शादी के बंधन में बंधे मंत्री विक्रमादित्य सिंह, आनंद कारज का वीडियो आया सामने
punjabkesari.in Monday, Sep 22, 2025 - 12:46 PM (IST)

हिमाचल डेस्क। हिमाचल प्रदेश के युवा कैबिनेट मंत्री विक्रमादित्य सिंह शादी के बंधन में बंध गए हैं। उन्होंने चंडीगढ़ में एक सादे समारोह में सिख रीति-रिवाजों के अनुसार डॉ. अमरीन कौर के साथ शादी की। यह विवाह समारोह चंडीगढ़ के सेक्टर-11 में स्थित एक गुरुद्वारे में संपन्न हुआ, जिसमें दोनों परिवारों के करीबी सदस्य और रिश्तेदार शामिल थे।
शादी के इस खास मौके पर विक्रमादित्य सिंह ने पारंपरिक राजशाही अंदाज में गुलाबी रंग की पोशाक पहनी थी। वे हाथों में तलवार लिए और सिर पर पगड़ी बांधे नजर आए। उनकी माता प्रतिभा सिंह और बहनें भी उनके साथ मौजूद थीं। बारात चंडीगढ़ के होटल से निकली और फिर गुरुद्वारे पहुंची, जहां आनंद कारज की रस्में पूरी की गईं। शादी के बाद, विक्रमादित्य सिंह अपनी दुल्हन के साथ होटल लौटे और बाद में शाम को शिमला के लिए रवाना हुए।
शादी से पहले हुई थी सगाई
शादी से एक दिन पहले, रविवार शाम को विक्रमादित्य सिंह और अमरीन कौर की सगाई भी होटल में ही हुई थी। इस कार्यक्रम में भी उनके परिवार के सदस्य और कुछ खास दोस्त मौजूद थे। जानकारी के अनुसार, इस नवविवाहित जोड़े के लिए 24 सितंबर को शिमला के होटल मरीना में एक भव्य रिसेप्शन आयोजित किया जाएगा। इस रिसेप्शन में राज्य के कई गणमान्य व्यक्तियों, राजनीतिक नेताओं और अन्य खास मेहमानों के शामिल होने की उम्मीद है।