पीएम किसान योजना में बेहतर प्रदर्शन के लिए हिमाचल को 4 पुरस्कार

punjabkesari.in Wednesday, Feb 24, 2021 - 11:44 PM (IST)

शिमला (ब्यूरो): हिमाचल प्रदेश को भारत सरकार के कृषि सहकारिता एवं किसान कल्याण विभाग ने प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना (पीएम किसान) की दूसरी वर्षगांठ पर सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन के लिए विभिन्न श्रेणियों में 4 पुरस्कारों से सम्मानित किया है। इनमें एक राज्य स्तरीय पुरस्कार और 3 जिला स्तरीय पुरस्कार शामिल हैं। बुधवार को नई दिल्ली में आयोजित एक समारोह में केंद्रीय कृषि मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर ने प्रदेश के जल शक्ति और राजस्व मंत्री महेंद्र सिंह ठाकुर को ये पुरस्कार प्रदान किए। हिमाचल प्रदेश ने उत्तर-पूर्वी राज्यों और पहाड़ी भू-भाग वाले क्षेत्रों की श्रेणी के अंतर्गत भौतिक सत्यापन और शिकायत निवारण में बेहतर प्रदर्शन के लिए राज्य पुरस्कार प्राप्त किया है। राज्य में पीएम किसान योजना के अंतर्गत 75 प्रतिशत लाभार्थियों का भौतिक सत्यापन और 56 प्रतिशत शिकायतों का निवारण पहले ही किया जा चुका है। इसके अतिरिक्त उत्तर-पूर्वी राज्यों और पहाड़ी भू-भाग वाले क्षेत्रों की श्रेणी के अंतर्गत राज्य के 3 जिलों को पुरस्कृत किया गया है।

लाहौल-स्पीति जिला को आधार प्रमाणित लाभार्थियों के मापदंड, सिरमौर जिला को शिकायत निवारण और जिला कांगड़ा को लाभार्थियों के भौतिक सत्यापन के लिए पुरस्कृत किया गया है। देश के सभी छोटे और सीमांत किसानों को आय सहायता प्रदान करने के लिए केंद्र सरकार ने 24 फरवरी, 2019 को प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना का शुभारंभ किया था ताकि वह कृषि और संबंधित गतिविधियों से जुड़े खर्चों को वहन कर सकें। निदेशक, भू-अभिलेख एचआर चौहान सहित लाहौल-स्पीति, कांगड़ा और सिरमौर जिला प्रशासन के अधिकारी भी जल शक्ति मंत्री के साथ उपस्थित थे।

सभी क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रहा राज्य : महेंद्र सिंह

इस अवसर पर मीडिया से अनौपचारिक बातचीत में मंत्री महेंद्र सिंह ठाकुर ने कहा कि विभिन्न श्रेणियों के अंतर्गत सभी राज्यों में हिमाचल प्रदेश ने अधिकतम 4 पुरस्कार प्राप्त किए हैं। मुख्यमंत्री के दूरदर्शी नेतृत्व में राज्य सभी क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रहा है और विभिन्न योजनाओं के क्रियान्वयन में बेहतर प्रदर्शन के लिए पुरस्कार प्राप्त कर रहा है। उन्होंने कहा कि हिमाचल विकास के लिए एक आदर्श राज्य बनकर उभरा है और योजनाओं का लाभ जमीनी स्तर पर लाभाॢथयों तक पहुंच रहा है। उन्होंने कहा कि इस उपलब्धि का श्रेय मुख्यमंत्री को जाता है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Recommended News

Related News