Himachal: आवारा कुत्ते ने मचाया कहर, 1 दर्जन लोगों सहित कई मवेशी किए घायल
punjabkesari.in Wednesday, Oct 14, 2026 - 11:46 AM (IST)
बग्गी/मंडी (बबलू): हिमाचल प्रदेश के जिला मंडी के नाचन विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले बग्गी इलाके में एक आवारा कुत्ते के हिंसक हो जाने के कारण करीब एक दर्जन लोग और कई मवेशी घायल हो गए हैं। इस घटना के बाद क्षेत्र के लोगों में चिंता का माहौल है। स्थानीय प्रशासन ने मामले का संज्ञान लेते हुए पशुपालन विभाग को तुरंत आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार बग्गी के कांगरू निवासी कुंदन लाल बीते मंगलवार को अपने घर के समीप टहल रहे थे। इसी दौरान एक आवारा कुत्ते ने अचानक उन पर हमला कर दिया, जिससे उनके चेहरे पर गंभीर चोटें आईं। शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और उन्हें बचाया। परिजन उन्हें तुरंत मेडिकल कॉलेज नेरचौक ले गए, जहां चिकित्सकों ने उपचार करते हुए उनके घाव पर 5 टांके लगाए हैं। इस घटना के अलावा, उसी कुत्ते ने कई अन्य लोगों को भी अपना शिकार बनाया। घायलों में कुछ स्थानीय निवासी, एक फेरीवाला और बाहरी राज्यों से आए दो व्यक्ति शामिल हैं। इसके साथ ही कई मवेशियों को भी कुत्ते ने घायल किया है।
क्षेत्र में आवारा कुत्तों की बढ़ती समस्या को लेकर स्थानीय पंचायत प्रतिनिधियों ने चिंता व्यक्त की है। पंचायत प्रधान अंजू देवी, उपप्रधान नेत्र सिंह राणा और वार्ड पंच श्यामा देवी, तनूजा, बिरी सिंह, मीरा देवी, नेक राम, लौंगू राम, दया राम, गिरधारी लाल, चंपा देवी, लीला देवी, सत्या देवी, सोहन लाल, भावना तथा तेज सिंह ने प्रशासन से अपील की है कि लोगों की सुरक्षा के लिए इस समस्या का जल्द से जल्द स्थायी समाधान निकाला जाए।
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसडीएम बल्ह स्मृतिका नेगी ने त्वरित संज्ञान लिया है। उन्होंने बताया कि बग्गी में आवारा कुत्ते द्वारा लोगों को घायल करने की सूचना प्राप्त हुई है। इसके मद्देनजर पशुपालन विभाग के अधिकारियों को तुरंत मौके पर जाकर आवश्यक कार्रवाई करने के आदेश जारी कर दिए गए हैं। पशुपालन विभाग स्थानीय पंचायत के साथ समन्वय स्थापित कर स्थिति को नियंत्रित करने के लिए उचित कदम उठा रहा है।
हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें

