Himachal Weather: हिमाचल में अंधड़ और ओलावृष्टि का अलर्ट, जानें आगामी मौसम का पूर्वानुमान
punjabkesari.in Thursday, Apr 09, 2026 - 11:36 AM (IST)
हिमाचल डेस्क। हिमाचल प्रदेश में अप्रैल के महीने में मौसम ने करवट बदली है, जिससे पूरी देवभूमि दिसंबर जैसी कड़कड़ाती ठंड की चपेट में है। शिकारी देवी, रोहतांग, लाहौल-स्पीति और कुल्लू समेत राज्य के ऊंचाई वाले इलाकों में भारी बर्फबारी हुई है, जबकि शिमला और अन्य मैदानी जिलों में तेज बारिश और ओलावृष्टि दर्ज की गई। इस बेमौसमी बदलाव के कारण तापमान में 12 डिग्री तक की भारी गिरावट आई है, जिससे जनजीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त हो गया है।
खराब मौसम का सबसे बुरा असर राज्य के बुनियादी ढांचे और यातायात पर पड़ा है। भारी बर्फबारी और बारिश के कारण मनाली-लेह और आनी-कुल्लू जैसे दो नेशनल हाईवे समेत 75 सड़कें बंद हो गई हैं। इसके अलावा, 884 बिजली ट्रांसफार्मर ठप होने से कई इलाके अंधेरे में डूब गए हैं।
चंबा में सड़क बंद होने की वजह से समय पर अस्पताल न पहुँच पाने के कारण एक बुजुर्ग की हृदय गति रुकने से मौत हो गई। अटल टनल जाने के लिए केवल 4x4 वाहनों को ही अनुमति दी जा रही है, जबकि अन्य गाड़ियों को सुरक्षा कारणों से रोक दिया गया है।
कृषि और बागवानी पर संकट
यह बेमौसमी बारिश और बर्फबारी किसानों और बागवानों के लिए बड़ी मुसीबत बनकर आई है। वर्तमान में सेब के पेड़ों में फ्लावरिंग (फूल आने) और सेटिंग का नाजुक दौर चल रहा है, जिसके लिए 22 से 25 डिग्री तापमान की जरूरत होती है। अचानक ठंड बढ़ने से फसल खराब होने का डर है।
गेहूं, आम और लीची की फसलों को भी इस ओलावृष्टि और ठंडी हवाओं से काफी नुकसान पहुंचने की संभावना है।
आगामी मौसम का पूर्वानुमान
मौसम विभाग ने आने वाले दिनों के लिए अलर्ट जारी किया है। शिमला, कुल्लू, मंडी, चंबा और कांगड़ा में गुरुवार को अंधड़ और ओलावृष्टि का अलर्ट रहेगा। 11 और 12 अप्रैल को कुछ जिलों में बारिश जारी रह सकती है, लेकिन 13 अप्रैल से पूरे प्रदेश में मौसम साफ होने की उम्मीद है।

