Hamirpur : मैड़ के पास HRTC बस और ट्रक की जोरदार टक्कर, चालक को आई चोटें
punjabkesari.in Monday, Apr 20, 2026 - 11:49 AM (IST)
Hamirpur News : हिमाचल प्रदेश के हमीरपुर जिला अंतर्गत मैड़ क्षेत्र में रविवार शाम एक बड़ा सड़क हादसा पेश आया है। यहां शिमला से चढ़ियार जा रही हिमाचल पथ परिवहन निगम (HRTC) की बस और एक ट्रक के बीच जोरदार टक्कर हो गई। इस दुर्घटना में बस चालक को चोटें आई हैं, जबकि बस में सवार अन्य यात्री सुरक्षित बताए जा रहे हैं।
बस और ट्रक की आमने सामने टक्कर
जानकारी के अनुसार, यह हादसा शाम करीब 6:00 बजे मैड़ मुख्य बाजार से लगभग 300 मीटर पहले एक तीखे मोड़ पर हुआ। हिमाचल पथ परिवहन निगम (HRTC) की बस शिमला डिपो से चढ़ियार की ओर जा रही थी, तभी सामने से आ रहे एक ट्रक (जो कांगड़ा में सीमेंट अनलोड कर बरमाणा लौट रहा था) के साथ उसकी टक्कर हो गई। हालांकि ट्रक चालक ने बस को बचाने का काफी प्रयास किया।
जांच में जुटी पुलिस
घायल बस चालक को तुरंत मेडिकल कॉलेज हमीरपुर ले जाया गया, जहां उनका उपचार जारी है। गनीमत यह रही कि बस में सवार किसी भी यात्री को चोट नहीं आई है। वहीं, घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच में जुट गई है। एसपी बलवीर ने बताया कि मामले में जांच जारी है।

