Kullu: पर्यटकों के लिए बड़ी खुशखबरी! 40 दिन बाद हटा देव प्रतिबंध, सिस्सू में पर्यटन गतिविधियां शुरू
punjabkesari.in Saturday, Feb 28, 2026 - 08:13 PM (IST)
मनाली (सोनू): कुल्लू-मनाली की वादियों में बर्फबारी का लुत्फ उठाने की चाहत रखने वाले पर्यटकों के लिए एक बड़ी खुशखबरी आई है। लाहौल घाटी में पर्यटन गतिविधियों पर लगा करीब 40 दिन का लंबा देव प्रतिबंध शनिवार को हट गया है। इसका मतलब है कि रविवार से घाटी एक बार फिर सैलानियों के स्वागत के लिए तैयार हो गई है। अब पर्यटक बिना किसी रोकटोक के बर्फ से ढकी पहाड़ियों के बीच एडवैंचर स्पोर्ट्स का आनंद ले सकेंगे।
वीकैंड पर उमड़ी भीड़, अटल टनल रोहतांग पार कर लाहौल पहुंचे पर्यटक
वीकैंड होने के चलते शनिवार को ही हजारों की संख्या में पर्यटकों ने मनाली से अटल टनल रोहतांग पार कर लाहौल घाटी में दस्तक दी। हालांकि, मनाली के प्रमुख पर्यटन स्थल सोलंगनाला में बर्फ तेजी से पिघल रही है और मैदानों में मिट्टी नजर आने लगी है, लेकिन अटल टनल के उस पार लाहौल का नजारा बिल्कुल अलग है। यहां सिस्सू अभी भी बर्फ की सफेद चादर ओढ़े हुए है।
बर्फ से ढके पहाड़ और झरने पर्यटकों के लिए आकर्षण का केंद्र
सिस्सू में बर्फ से ढके पहाड़ और झरने पर्यटकों के लिए आकर्षण का केंद्र हैं। यहां अभी भी करीब 2 फुट मोटी बर्फ जमी हुई है। प्रतिबंध हटने के बाद रविवार से यहां पर्यटक स्नो ट्यूब राइड, जिपलाइन, एटीवी और स्नो स्कूटर राइड का आनंद लें सकेंगे।
कोकसर के लिए करना होगा थोड़ा इंतजार
हालांकि कोकसर क्षेत्र से भी देव प्रतिबंध हटा लिया गया है, लेकिन वहां पर्यटकों की आवाजाही अभी पूरी तरह सुचारू होने में कुछ दिन और लग सकते हैं। फिलहाल सिस्सू ही पर्यटकों की पहली पसंद बना रहेगा।
स्थानीय कारोबारियों में खुशी की लहर
सिस्सू पंचायत के पूर्व प्रधान एवं पर्यटन कारोबारी सुमन ठाकुर ने बताया कि प्रतिबंध हटने के बाद रविवार से पर्यटन गतिविधियां फिर से शुरू हो रही हैं, जिससे स्थानीय कारोबारियों के चेहरे खिल उठे हैं। उन्होंने कहा कि स्थानीय लोग पर्यटकों को बेहतरीन सुविधाएं देने के लिए पूरी तरह तैयार हैं, साथ ही उन्होंने पर्यटकों से अपील की है कि वे घाटी की सुंदरता और पवित्रता बनाए रखने के लिए सफाई व्यवस्था में सहयोग करें और कचरा इधर-उधर न फैंकें।

