Bilaspur News: फोरलेन पर कार से 4.100 KG चरस बरामद, मंडी के 3 तस्कर गिरफ्तार

punjabkesari.in Saturday, Jun 27, 2026 - 04:38 PM (IST)

घुमारवीं (जम्वाल): हिमाचल प्रदेश में नशा तस्करों के खिलाफ पुलिस का शिकंजा लगातार कसता जा रहा है। इसी कड़ी में घुमारवीं पुलिस ने नशे के काले कारोबार पर एक बड़ी चोट करते हुए फोरलेन पर भारी मात्रा में चरस की खेप पकड़ने में सफलता हासिल की है। पुलिस ने शुक्रवार को नाकाबंदी के दौरान एक कार की गहनता से तलाशी लेते हुए 4 किलो 100 ग्राम चरस बरामद की है। इस कार्रवाई में पुलिस ने मौके से तीन तस्करों को गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे धकेल दिया है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार नशे के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत 26 जून को पुलिस थाना घुमारवीं की एक टीम ने बलोह फोरलेन सड़क पर मल्यावर लिंक रोड के पास नाकाबंदी कर रखी थी। पुलिस टीम वहां से गुजरने वाले हर संदिग्ध वाहन की जांच कर रही थी। इसी दौरान मंडी की ओर से एक टैम्परेरी नंबर (TO226 CH2598) वाली ऑल्टो के-10 कार आती हुई दिखाई दी। पुलिस ने शक के आधार पर कार चालक को रुकने का इशारा किया। जब पुलिस टीम ने गाड़ी की तलाशी ली, तो अंदर से 4.100 किलोग्राम चरस बरामद हुई।

चरस बरामद होते ही पुलिस ने कार में सवार तीनों आरोपियों को मौके पर ही दबोच लिया। तीनों आरोपी जिला मंडी के ही अलग-अलग क्षेत्रों के रहने वाले हैं, जिनकी पहचान गांव सुराड़ी निवासी 34 वर्षीय लेखराज पुत्र तुलसी राम, बालीचौकी निवासी 36 वर्षीय राज कुमार पुत्र राम दास और गांव देवधार निवासी 25 वर्षीय रोहित कुमार पुत्र दिनेश कुमार के रूप में हुई है। 

इस कार्रवाई को लेकर एसपी अभिषेक धीमान ने बताया कि घुमारवीं पुलिस थाने में पकड़े गए तीनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। उन्होंने बताया कि पुलिस अब आरोपियों से रिमांड के दौरान कड़ी पूछताछ करेगी ताकि यह पता लगाया जा सके कि इतनी बड़ी मात्रा में यह चरस कहां से लाई गई थी और इसे आगे किसे सप्लाई किया जाना था। फिलहाल मामले की गहनता से जांच की जा रही है और पुलिस इन तस्करों के पूरे नेटवर्क को खंगालने में जुट गई है।

हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Related News