे से 10 बजे तक पटाखे चालने की अनुमति होगी।

नालागढ़-स्वारघाट रोड पर ट्रक ने कुचला बाइक सवार, मौके पर मौत
सोलन जिले के तहत नालागढ़-स्वारघाट मार्ग पर हुए दर्दनाक सड़क हादसे बाइक सवार युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान सरवन सिंह निवासी रोपड़ के तौर पर हुई। जानकारी के अनुसार युवक किसी निजी कंपनी में काम करता था जोकि नालागढ़ से स्वारघाट की ओर बाइक पर जा रहा था। जब वह बाइक लेकर कुंडलू के समीप पहुंचा तो इस दौरान एक तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक टक्कर मार दी।

पांवटा साहिब में टास्क फोर्स की बड़ी कार्रवाई, 2 जगह पकड़ी लाखों लीटर अवैध शराब
राज्य कर एवं आबकारी विभाग द्वारा गठित टास्क फोर्स ने गुप्त सूचना के आधार पर जिला सिरमौर की पांवटा साहिब तहसील के अंतर्गत टोका नागला एवं खारा के जंगलों में बड़ी कार्रवाई करते हुए 106000 लीटर अवैध शराब पकड़ी है। उपायुक्त राज्य कर एवं आबकारी जिला प्रभारी हिमांशु पंवार के नेतृत्व में गठित विभागीय टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर खारा के जंगलों में 2 स्थानों में कार्रवाई की। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Related News