Shimla: भाजपा ने पानी के नल लगाकर लोगों को गंदा पानी पिलाया : सुक्खू
punjabkesari.in Friday, Feb 07, 2025 - 07:18 PM (IST)
![](https://static.punjabkesari.in/multimedia/2025_2image_19_17_526254995cm3.jpg)
शिमला (कुलदीप): मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने आरोप लगाया है कि भाजपा ने सत्ता में रहते हुए पानी के नल लगाकर लोगों को गंदा पानी पिलाया। इस कारण प्रदेश के कई क्षेत्रों में लोग विभिन्न तरह की बीमारियों की चपेट में आए। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू यहां पत्रकारों से अनौपचारिक बातचीत कर रहे थे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार काम करने में विश्वास रखती है लेकिन भाजपा नेता बयानबाजी करने तक सीमित हैं।
उन्होंने कहा कि आए दिन भाजपा के बड़े नेता सिर्फ बयान दागते रखते हैं लेकिन जनता से जुड़े मुद्दे पर चर्चा करने के दूर भागते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि पूर्व भाजपा सरकार ने प्रदेश को स्वास्थ्य एवं शिक्षा के क्षेत्र में सबसे निचले स्तर पर पहुंचाया। उन्होंने कहा कि सरकार श्रीमद् भागवत गीता के कथन के अनुसार फल प्राप्ति की बजाए कर्म करने में विश्वास रखती है।
उन्होंने कहा कि असर के सर्वे के अनुसार आज प्रदेश पहले नंबर पर आया है तथा गुणात्मक शिक्षा में भी प्रदेश शीघ्र अव्वल आएगा। इसके लिए सरकार ने प्री-नर्सरी से लेकर सैकेंडरी स्तर तक एक निदेशालय बनाने का निर्णय लिया है। सरकार बच्चों को गुणात्मक शिक्षा प्रदान करने के लिए डे-बोर्डिंग स्कूल खोल रही है। ऐसे स्कूलों में 750 से 1000 तक बच्चों की संख्या होगी।
डबल इंजन सरकार ने काम नहीं किया
मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने आरोप लगाया कि डबल इंजन सरकार ने अपने कार्यकाल में कोई काम नहीं किया। भाजपा नेता सिर्फ डबल इंजन सरकार का हवाला देते रहे, लेकिन शिक्षा और स्वास्थ्य सहित अन्य क्षेत्रों में हिमाचल की रैंकिंग नीचे गिरती रही। अब वर्तमान सरकार व्यवस्था परिवर्तन करके हिमाचल प्रदेश को वर्ष 2027 तक आत्मनिर्भर बनाएगी तथा वर्ष 2032 में देश का सबसे अमीर राज्य बनाएगी। ऐसे में सरकार जिस सोच से आगे बढ़ रही है, अब उससे पीछे नहीं हटेगी।