ऑस्कर के लिए चुनी गई बॉलीवुड फिल्म लापता लेडीज में हिमाचल की प्रतिभा ने किया है शानदार अभिनय

punjabkesari.in Thursday, Sep 26, 2024 - 11:27 AM (IST)

हिमाचल डेस्क। (अभिषेक): ऑस्कर 2025 के लिए चुनी गई बॉलीवुड फिल्म लापता लेडीज में हिमाचल प्रदेश की बेटी प्रतिभा रांटा ने भी शानदार अभिनय किया है। जिला शिमला के रोहड़ू की रहने वाली अभिनेत्री प्रतिभा रांटा ने इस फिल्म में शानदार अभिनय किया है। इस फिल्म में प्रतिभा ने मुख्य भूमिका निभाई है और जब यह फिल्म रिलीज हुई थी, तब भी सभी ने उनके अभिनय को खूब सराहा था।

अब यह फिल्म ऑस्कर तक पहुंच गई है। शिमला के रोहड़ू उपमंडल के दरोटी गांव से संबंध रखने वाली प्रतिभा ने 12वीं तक की शिक्षा चैल्सी स्कूल, शिमला से प्राप्त की है। इसके बाद उन्होंने मुंबई में फिल्म मेकिंग में स्नातक की डिग्री प्राप्त की। छोटे पर्दे पर वर्ष 2020 में कुर्बान हुआ धारावाहिक से प्रतिभा ने अपने अभिनय करियर की शुरूआत की थी।

इसके बाद वैब सीरीज आधा इश्क में भी उन्होंने अभिनय किया। प्रतिभा ने संजय लीला भंसाली की वैब सीरीज हीरा मंडी में भी दमदार भूमिका निभाकर चौतरफा प्रशंसा हासिल की थी। लापता लेडीज के ऑस्कर के लिए चुने जाने पर प्रतिभा का पूरा परिवार बहुत उत्साहित है। प्रतिभा वर्तमान में कई अन्य प्रोजैक्ट्स पर काम कर रही हैं।

लापता लेडीज एक अनोखी कहानी है, जिसमें समाज में महिलाओं की स्थिति और उनके अनुभवों को चित्रित किया गया है। फिल्म ने अपनी बेहतरीन कहानी और अभिनय के कारण दर्शकों का दिल जीत लिया। यह उपलब्धि न केवल प्रतिभा के लिए बल्कि हिमाचल प्रदेश के लिए भी गर्व की बात है।

प्रतिभा के अभिनय व ऐतिहासिक उपलब्धि से संपूर्ण हिमाचल गौरवान्वित : जयराम

नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने कहा कि बॉलीवुड फिल्म लापता लेडीज को ऑस्कर 2025 के लिए चुना गया है। उन्होंने कहा कि खुशी की बात यह है कि इस फिल्म में हमारे रोहड़ू, शिमला की बेटी व अभिनेत्री प्रतिभा रांटा ने शानदार किरदार निभाया है।

उन्होंने प्रतिभा को बधाई देते हुए कहा कि उनके अभिनय और इस ऐतिहासिक उपलब्धि से संपूर्ण हिमाचल गौरवान्वित है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Jyoti M

Related News