Himachal: पशुपालक ने मिल्क प्लांट के गेट पर बहाया 1200 लीटर दूध, सड़क पर बहाई अपनी मेहनत की कमाई
punjabkesari.in Monday, Apr 13, 2026 - 11:51 AM (IST)
मंडी (रजनीश)। हिमाचल प्रदेश के मंडी जिला में दुग्ध उत्पादकों और मिल्क फेडरेशन के बीच तल्खी बढ़ती जा रही है। बल्ह क्षेत्र की दुग्ध डेयरियों से पिछले दो दिनों से दूध की खरीद न होने से आक्रोशित एक किसान ने रविवार को चक्कर स्थित मिल्क प्लांट के मुख्य गेट पर करीब 1200 लीटर दूध बहाकर अपना विरोध दर्ज कराया।
ग्राम पंचायत चंडयाल निवासी पशुपालक रवि सैनी ने बताया कि वह पिछले चार वर्षों से डेयरी फार्मिंग से जुड़े हैं। उन्होंने करीब 1 करोड़ रुपये का बैंक ऋण लेकर 30 गायों के साथ यह व्यवसाय शुरू किया था। रवि का कहना है कि शनिवार और रविवार को दूध की खरीद नहीं की गई। नियमित खरीद बंद होने और अनावश्यक कटौतियों के कारण हमें भारी आर्थिक नुकसान हो रहा है। अगर यही हाल रहा तो बैंक की मासिक किस्तें चुकाना असंभव हो जाएगा।
इस पूरे घटनाक्रम पर चक्कर मिल्क प्लांट के प्रभारी विश्वकांत शर्मा का कहना है कि क्षमता से दोगुना दूध आने के कारण व्यवस्था बनाने के लिए अलग-अलग क्षेत्रों में बारी-बारी से सप्लाई रोकी जा रही है। उन्होंने रविवार की घटना पर कहा कि छुट्टी के दिन किसी व्यक्ति ने गेट पर दूध फेंका है, जिसकी शिकायत पुलिस से कर दी गई है।

