ऊना जिला की इतनी महिलाओं को मिला इंदिरा गांधी प्यारी बहना सुख सम्मान निधि योजना लाभ

punjabkesari.in Wednesday, Jun 19, 2024 - 09:03 PM (IST)

हरोली (दत्ता): मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने विधानसभा हरोली के गांव कांगड़ में आयोजित समारोह में 7,280 महिलाओं को इंदिरा गांधी प्यारी बहना सुख-सम्मान निधि के तहत 4500-4500 रुपए 3 महीने की सम्मान निधि के रूप में 3.27 करोड़ रुपए जारी किए। मुख्यमंत्री ने लाभार्थी महिलाओं को राशि के चैक वितरित किए। उन्होंने कहा कि प्रदेश में अब तक 18 से 59 वर्ष आयु की 48 हजार से अधिक महिलाओं को 4500-4500 रुपए 3 महीने की सम्मान-निधि के तौर पर जारी किए जा चुके हैं। सरकार ने इस योजना के तहत 23 करोड़ रुपए के बजट का प्रावधान किया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा प्रदेश की महिलाओं को योजना के बारे में लगातार गुमराह कर इसे लागू करने में अड़ंगे लगाती रही। विपक्ष के नेता जयराम ठाकुर बार-बार पूछते थे कि महिलाओं को 1500 रुपए कब मिलेंगे, लेकिन हमारी सरकार ने भ्रष्टाचार के चोर दरवाजे बंद कर महिलाओं को सम्मान निधि प्रदान की। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार किसानों को प्रति वर्ष 6,000 रुपए प्रदान कर रही है, जबकि प्रदेश कांग्रेस सरकार 18 वर्ष से अधिक आयु की सभी पात्र महिलाओं को 18,000 प्रति वर्ष प्रदान कर रही है, ताकि वह स्वाभिमान के साथ जीवन-यापन कर अपने खर्च के लिए अन्यों पर निर्भर न रहें। प्रदेश सरकार हर महीने पात्र महिलाओं को 1500 रुपए प्रदान करना सुनिश्चित करेगी। कांग्रेस सरकार कभी चुनाव को देखकर राजनीति नहीं करती बल्कि जनसेवा ही सरकार का एकमात्र लक्ष्य है। मुख्यमंत्री ने कहा कि जयराम ठाकुर कहते थे कि 4 जून को प्रदेश में भी भाजपा की सरकार बनेगी, लेकिन जिन विधायकों ने कांग्रेस पार्टी को धोखा दिया उन्हें जनता ने अब घर बिठा दिया है। राज्य में फिर 3 विधानसभा क्षेत्रों में उपचुनाव होने जा रहे हैं और अब जनता के निर्णय का सम्मान न करने वाले 3 पूर्व विधायकों को निश्चित तौर पर मतदाता सबक सिखाएंगे।

सुक्खू ने कहा कि पिछली भाजपा सरकार के दौरान भ्रष्टाचार चरम सीमा पर था तथा भाजपा नेताओं ने भ्रष्टाचार को संरक्षण दिया था, लेकिन वर्तमान कांग्रेस सरकार ने सत्ता में आते ही भ्रष्टाचार पर लगाम लगाई। भाजपा सरकार ने प्रदेश की आर्थिक स्थिति को खराब किया, लेकिन कांग्रेस सरकार द्वारा प्रदेश में धीरे-धीरे अर्थव्यवस्था को पटरी पर लाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि पहली बार हमीरपुर संसदीय क्षेत्र से मुख्यमंत्री व उपमुख्यमंत्री बने हैं। मुकेश अग्निहोत्री ईमानदारी के साथ अपने क्षेत्र की जनता की सेवा कर रहे हैं। बीते दिन हुई कैबिनेट बैठक में हरोली में बिजली बोर्ड का मंडलीय कार्यालय खोलने को मंजूरी प्रदान की गई है। मुकेश अग्निहोत्री ने अपने विधानसभा क्षेत्र के लिए 2,000 करोड़ रुपए की परियोजनाएं मंजूर करवाई हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार हरोली विधानसभा क्षेत्र में 1,000 करोड़ रुपए की लागत से ब्लक ड्रग पार्क स्थापित कर रही है। मुख्यमंत्री ने हिमकैप्स लॉ एवं नर्सिंग कॉलेज बढेड़ा में जी.एन.एम. की सीटें 40 से बढ़ाकर 60 करने की घोषणा की। उन्होंने दुलैहड़ पार्क तथा बीटन मैदान के सुधार के लिए 50-50 लाख रुपए देने की भी घोषणा की।

उपमुख्यमंत्री की दिवंगत धर्मपत्नी डा. सिम्मी अग्निहोत्री को याद करते हुए सुक्खू ने कहा कि वह विश्वविद्यालय में उनकी सहपाठी रहीं व उनके असामयिक निधन से उन्हें व्यक्तिगत तौर पर क्षति हुई है। स्वर्गीय डा. सिम्मी अग्निहोत्री महिलाओं की आवाज हमेशा उठाती रही हैं और महिलाओं को 1500 रुपए की सम्मान निधि प्रदान करना कांग्रेस सरकार की ओर से उन्हें सच्ची श्रद्धांजलि है। सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री डा. (कर्नल) धनीराम शांडिल ने कहा कि मुख्यमंत्री सुक्खू सत्ता में आने के पहले दिन से ही महिला सशक्तिकरण के लिए निरंतर ठोस प्रयास कर रहे हैं। इस अवसर पर विधायक सुदर्शन बबलू, जिला कांग्रेस अध्यक्ष रणजीत राणा, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष विनोद बिट्टु व उपायुक्त जतिन लाल सहित अन्य गण्यमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।
हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Kuldeep

Related News