राष्ट्रीय कार्यकारिणी बैठक में CM जयराम ने रखा HP सरकार का रिपोर्ट कार्ड, विस चुनावों को लेकर बनी रणनीति

punjabkesari.in Sunday, Jul 03, 2022 - 12:40 AM (IST)

शिमला (कुलदीप): भाजपा राष्ट्रीय कार्यकारिणी की शनिवार को हैदराबाद में शुरू हुई 2 दिवसीय बैठक में मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने हिमाचल प्रदेश सरकार का रिपोर्ट कार्ड प्रस्तुत किया। पार्टी सूत्रों के अनुसार मुख्यमंत्री की तरफ से बैठक में सरकार की तरफ से करवाए गए कार्यों को लेकर प्रस्तुति दी गई, जिसमें प्रदेश सरकार के साथ केंद्र सरकार की योजनाओं का विशेष उल्लेख किया गया। कोविड-19 टीकाकरण के अलावा जिन क्षेत्रों में हिमाचल का प्रदर्शन श्रेष्ठ रहा, उसका भी उल्लेख किया गया। इसी तरह केंद्र और प्रदेश सरकार की योजनाओं के जनता तक पहुंचे लाभ और भविष्य की योजनाओं पर भी प्रकाश डाला गया यानी सभी मंत्रियों के विभागों की प्रमुख उपलब्धियों का विशेष तौर पर उल्लेख किया गया। भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सुरेश कश्यप की ओर से संगठन के कार्यों की जानकारी दी गई। इसमें अब तक आयोजित केंद्रीय नेताओं के कार्यक्रमों एवं संगठन की अन्य गतिविधियों के बारे में जानकारी दी गई।
PunjabKesari

विधानसभा चुनावों को लेकर भी रणनीति बनी
राष्ट्रीय कार्यकारिणी बैठक में मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर और प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सुरेश कश्यप के अलावा प्रदेश प्रभारी अविनाश राय खन्ना, सह प्रभारी संजय टंडन और प्रदेश महामंत्री संगठन पवन राणा भी भाग ले रहे हैं। सूत्रों के अनुसार बैठक में इस साल के अंत में होने वाले हिमाचल प्रदेश और गुजरात विधानसभा के चुनावों को लेकर भी रणनीति बनी ताकि सत्ता में वापसी हो सके। उल्लेखनीय है कि राष्ट्रीय कार्यकारिणी बैठक में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और 19 राज्यों के मुख्यमंत्रियों के अलावा भाजपा के अन्य वरिष्ठ नेता भाग ले रहे हैं। 

हैदराबाद से निकलेगा विधानसभा चुनावों में जीत का रास्ता : कश्यप
राष्ट्रीय कार्यकारिणी बैठक में भाग लेने के लिए हैदराबाद गए भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष सुरेश कश्यप ने कहा कि इस बैठक से विधानसभा चुनावों की जीत का रास्ता निकलेगा। उन्होंने कहा कि पार्टी को बूथ स्तर पर मजबूत करने पर ध्यान दिया जा रहा है। इसके लिए पार्टी कार्यकर्ता घर-घर दस्तक दे रहे हैं। 

राष्ट्रीय कार्यकारिणी बैठक में लिए गए निर्णयों पर होगा अमल
राष्ट्रीय कार्यकारिणी बैठक में लिए गए निर्णयों पर प्रदेश स्तर पर भी अमल होगा यानी जिन निर्णयों पर राष्ट्रीय कार्यकारिणी ने मोहर लगाई है, उसके अनुसार प्रदेश में भाजपा अपनी गतिविधियों को आगे बढ़ाएगी। ऐसे में आगामी दिनों में प्रदेश कार्यकारिणी की बैठक होने की संभावना है, जिसमें राष्ट्रीय स्तर पर लिए गए निर्णयों के आधार पर आगे बढऩे का रोडमैप तैयार किया जाएगा।

हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Related News