हाईकमान विश्वास दिखाए तो लड़ूंगा चुनाव: ठाकुर सिंह भरमौरी

punjabkesari.in Sunday, Oct 21, 2018 - 11:35 AM (IST)

डमटाल (कालिया): प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी केंद्र व भाजपा शासित प्रदेशों में सरकार चलाने में बिल्कुल विफल साबित हुए हैं। मोदी सरकार की गलत नीतियों व स्वार्थी राजनीति के चलते लोकसभा चुनावों में भाजपा को करारी शिकस्त झेलनी पड़ेगी और केंद्र में कांग्रेस की सरकार बनेगी, क्योंकि मोदी ने देश की जनता के साथ चहेतों को लाभ पहुंचाकर बहुत बड़ा विश्वासघात किया। इस विश्वासघात का भुगतान जनता लोकसभा चुनावों में ब्याज सहित मोदी को करारी हार के रूप में लौटाएगी। यह बात पूर्व वन मंत्री ठाकुर सिंह भरमौरी ने मोहटली में पूर्व कांग्रेस विधायक बोधराज के नेतृत्व में उनके घर पर एकत्रित हुए कार्यकर्ताओं के बीच कही। उन्होंने कहा कि देश व प्रदेश में कानून नाम की कोई चीज नहीं।

चुनावों के बारे में पूछने पर पूर्व वन मंत्री ठाकुर सिंह भरमौरी ने इच्छा जताते हुए कहा कि अगर कांग्रेस हाईकमान उन पर विश्वास रखते हुए उन्हें लोकसभा की टिकट देती है तो वह भारी मतों से विजयी होकर कांग्रेस सरकार बनाने में सक्रिय भूमिका निभाएंगे। जब उनसे ये पूछा गया कि वह किस लोकसभा क्षेत्र से कांग्रेस उम्मीदवार के रूप में चुनाव लड़ने की इच्छा रखते हैं तो भरमौरी ने स्पष्ट रूप से कहा कि वह कांगड़ा-चम्बा और मंडी से लोकसभा चुनाव लड़ने को पूरी तरह तैयार हैं। पूर्व मंत्री ने कहा कि भाजपा सरकार की गलत नीतियों के चलते हमारे प्रदेश व देश का किसान आत्महत्या करने पर मजबूर है।

भरमौरी ने कहा कि मोदी शासित भाजपा सरकार तानाशाही की तरह काम कर रही है और हर ऊठती आवाज व दुष्कर्म को दबाने में कोई कसर नहीं छोड़ती।उन्होंने कहा कि प्रदेश में नशा एक गढ़ के रूप में जम गया है जिसे उखाड़ फैंकना भाजपा के लिए टेड़ी खीर के समान बन चुका है और इसी नशे की गिरफ्त में आने से हमारे युवा नौजवान मौत की गिरफ्त में समा रहे हैं जो कि अत्यंत चिंता का विषय है। इस मौके पर उनके साथ पूर्व प्रधान भूपाल कटोच, पूर्व प्रधान वेद प्रकाश, मनजीत सिंह लंबरदार, किशोर सोहल आदि उपस्थित थे।

राफेल सौदे पर भाजपा की नीति स्पष्ट नहीं
पूर्व वन मंत्री ठाकुर सिंह भरमौरी ने कहा कि देश के बहुचर्चित राफेल सौदे पर भी भाजपा की नीति स्पष्ट नहीं है। उन्होंने कहा कि राफेल के सौदे में भी मोदी ने आंतरिक स्थिति स्पष्ट न करते हुए अपने चहेतों को खूब आर्थिक लाभ पहुंचाया है। भरमौरी ने कहा कि मोदी ने सत्ता हासिल करने के लिए देश के नौजवानों को नौकरी देने का लालच देकर गुमराह किया। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Ekta

Recommended News

Related News