ऊना के लापता व्यापारी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत...पीरनिगाह के पास मिल शव, परिवार में पसरा मातम
punjabkesari.in Tuesday, Oct 06, 2026 - 04:29 PM (IST)
ऊना (विशाल): हिमाचल प्रदेश के ऊना शहर में एक व्यापारी की रहस्यमयी परिस्थितियों में मौत से सनसनी फैल गई है। सोमवार से लापता चल रहे शहर के व्यापारी राजीव कोहली का शव मंगलवार को प्रसिद्ध धार्मिक स्थल पीरनिगाह के समीप बरामद हुआ है। इस घटना ने पूरे शहर को स्तब्ध कर दिया है, क्योंकि व्यापारी के लापता होने के तरीके ने इस मौत के पीछे कई गहरे सवाल खड़े कर दिए हैं।
इस पूरे घटनाक्रम में जो बात सबसे ज्यादा संदिग्ध और रहस्यमयी लग रही है, वह यह है कि व्यापारी राजीव कोहली जब सोमवार को अपने घर से निकले तो वे अपना मोबाइल फोन घर पर ही छोड़ गए थे। आज के दौर में जब मोबाइल इंसान की सबसे बड़ी जरूरत है, ऐसे में बिना फोन लिए घर से जाना और फिर अगले दिन शव मिलना, पुलिस जांच के लिए एक बड़ा सुराग और चुनौती दोनों बन गया है।
जानकारी के अनुसार जब राजीव कोहली सोमवार को काफी देर तक घर नहीं लौटे और उनका मोबाइल भी घर पर ही मिला तो परिजनों को किसी अनहोनी की आशंका सताने लगी। परिवार वालों ने अपने स्तर पर रिश्तेदारों और शहर में हर संभावित जगह उनकी तलाश की, लेकिन उनका कोई सुराग नहीं लगा। इसके बाद परिजनों ने ऊना पुलिस को उनके लापता होने की औपचारिक सूचना दी।
पुलिस और परिजन राजीव कोहली की तलाश कर ही रहे थे कि मंगलवार को पीरनिगाह के समीप एक शव पड़े होने की सूचना मिली। मौके पर जाकर जब शिनाख्त की गई तो शव व्यापारी राजीव कोहली का ही निकला। शव मिलने की सूचना जैसे ही ऊना शहर में पहुंची तो उनके परिजनों में मातम पसर गया और व्यापारी वर्ग में शोक की लहर दौड़ गई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर शव को अपने कब्जे में लिया और घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य जुटाए। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक ऊना सचिन हिरेमठ ने बताया कि पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए क्षेत्रीय अस्पताल ऊना भेज दिया है। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और हर पहलू से बारीकी से जांच की जा रही है।
हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें

