Una: नाबालिगा को भगाने वाला आरोपी गिरफ्तार, 2 दिन के पुलिस रिमांड पर भेजा

punjabkesari.in Monday, Apr 20, 2026 - 10:28 PM (IST)

हरोली (दत्ता): पुलिस थाना हरोली के तहत गांव में रहने वाली नाबालिगा को भगाने के मामले में पुलिस ने व्यक्ति को पकड़कर बच्ची को सकुशल बरामद कर उसे परिजनों के हवाले कर दिया है। जानकारी के अनुसार नाबालिगा के परिजनों ने उनकी बच्ची के गुम होने संबंधी पुलिस में शिकायत दर्ज करवाते हुए एक व्यक्ति पर शक जाहिर किया था, जिस पर पुलिस ने मामला दर्ज कर तत्काल कार्रवाई शुरू कर दी थी।

पुलिस थाना हरोली के प्रभारी सुनील सांख्यान व पंडोगा पुलिस चौकी के प्रभारी गुरध्यान शर्मा के नेतृत्व में टीमों का गठन करके कार्रवाई शुरू की। उन्होंने तकनीकी व अपने सूत्रों के हवाले से छानबीन शुरू करते हुए पंजाब पुलिस की भी मदद ली। पुलिस टीम ने 24 घंटे के भीतर ही बच्ची को जिला पटियाला के राजपुरा रेलवे स्टेशन से बरामद कर आरोपी को पकड़ लिया। इसके बाद सभी जरूरी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद बच्ची को उसके परिजनों के हवाले कर दिया गया।

आरोपी के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी गई। सोमवार को आरोपी को पुलिस ने माननीय कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे 2 दिन के लिए पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया। जानकारी के अनुसार नाबालिगा 12 वर्ष की है जबकि आरोपी की उम्र 60 वर्ष है।

डीएसपी हरोली मोहन रावत ने बताया कि महज 24 घंटे के भीतर ही नाबालिगा को सकुशल बरामद कर आरोपी को सलाखों के पीछे डाल दिया है। आरोपी को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे 2 दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Kuldeep

Related News