Himachal: रिज मैदान पर इस दिन हाेगा पूर्व CM स्व. वीरभद्र सिंह की प्रतिमा का अनावरण, प्रियंका के साथ सोनिया गांधी भी हो सकती हैं शामिल
punjabkesari.in Wednesday, Sep 17, 2025 - 05:40 PM (IST)

शिमला (भूपिन्द्र): हिमाचल प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय राजा वीरभद्र सिंह की प्रतिमा का अनावरण आगामी 13 अक्तूबर को शिमला के ऐतिहासिक रिज मैदान में किया जाएगा। कांग्रेस उच्च कमान की सहमति तथा प्रदेश नेतृत्व के परामर्श से यह आयोजन 13 अक्तूबर के लिए पुनर्निर्धारित किया गया है। इस अवसर पर अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की महासचिव एवं सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा, मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू, प्रदेश प्रभारी रजनी पाटिल, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रतिभा सिंह तथा कई विशिष्टातिथि उपस्थित रहेंगे। कांग्रेस की वरिष्ठ नेता एवं पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी का भी स्वास्थ्य अनुमत होने पर आयोजन में सम्मिलित होना प्रस्तावित है। बता दें कि पहले वीरभद्र की जयंती पर गत 23 जून को प्रतिमा का अनावरण प्रस्तावित था, लेकिन हिमाचल प्रदेश में आई प्राकृतिक आपदा तथा जानमाल की भारी क्षति को देखते हुए वीरभद्र सिंह फाऊंडेशन के सदस्यों ने सर्वसम्मति से इस समारोह को स्थगित करने का निर्णय लिया था।
फाऊंडेशन के अध्यक्ष विक्रमादित्य सिंह ने बुधवार को मीडिया से अनौपचारिक बातचीत में बताया कि कांग्रेस हाईकमान की सहमति व प्रदेश नेतृत्व के परामर्श से यह आयोजन 13 अक्तूबर के लिए पुनर्निर्धारित किया गया है। उन्होंने कहा कि वीरभद्र सिंह की परंपरा का सम्मान करते हुए फाऊंडेशन ने इस आपदा के समय राहत कार्यों में अपना योगदान देते हुए 11 लाख रुपए की राशि उपायुक्त मंडी को उन बच्चों की शिक्षा के लिए अर्पित की, जिन्होंने इस आपदा में अपने माता-पिता को खो दिया। उन्होंने फाऊंडेशन की ओर से प्रदेशवासियों को इस ऐतिहासिक समारोह का साक्षी बनने के लिए आमंत्रित किया है। उन्होंने यह जानकारी सोशल मीडिया पर भी दी है। इस प्रतिमा को गाजियाबाद में बनवाया गया है।