लाहौल-स्पीति में भारी हिमपात से जनजीवन प्रभावित, हिमस्खलन का खतरा बढ़ा

punjabkesari.in Saturday, Feb 26, 2022 - 08:54 PM (IST)

रोहतांग में 4 फुट, अटल टनल के दोनों छोर पर 3 फुट हिमपात
मनाली (ब्यूरो):
लाहौल-स्पीति सहित मनाली घाटी में भारी हिमपात से जनजीवन प्रभावित हो गया है। रोहतांग दर्रे सहित अटल टनल के दोनों छोर में पिछले 5 दिन से भारी हिमपात का क्रम जारी है। रोहतांग दर्रे में 4 फुट हिमपात की सूचना है, जबकि अटल टनल के दोनों छोर सहित कोकसर व सिस्सू में 3 फुट हिमपात हुआ है। भारी हिमपात के चलते लाहौल घाटी की सभी सड़कें अवरुद्ध हो गई हैं, जिससे ग्रामीण अपने घरों में कैद होकर रह गए हैं। लगातार हो रहे भारी हिमपात से लाहौल-स्पीति में हिमस्खलन का भी खतरा बढ़ गया है। रक्षा भू-सूचना विज्ञान अनुसंधान प्रतिष्ठान ने भी भारी हिमपात को देखते हुए हिमस्खलन की संभावना जताई है। जिला मुख्यालय केलांग में भी एक फुट हिमपात हो चुका है। लाहौल की घाटियों सहित ग्रामीण क्षेत्रों में भारी हिमपात हो रहा है, वहीं दूसरी ओर पर्यटन नगरी मनाली में भी 3 इंच हिमपात हो चुका है। मनाली की पहाड़ियों पर बर्फ के फाहे गिर रहे हैं। 

बीआरओ की सड़क बहाली प्रभावित

हिमपात से बीआरओ की सड़क बहाली प्रभावित हुई है। बारालाचा दर्रे में 4 फुट से अधिक हिमपात होने से पटसेउ पहुंच चुके बीआरओ को एक बार फिर दारचा से सड़क बहाली करनी पड़ेगी। डीसी लाहौल-स्पीति नीरज कुमार ने कहा कि मौसम की स्थिति पर प्रशासन नजर रखे हुए है। उन्होंने बताया कि घाटी में भारी बर्फबारी से सभी सड़कों पर वाहनों की आवाजाही बंद है। समस्त घाटी में हिमस्खलन की आशंका बनी हुई है। लोगों से आग्रह है कि हालात सामान्य होने तक सफर का जोखिम न उठाएं और मौसम खुलने के बाद ही घरों से बाहर निकलें।

हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Recommended News

Related News