राजनीतिक मामलों को लेकर सरकार ने बनाई कैबिनेट सब-कमेटी, डिप्टी सीएम मुकेश अग्निहोत्री होंगे अध्यक्ष

punjabkesari.in Saturday, Mar 23, 2024 - 08:52 PM (IST)

शिमला (कुलदीप): हिमाचल प्रदेश में पल-पल बदल रहे सियासी घटनाक्रम के बीच राज्य सरकार की तरफ से मंत्रिमंडलीय उप समिति गठित की गई है। उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री की अध्यक्षता वाली यह उप समिति राजनीतिक मामलों (आर्थिक एवं राजनीतिक मुद्दे) का प्रमुख रूप से आकलन करेगी। प्रदेश सरकार के 3 मंत्री चंद्र कुमार, हर्षवर्धन चौहान एवं जगत सिंह नेगी इसके सदस्य होंगे। मुख्य सचिव की तरफ से इस आशय संबंधी अधिसूचना को जारी किया गया है। माना जा रहा है कि राज्य सरकार की तरफ से मौजूदा सियासी हालात को देखते हुए ऐसा निर्णय लिया गया है। 

उल्लेखनीय है कि गत फरवरी माह में हुए राज्यसभा चुनाव में प्रदेश में कांग्रेस सरकार के सत्तारूढ़ होने के बावजूद भाजपा प्रत्याशी हर्ष महाजन जीत गए थे। उनकी जीत के बाद प्रदेश का सियासी घटनाक्रम लगातार बदल रहा है। इसके तहत विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने पहले ही कांग्रेस के 6 बागी विधायकों की सदस्यता को विधानसभा में बजट पारित होने के समय व्हिप का उल्लंघन करने के मामले में समाप्त कर दिया है, जिसके बाद लोकसभा चुनाव के साथ 6 विधानसभा उपचुनाव की घोषणा भी हो गई है। इसके बाद 3 निर्दलीय विधायक गत शुक्रवार को विधानसभा की सदस्यता से इस्तीफा सौंप चुके हैं, लेकिन अब तक विधानसभा अध्यक्ष की तरफ से इसे स्वीकार नहीं किया गया है। अब कांग्रेस के 6 बागी और 3 निर्दलीय विधायक विधिवत रूप से भाजपा की सदस्यता ग्रहण कर चुके हैं। ऐसे में चुनावी बेला के बीच आगामी दिनों में सियासी घटनाक्रम के लगातार बदलने की संभावना है।
हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Recommended News

Related News