Himachal Accident: सिंगर Rajvir Jawanda की सेहत को लेकर अस्पताल से सामने आई ताजा जानकारी, पढ़ें
punjabkesari.in Monday, Sep 29, 2025 - 01:44 PM (IST)

हिमाचल डेस्क। पंजाबी संगीत जगत में मशहूर सिंगर राजवीर जवंदा हिमाचल में सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। जानकारी के अनुसार, उन्हें आज तीसरे दिन भी मोहाली के फोर्टिस अस्पताल में लाइफ सपोर्ट पर रखा गया है। उनकी हालत नाजुक बनी हुई है और उन्हें न्यूरोसर्जरी एवं क्रिटिकल केयर डॉक्टरों की निगरानी में रखा गया है।
बीते दिन मुख्यमंत्री भगवंत मान समेत कई पंजाबी कलाकार अस्पताल पहुंचकर उनका हाल जाना। अस्पताल के बाहर उनके चाहने वाले और फैंस उनके जल्द स्वस्थ होने की दुआ कर रहे हैं।
हादसा तब हुआ जब राजवीर जवंदा अपने चार दोस्तों के साथ बद्दी से शिमला बाइक यात्रा पर थे। अचानक रास्ते में जानवर आ जाने की वजह से बाइक बेकाबू हो गई। इस दुर्घटना में उन्हें सिर और रीढ़ की हड्डी में गंभीर चोटें आईं। हादसे के समय उन्हें कार्डियक अटैक भी आया था, जिससे स्थिति और गंभीर हो गई।
अस्पताल प्रशासन ने बताया कि उनकी हालत स्थिर करने के प्रयास जारी हैं और उन्हें पूरी तरह से विशेष देखभाल की आवश्यकता है। पंजाबी संगीत प्रेमियों और फैंस की दुआएं अब उनके लिए सबसे बड़ी सहारा बन गई हैं।
राजवीर जवंदा की इस दुर्घटना ने संगीत जगत में शोक की लहर दौड़ा दी है, और उनके चाहने वाले उनके जल्दी ठीक होने की कामना कर रहे हैं।