सराज में ओलावृष्टि का कहर, किसानों की मेहनत पर फिरा पानी
punjabkesari.in Saturday, Mar 19, 2022 - 10:36 PM (IST)

गोहर/जंजैहली (ख्यालीराम): मंडी के सराज हलके में शनिवार को ओलावृष्टि ने खूब कहर बरपाया। क्षेत्रों में ओलावृष्टि से बेमौसमी सब्जियों, गेहूं, मटर और अन्य फलदार फसलों को भारी नुक्सान पहुंचा है। ओलावृष्टि से हुए नुक्सान ने किसानों की कमर तोड़ दी है। जानकारी के अनुसार शाम को थुनाग, लंबाथाच व आसपास के इलाकों में ओलावृष्टि से काफी नुक्सान हुआ है। एक दर्जन से अधिक गांव ओलावृष्टि से बुरी तरह प्रभावित हुए हैं। आधे घंटे तक लगातार ओलावृष्टि होने से किसानों की मेहनत पर पूरी तरह से पानी फिर गया। ओलावृष्टि के कारण सेब, गेहूं, जौ, राजमाह, आलू, गोभी और आड़ू व पलम आदि सभी फसलें पूरी तरह से नष्ट हो गई हैं। किसानों ने प्रशासन से मांग की है कि प्रभावित इलाकों में हुए नुक्सान का आकलन किया जाए। वहीं एसडीएम थुनाग पारस अग्रवाल ने बताया कि ओलावृष्टि से विभिन्न फसलों को नुक्सान की सूचना प्राप्त हुई है। राजस्व विभाग को ओलावृष्टि से होने वाली क्षति के आकलन के बारे में आदेश जारी किए हैं।
हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here