हिमाचल के कुफरी में मौसम की तीसरी बर्फबारी, पर्यटकों में बढ़ा उत्साह; जानें अगले चार दिनों तक कैसा रहेगा Weather
punjabkesari.in Sunday, Feb 01, 2026 - 02:22 PM (IST)
Himachal snowfall: हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला में स्थित पर्यटक स्थल कुफरी में रविवार को इस मौसम की तीसरी बड़ी बर्फबारी होने से बड़ी संख्या में पर्यटक उमड़ पड़े। सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से राज्य के कई हिस्सों में बारिश एवं बर्फबारी हुई है। कुफरी में ताजा बर्फबारी से उत्सव का माहौल और भी बढ़ गया है। पर्यटक बर्फबारी का आनंद ले रहे हैं और होटल मालिकों के अनुसार आगंतुकों की संख्या में बढ़ोतरी हुई है।
कुल्लू के शिलारू और कोठी में सबसे अधिक बर्फबारी
ऊंचे पहाड़ी इलाकों को भी इसका फायदा मिला है, शिलारू स्थित हाई एल्टीट्यूड स्पोट्र्स सेंटर बर्फबारी के दौरान मुख्य स्नो स्पोट्र्स सेंटर बनकर उभरा है। स्थानीय व्यवसायी राजेश गुप्ता ने कहा कि ताजा बर्फबारी के बाद बीस साल पुरानी स्कीइंग खेल जल्द ही शुरू होने की उम्मीद है। मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार, कुल्लू के शिलारू और कोठी में सबसे अधिक बर्फबारी दर्ज की गई, दोनों स्थानों पर लगभग पांच सेंटीमीटर बर्फबारी हुई। इसके बाद कुफरी में लगभग चार सेंटीमीटर बर्फबारी हुई। लाहौल स्पीति के गोंधला में लगभग तीन सेंटीमीटर, शिमला के खदराला में लगभग 2.5 सेंटीमीटर, किन्नौर के सांगला में लगभग 2.1 सेंटीमीटर जबकि जोत और कल्पा में हल्की बर्फबारी हुई।
मनाली में सबसे अधिक लगभग 10 मिमी बारिश हुई
पिछले 24 घंटों के दौरान मध्य एवं निचले पहाड़ी क्षेत्रों में बारिश हुई, जिसमें मनाली में सबसे अधिक लगभग 10 मिमी बारिश हुई उसके बाद सुजानपुर तिरा में लगभग 7.8 मिमी और सराहन में लगभग 7.3 मिमी बारिश हुई। शिमला में लगभग 4.2 मिमी बारिश हुई, जबकि मलरांव, सोलन, जुब्बरहट्टी, जट्टन बैराज, कंडाघाट और चोपाल में भी हल्की से मध्यम बारिश हुई। बारिश के कारण राज्य के तापमान में सुधार हुआ। अधिकांश स्थानों पर न्यूनतम तापमान सामान्य या सामान्य के आसपास रहा। तबो राज्य का सबसे ठंडा स्थान रहा जहां न्यूनतम तापमान लगभग -3.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो सामान्य से लगभग सात डिग्री अधिक है।
5 फरवरी को एक और विक्षोभ आ सकता है
शिमला में न्यूनतम तापमान लगभग 3.6 डिग्री सेल्सियस, मनाली में लगभग 0.8 डिग्री, कल्पा में -0.4 डिग्री, धर्मशाला में लगभग 3.0 डिग्री, सोलन में लगभग 4.6 डिग्री, मंडी में लगभग 9.9 डिग्री, ऊना में 7.5 डिग्री और नाहन में लगभग 8.0 डिग्री दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने कहा है कि आने वाले दिनों में राज्य में कुछ स्थानों पर बारिश एवं बर्फबारी जारी रह सकती है और व्यापक स्तर पर नमी वाला मौसम भी रहने का अनुमान है। दो फरवरी की रात से उत्तर-पश्चिमी भारत में एक नये पश्चिमी विक्षोभ के आने का अनुमान है, जिसके बाद पांच फरवरी को एक और विक्षोभ आ सकता है। इससे शिमला, नारकंडा, मनाली और डलहौजी सहित पर्यटक स्थलों एवं ऊंचे इलाकों में बफर्बारी होने की आशंका बढ़ गई है।

