Hamirpur: जीव विज्ञान शिक्षक भर्ती का फाइनल परिणाम घोषित, 77 उम्मीदवारों का चयन
punjabkesari.in Sunday, Aug 16, 2026 - 07:22 PM (IST)
हमीरपुर (ब्यूरो): हिमाचल प्रदेश राज्य चयन आयोग ने शिक्षा विभाग में जीव विज्ञान के शिक्षकों के 78 पदों को फिक्स मानदेय के आधार पर भरने के लिए पोस्ट कोड-26017 के तहत आयोजित कम्प्यूटर आधारित परीक्षा में सफल हुए उम्मीदवारों के दस्तावेजों की जांच के बाद अंतिम परिणाम घोषित कर दिया है। आयोग के सचिव डा. विक्रम महाजन ने बताया कि इन पदों के लिए कुल 3538 उम्मीदवारों ने आवेदन किया था, जिनमें से 2878 उम्मीदवारों ने कम्प्यूटर आधारित परीक्षा दी थी और इस परीक्षा में 192 उम्मीदवारों का चयन दस्तावेजों की जांच के लिए किया गया था। उन्होंने बताया कि 7 व 10 अगस्त को दस्तावेजों की जांच के बाद 77 उम्मीदवारों का चयन किया गया है। वहीं पात्र उम्मीदवार न मिलने के कारण एससी वर्ग का एक पद खाली रह गया है। उन्होंने बताया कि यह अंतिम परिणाम सभी उम्मीदवारों के नाम, रोल नंबर व अंकों सहित आयोग की वैबसाइट एचपीआरसीए.एचपी.जीओवी.इन पर उपलब्ध करवा दिया गया है।

