आश्रय को मंडी से कांग्रेस टिकट मिलने से BJP की जीत हुई आसान: गोविंद
punjabkesari.in Monday, Apr 08, 2019 - 10:34 AM (IST)
![](https://static.punjabkesari.in/multimedia/2019_4image_10_33_499940150govind-singh-thakur.jpg)
रामपुर बुशहर (ब्यूरो): प्रदेश के वन एवं परिवहन मंत्री गोविंद सिंह ठाकुर ने रामपुर में भाजपा महिला मोर्चा के सम्मेलन में कहा कि हिमाचल में भाजपा चारों सीटों पर जीत दर्ज करेगी। जिस तरह से सभाओं एवं सम्मेलनों में हुजूम उमड़ रहा है, उससे स्पष्ट है की मोदी की नीतियों और कार्यक्रमों से आम ग्रामीण गरीब और मजदूर लाभान्वित हुआ है। उन्होंने महिलाओं से आह्वान किया कि वे एकजुट होकर आगे बढ़ें। गोविंद ठाकुर ने कहा कि समाज के निर्माण में महिलाओं की महत्वपूर्ण भूमिका रहती है, महिलाएं हर क्षेत्र में आगे हैं।
गोविंद ठाकुर ने कहा कि मंडी संसदीय हलके से सुखराम के पोते आश्रय शर्मा के कांग्रेस प्रत्याक्षी के रूप में आने पर भाजपा की जीत सुनिश्चित हो गई है। मंडी जिला से ही प्रदेश के मुख्य मंत्री भी हैं। इसलिए जीत भाजपा की पक्की है। उन्होंने बताया कि आश्रय शर्मा के पिता अनिल शर्मा भाजपा के चुनाव चिन्ह पर चुनाव लड़कर विधानसभा पहुंचे हैं और काबीना मंत्री बने हैं, ऐसे में उन्हें भाजपा के लिए ईमानदारी से काम करना चाहिए।