Himachal Accident: स्कूल के रिजल्ट के बाद आते समय खाई में गिरी कार, 4 बच्चों सहित 6 घायल

punjabkesari.in Wednesday, Apr 01, 2026 - 12:06 PM (IST)

हिमाचल डेस्क। हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले में एक दुखद सड़क हादसा सामने आया है, जहाँ बच्चों के परीक्षा परिणाम की खुशी मातम में बदल गई। सुंदरनगर उपमंडल के डैहर-समलेहु मार्ग पर भंतरेहड़ नाले के पास एक कार अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। इस दुर्घटना में चार बच्चों सहित कुल छह लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। बताया जा रहा है कि ये सभी लोग डैहर के एक निजी स्कूल से वार्षिक परीक्षा का परिणाम लेकर वापस अपने घर लौट रहे थे, तभी रास्ते में यह हादसा हो गया।

हादसे की आवाज सुनते ही स्थानीय ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे और बचाव कार्य शुरू किया। उन्होंने कड़ी मशक्कत के बाद घायलों को नाले से बाहर निकाला, जिसके बाद उन्हें एंबुलेंस के जरिए एम्स बिलासपुर ले जाया गया। घायलों की पहचान बिलासपुर जिले के बलोह गांव (घुमारवीं) के निवासियों के रूप में हुई है, जिनमें 65 वर्षीय चालक बसंत राम, 25 वर्षीय वंदना और चार छोटे बच्चे—रियांश (8), सुप्रित (10), अर्णव (8) और रिहाना शामिल हैं। वर्तमान में सभी का अस्पताल में इलाज चल रहा है।

पुलिस ने इस घटना के संबंध में मामला दर्ज कर लिया है और तफ्तीश शुरू कर दी है। सुंदरनगर के डीएसपी भारत भूषण ने हादसे की पुष्टि करते हुए बताया कि शुरुआती जांच में कार के नियंत्रण खोने को दुर्घटना का कारण माना जा रहा है, हालांकि पुलिस बारीकी से असल कारणों का पता लगाने में जुटी है। इस घटना के बाद से पूरे इलाके और बच्चों के परिजनों में शोक की लहर है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Jyoti M

Related News