Himachal Education: हिमाचल शिक्षा विभाग का बड़ा फैसला: शून्य दाखिले वाले 39 स्कूल बंद

punjabkesari.in Saturday, Mar 28, 2026 - 12:14 PM (IST)

हिमाचल डेस्क। हिमाचल प्रदेश शिक्षा विभाग ने प्रदेश के 39 सरकारी स्कूलों को बंद (डी-नोटिफाई) करने का निर्णय लिया है। इन स्कूलों में इस साल एक भी छात्र ने दाखिला नहीं लिया था। बंद किए गए संस्थानों में 36 प्राइमरी और 3 मिडिल स्कूल शामिल हैं। शिक्षा विभाग ने वर्तमान शैक्षणिक सत्र की रिपोर्ट देखने के बाद यह कदम उठाया है।

शिक्षकों का क्या होगा?

इन स्कूलों में तैनात शिक्षकों को अब उन स्कूलों में शिफ्ट किया जाएगा जहाँ शिक्षकों की कमी है। रिकॉर्ड के अनुसार, खाली पड़े इन स्कूलों में अभी भी शिक्षक अपनी सेवाएं दे रहे थे—जहाँ कुछ स्कूलों में एक शिक्षक था, वहीं कुछ में दो से तीन शिक्षक तैनात थे। राज्य मंत्रिमंडल ने पहले ही मुख्यमंत्री और शिक्षा मंत्री को कम संख्या वाले स्कूलों को बंद या मर्ज करने के अधिकार दे दिए हैं।

घटती छात्र संख्या की बड़ी चुनौती

पिछले तीन वर्षों के आंकड़े बताते हैं कि राज्य में करीब 1,250 स्कूलों को या तो बंद किया गया है या दूसरे स्कूलों में मिला दिया गया है। सरकारी स्कूलों में बच्चों की संख्या में भारी गिरावट आई है:

वर्ष      कक्षा 1 से 8 तक के छात्र
2003-04       9,71,303
वर्तमान वर्ष        4,29,070

पिछले दो दशकों में सरकारी स्कूलों में पढ़ने वाले छात्रों की संख्या में 5.42 लाख से ज्यादा की कमी दर्ज की गई है, जो शिक्षा विभाग के लिए एक गंभीर चिंता का विषय है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Jyoti M

Related News