Kangra: कांग्रेस सरकार ने हिमाचल काे आर्थिक रूप से कंगाल किया : त्रिलोक
punjabkesari.in Wednesday, Feb 11, 2026 - 04:37 PM (IST)
धर्मशाला (ब्यूरो): कांग्रेस छल से सरकार में न आती तो हिमाचल आर्थिक रूप से कंगाल नहीं होता। यह बात भाजपा के प्रदेश वरिष्ठ प्रवक्ता एवं पार्टी के राष्ट्रीय कार्य परिषद के सदस्य त्रिलोक कपूर ने कही। यहां जारी एक प्रैस विज्ञप्ति में उन्होंने कहा कि झूठ की बुनियाद पर बनी सुक्खू सरकार स्वयं अपने अनुभवहीन, अप्रबंधन और पार्टी में मची कलह से कभी भी धराशायी हो सकती है। ऐसी संभावना से इंकार नहीं किया जा सकता। कपूर ने बताया कि हिमाचल प्रदेश की जनता को इस बात का आश्चर्य है कि देश के सबसे बड़े राज्य उत्तर प्रदेश में मुख्यमंत्री के 2 सलाहकार हैं तो छोटे से हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री को आधा दर्जन सलाहकार की फौज नियुक्त करने की क्या आवश्यकता थी?
कपूर ने कहा कि यदि हम दिसम्बर 2022 से फरवरी 2026 तक के वित्तीय पदचिन्हों का बारीकी से विश्लेषण करें तो स्पष्ट होता है कि जिस राशि का उपयोग कर्मचारियों के लंबित एरियर, डीए की किस्तों या 'हिमकेयर' जैसी जीवनदायिनी योजनाओं के भुगतान के लिए हो सकता था, उसे उत्सवों, प्रचार और विशेषाधिकारों की भेंट चढ़ा दिया गया। भाजपा नेता ने कहा कि अक्तूबर 2025 में विधायकों और मंत्रियों के वेतन-भत्तों में जो 24 प्रतिशत की ऐतिहासिक वृद्धि की गई, उसने संचयी रूप से खजाने पर 90 करोड़ रुपए का अतिरिक्त बोझ डाल दिया है। मुख्यमंत्री और मंत्रियों के बढ़े हुए वेतन और दैनिक भत्ते उस समय बढ़ाए गए, जब प्रदेश आर्थिक तंगी का हवाला देकर जनकल्याणकारी योजनाओं में कटौती कर रहा था।

